लखनऊ बन गया उत्तर भारत का वेनिस : चारबाग स्टेशन के सामने सड़क पर दौड़ी नाव, वीडियो हो रहा वायरल, जानें क्या है मामला

चारबाग स्टेशन के सामने सड़क पर दौड़ी नाव, वीडियो हो रहा वायरल, जानें क्या है मामला
UPT | चारबाग स्टेशन के सामने रोड पर चली नाव

Jul 08, 2024 13:46

लखनऊ में रविवार को हुई भारी बारिश ने शहर की दैनिक जीवनचर्या को अस्त-व्यस्त कर दिया है। सोमवार की सुबह से आसमान में छाए बादलों और पूर्वी ठंडी हवाओं के कारण मौसम का मिजाज ठंडा हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह 7 बजे अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन भर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Jul 08, 2024 13:46

Lucknow News : राजधानी लखनऊ अपनी संस्कृति, शाही विरासत और मीठी ज़ुबान के लिए विख्यात है। नवाबों का शहर अपनी भव्य इमारतों, स्वादिष्ट व्यंजनों और सुंदर उद्यानों के लिए जाना जाता है। परंतु जब मानसून की बारिश अपने चरम पर होती है, तो शहर एक अलग ही रूप धारण कर लेता है -ऐसा रूप जो इटली के प्रसिद्ध शहर वेनिस की याद दिलाता है।

कभी अभिशाप तो कभी वरदान बनी बारिश
इस साल मानसून के मौसम में, लखनऊ जलमग्न शहर में बदल गया है। सड़कें नदियों में परिवर्तित हो गईं, गलियों ने नहरों का स्वरूप ले लिया और निचले इलाकों में पानी भर गया है। भले ही यह दृश्य एक ओर आकर्षक लगता है, लेकिन दूसरी ओर चिंताजनक भी है। शहर के निवासी इस अस्थायी जल-प्रपात को कभी अभिशाप तो कभी वरदान के रूप में देख रहे हैं।

जलमार्ग बन गई प्रमुख सड़कें
मूसलाधार बारिश ने शहर की प्रमुख सड़कों को जलमार्ग में तब्दील कर दिया है। हज़रतगंज, चौक, कल्याणपुर, जानकीपुरम, इंजीनियरिंग रोड, कपूरथला, अशोक मार्ग, इंदिरानगर और गोमती नगर जैसे व्यस्त इलाकों में जलभराव की स्थिति गंभीर है। अधिकांश नागरिक अपने घरों और दुकानों में ही रहने को मजबूर हैं। जो लोग अत्यावश्यक कार्यों के लिए बाहर निकले, उन्हें गहरे पानी से होकर गुजरना पड़ा।

नागरिकों ने अपनाए अनोखे उपाय
जल भराव का आलम यह है कि लोग इस स्थिति का सामना अनोखे तरीके से कर रहे हैं। चारबाग स्टेशन के सामने सड़क पर इतना पानी भर गया कि लोगों को आवागमन के लिए परेशान होना पड़ा। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक विडियो में चारबाग स्टेशन के बाहर नाव चलती दिखाई पड़ रही है, जिसने भी इस वीडियो को देखा उसके लिए यह दृश्य अभूतपूर्व था। हालांकि उत्तर प्रदेश टाइम्स इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। लेकिन बात अगर शहर में बारिश के कारण हो रहे जलभराव के बारे में की जाए को सवाल उठने लाजिमी हैं। पुराने लखनऊ से लेकर गोमती पार शहर की सड़कों और कुछ गलियों में कई जगह घुटनों तक पानी भर गया, जिसमें बच्चे खेल-खेल में तैरते हुए भी देखे गए।

कार्यालयों में उपस्थिति कम रही
बारिश का पानी भरने के कारण शहर की दैनिक गतिविधियां बाधित हो गई हैं। कई जगह स्कूल बंद करने पड़े और कार्यालयों में भी उपस्थिति कम रही। यातायात व्यवस्था पर भी असर रहा, लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। बताते चलें कि रविवार को लखनऊ में भारी बारिश के कारण विकास नगर पावर हाउस चौराहे के पास भूमिगत जल लाइन में लीकेज के कारण सड़क धंस गई, जिससे यातायात बाधित हो गया। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। सड़कों और नालों में पानी जमा होने से संक्रामक रोगों का खतरा भी बढ़ गया है। 

बिजली आपूर्ति बाधित रही
स्थानीय प्रशासन जलभराव की समस्या से निपटने के लिए प्रयासरत है, लेकिन लगातार हो रही बारिश ने उनके कार्य को चुनौतीपूर्ण बना दिया है। कई क्षेत्रों में बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित हुई है, जिससे नागरिकों की परेशानी और बढ़ गई है। बारिश से अलीगंज, निराला नगर, अमीनाबाद, चौक, राजाजीपुरम, आलमबाग, भोलाखेड़ा, कल्याणपुर, इंदिरानगर सहित कई इलाकों में बिजली की आवाजाही बनी रही। कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। 

अधिक बारिश की चेतावनी 
इस बीच, मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और अधिक बारिश की चेतावनी दी है। नगर निगम और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें लगातार काम कर रही हैं ताकि जल्द से जल्द स्थिति सामान्य हो सके। नागरिकों से अनावश्यक यात्रा न करने और सतर्क रहने की अपील की गई है।

लोगों को मिली गर्मी से राहत
हालांकि बारिश ने गर्मी से लोगों को राहत जरूर दी है और  शहर को एक अनोखा सौंदर्य प्रदान किया है। पानी में डूबी हुई सड़कें, उनमें प्रतिबिंबित होती इमारतें और धुंधले आकाश के नीचे फैला हुआ जल-विस्तार -यह सब मिलकर एक ऐसा दृश्य उत्पन्न करता है जो देखने वालों को मंत्रमुग्ध कर देता है। कई फोटोग्राफर और कलाकार इस अद्भुत दृश्य को अपने कैमरे और कैनवास पर कैद करने के लिए उत्सुक रहे। सोशल मीडिया में भी बारिश की फोटो और वीडियो को लोगों ने शेयर किया। हालांकि सोशल मीडिया में शेयर वीडियो की  Uttar Pradesh Times पुष्टि नहीं करता है।

Also Read

बोलीं- कार्रवाई करें केंद्र-राज्य सरकारें, संविधान की दिलाई याद

6 Oct 2024 10:48 AM

लखनऊ महंत यति नरसिंहानंद विवाद पर मायावती : बोलीं- कार्रवाई करें केंद्र-राज्य सरकारें, संविधान की दिलाई याद

मायावती ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफोर्म पर पोस्ट कर नरसिंहानंद के पैगंबर मोहम्मद साहब पर दिए गए विवादित बयान पर कार्रवाई की मांग की है। और पढ़ें