यूपी में पूरी तैयारी : डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बोले- उपचुनाव में सभी सीटें जीतेगी भाजपा 

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बोले- उपचुनाव में सभी सीटें जीतेगी भाजपा 
UPT | उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक।

Oct 06, 2024 16:02

भारतीय जनता पार्टी ने यूपी की 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर कमर कस ली है। लोकसभा चुनाव में प्रदेश में करारी हार के बाद भाजपा सदस्यता अभियान के जरिए सूबे में अपनी जमीनी पकड़ को और मजबूत करने में लगी है।

Oct 06, 2024 16:02

Lucknow News : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने यूपी की 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर कमर कस ली है। लोकसभा चुनाव में प्रदेश में करारी हार के बाद भाजपा सदस्यता अभियान के जरिए सूबे में अपनी जमीनी पकड़ को और मजबूत करने में लगी है। भाजपा का लक्ष्य है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़कर उपचुनाव में बेहतर प्रदर्शन किया जाए। इसके लिए कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों के बारे में जागरूक कर रहे हैं। 

भाजपा ने बनाई चुनावी रणनीति
भाजपा ने हर स्तर पर चुनावी रणनीति बनाई है। जिसमें बूथ स्तर तक की तैयारियां शामिल हैं। सदस्यता अभियान के साथ जनसंपर्क अभियान भी तेज कर दिया गया है। ताकि पार्टी की पहुंच हर मतदाता तक हो सके और उपचुनाव में जीत सुनिश्चित की जा सके। वहीं सदस्यता अभियान और उपचुनाव को लेकर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का बड़ा बयान सामने आया है। 

उपचुनाव में सभी 10 सीटें जीतेगी भाजपा  
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को कहा कि भाजपा के आह्वान पर हम सभी कार्यकर्ता हर बूथ पर कैंप लगाकर और घर-घर जाकर सदस्यता अभियान को सफल बनाने में लगे हुए हैं। भाजपा पूरे देश में सदस्यता अभियान चला रही है। उन्होंने यूपी में दस विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर कहा कि पूरी तैयारी है। राज्य में होने वाले उपचुनाव में सभी 10 सीटें भाजपा ही जीतेगी।



दूसरा चरण का सदस्यता अभियान 15 अक्टूबर तक
भाजपा के सदस्यता अभियान का दूसरा चरण एक अक्टूबर से शुरू हो गया है। यह अभियान 15 अक्टूबर तक चलेगा। जिसे लेकर भाजपा नेताओं और तमाम कार्यकर्ताओं ने पूरी जान लगाना शुरू कर दिया है। यूपी में भाजपा का सदस्यता अभियान पूरे जोर-शोर के साथ चलाया जा रहा है। लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में सभी बड़े नेता और तमाम पदाधिकारी लगातार लोगों से संपर्क कर भाजपा की रीति व नीति समझा रहे हैं। इसके साथ ही वो लोगों को भाजपा का सदस्य बनने कि लिए प्रेरित कर रहे हैं। इसके लिए वार्ड और बूथ स्तर पर कार्यक्रम किए जा रहे हैं।

हरदोई ने लखनऊ को पीछे छोड़ा 
आंकड़ों के हिसाब से बात करें तो यूपी में बीजेपी के सदस्यता अभियान सबसे ज्यादा सदस्य बनाने के मामले में हरदोई सबसे आगे है। हरदोई में 249653 नए सदस्यों को भाजपा के साथ जोड़ा गया है। वहीं दूसरे नंबर पर लखनऊ है। जहां 247692 नए सदस्य बने और तीसरे नंबर पर उन्नाव है। जहां 200405 सदस्य बने हैं। वहीं सबसे कम सदस्य बनाने वाले जिलों की बात करें तो श्रावस्ती में 40863, रायबरेली में 95797 और बलरामपुर में 72054 नए सदस्य ही बन पाए हैं।

यूपी में इन दस सीटों पर उपचुनाव
राज्य में खाली हुई 10 सीटों में से पांच सीसामऊ, कटेहरी, करहल, मिल्कीपुर और कुंदरकी सपा के पास थीं। वहीं, फूलपुर, गाजियाबाद, मझवां और खैर भाजपा के पास थीं। मीरापुर सीट भाजपा के सहयोगी राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के पास थी। भाजपा विधायक डॉ. अतुल गर्ग ने गाजियाबाद लोकसभा सीट जीती है। मंझवा से निषाद पार्टी के विधायक डॉ. विनोद कुमार बिंद ने भाजपा के टिकट से भदोही लोकसभा सीट जीती है। मीरापुर के रालोद के विधायक चंदन चौहान बिजनौर से सांसद बन गए हैं। वहीं अयोध्या के मिल्कीपुर से सपा के विधायक अवधेश प्रसाद फैजाबाद सीट से सांसद बने हैं। 

इरफान सोलंकी की सदस्यता रद्द होने से खाली हुई सीसामऊ सीट
इसके अलावा करहल के विधायक और नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव कन्नौज से लोकसभा चुनाव जीते हैं। कटेहरी से सपा विधायक लालजी वर्मा ने अंबेडकर नगर से लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की है। कुंदरकी के विधायक जियाउर्रहमान बर्क ने संभल से लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज कर ली है। जबकि भाजपा विधायक प्रवीण पटेल ने फूलपुर लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की है। अलीगढ़ की खैर सीट से भाजपा विधायक और प्रदेश सरकार के मंत्री अनूप प्रधान वाल्मीकि ने हाथरस लोकसभा सीट से चुनाव जीता है। वहीं समाजवादी पार्टी के इरफान सोलंकी को आपराधिक मामले में सजा होने के बाद उनकी सदस्यता रद्द होने के कारण सीसामऊ सीट खाली हुई है। 

Also Read

यूपी में एप से गरीब परिवारों की होगी पहचान, डीबीटी से भुगतान की मॉनीटरिंग हो जाएगी आसान

6 Oct 2024 05:28 PM

लखनऊ जीरो पावर्टी अभियान : यूपी में एप से गरीब परिवारों की होगी पहचान, डीबीटी से भुगतान की मॉनीटरिंग हो जाएगी आसान

यूपी को एक साल में देश का पहला जीरो पावर्टी राज्य (गरीबी का स्तर शून्य) बनाने के लिए डिजिटल तकनीक की मदद ली जाएगी। और पढ़ें