रिश्तों का कत्ल : 15 बीघा जमीन की लालच में जीजा ने ली साले की जान, ऐसे हुआ मामले का खुलासा

15 बीघा जमीन की लालच में जीजा ने ली साले की जान, ऐसे हुआ मामले का खुलासा
UPT | रजत की हत्या करने वाले आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

Oct 03, 2024 20:12

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक दिल दहला देने वाली हत्या की घटना का खुलासा हुआ है। जिसमें एक जीजा ने अपने इकलौते साले की 15 बीघा जमीन हड़पने के लिए उसकी हत्या के लिए दोस्त के साथ मिलकर साजिश...

Oct 03, 2024 20:12

Bijnor News : उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक दिल दहला देने वाली हत्या की घटना का खुलासा हुआ है। जिसमें एक जीजा ने अपने इकलौते साले की 15 बीघा जमीन हड़पने के लिए उसकी हत्या के लिए दोस्त के साथ मिलकर साजिश रच दी। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनमें जीजा और उसका दोस्त शामिल हैं।

यह है मामला
26 सितंबर को ग्राम पुरुषोत्तमपुर निवासी रजत अचानक गायब हो गया। उसके परिवार ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद 27 सितंबर को उसकी पत्नी ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। जांच के दौरान पुलिस को 28 सितंबर को नजीबाबाद के समीपुर नहर किनारे रजत का शव पड़ा मिला।रजत के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। पुलिस ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के माध्यम से मामले की जांच की गई। इस दौरान रजत के जीजा मोहित और उसके दोस्त जितेंद्र की हकीकत सामने आई।



पत्नी और साली के नाम जमीन करना चाहता था रजत
एसपी सिटी संजीव वाजपेई पूछताछ में मोहित ने यह स्वीकार किया कि रजत की 15 बीघा जमीन पर उसकी नजर थी। रजत उसे अपनी पत्नी और साली के नाम करना चाहता था, लेकिन जीजा इसके लिए राजी नहीं था, इससे दोनों के बीच तनाव बढ़ गया। इसके अलावा मोहित का दोस्त जितेंद्र रजत की छोटी बहन से चोरी-छिपे बात करता था। जिसका रजत विरोध करता था। इन वजहों से दोनों ने मिलकर रजत को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया  26 सितंबर को उन्होंने रजत को शराब पीने के बहाने बुलाया और नशे की हालत में लोहे की रोड और कड़े से हमला कर उसकी हत्या कर दी। फिर शव को नहर किनारे छिपा दिया और मोटरसाइकिल को भी वहीं छुपा दिया।

साजिश में चाचा का नाम भी शामिल
पुलिस ने इस मामले में मोहित और जितेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा रजत के चाचा नरेश का भी नाम सामने आया है, जिसने हत्या के लिए उकसाने में भूमिका निभाई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है और हत्या में इस्तेमाल किए गए उपकरणों को भी बरामद किया है। पुलिस की जांच में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की उम्मीद है। स्थानीय निवासी इस घटना को लेकर चिंतित हैं।

Also Read