ममता बनर्जी ने बंगाल में अकेले चुनाव लड़ने का एलान किया है। वहीं आम आदमी पार्टी भी पंजाब में अकेले चुनाव लड़ सकती है। उत्तर प्रदेश में भी विपक्षी पार्टियों के करीब आने के आसार कम ही नजर आ रहे हैं।
बिखरेगा 'इंडिया' गठबंधन! : बंगाल में अकेले चुनाव लड़ेंगी ममता, पंजाब में आप का अलग राग... यूपी में क्या होगा विपक्षी एकता का भविष्य?
Jan 24, 2024 17:16
Jan 24, 2024 17:16
- ममता बनर्जी ने दिया कांग्रेस को झटका
- पश्चिम बंगाल में अकेल चुनाव लड़ने का एलान
- आम आदमी पार्टी भी अकेले लड़ सकती है चुनाव
कांग्रेस को 2 सीटें देने को तैयार थी टीएमसी
ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली टीएमसी पश्चिम बंगाल में लोकसभा की 42 सीटों में से कांग्रेस को 2 सीटें देने पर ही तैयार हुई थी। ये वही 2 सीटें थीं, जिन्हें 2019 के लोकसभा चुनाव ने कांग्रेस ने जीता था। टीएमसी के इस रवैये पर दोनों पार्टियों के बीच जुबानी तीर भी चले थे। अधीर रंजन चौधरी ने कहा था कि 'कांग्रेस ने 2 सीट पहले भी जीती थी, अभी भी जीतेगी। हमें टीएमसी ने भीख नहीं चाहिए।'
पंजाब में भी AAP लड़ सकती है अलग चुनाव
ममता के झटके के बाद पंजाब में भी कुछ ऐसे ही आसार नजर आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, आम आदमी पार्टी पंजाब में भी अकेले चुनाव में उतरने का एलान कर सकती है। राज्य के शीर्ष नेताओं ने भी चुनाव से पहले कांग्रेस के साथ गठबंधन करने पर असहमति जताई है। सूत्रों के मुताबिक आम आदमी पार्टी लोकसभा चुनाव अकेले लड़कर इसे आने वाले शहरी और ग्रामीण स्तर के चुनावों में लिटमस टेस्ट के तौर पर आजमाना चाहती है।
डैमेज कंट्रोल करने में जुटी कांग्रेस
ममता बनर्जी के एलान के बाद अब कांग्रेस डैमेज कंट्रोल करने में जुटी है। कांग्रेस की तरफ से जयराम रमेश ने बयान जारी कर कहा है कि 'ममता बनर्जी के बिना इंडिया ब्लॉक की कल्पना ही नहीं की जा सकती है। रास्ते में कभी-कभी स्पीड ब्रेकर आते हैं, कभी हरी बत्ती आ जाती है। हमें उम्मीद है कि इंडिया ब्लॉक एकजुट होकर बंगाल में चुनाव लड़ेगा।'
उत्तर प्रदेश में 'इंडिया' का क्या भविष्य?
उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 80 सीटें हैं। इसमें से कांग्रेस 20 सीटें मांग रही है। लेकिन समाजवादी पार्टी 15 से ज्यादा सीटें कांग्रेस को देने के लिए तैयार नहीं है। सपा में 65 सीटों पर अपना दावा ठोक दिया है, जिसमें से पश्चिम की 7 सीटें रालोद को दे दी गई हैं। वहीं बसपा ने पहले ही अकेले चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है। जाहिर है कि फिलहाल उत्तर प्रदेश में तो इंडिया ब्लॉक के पनपने की संभावना नहीं दिखाई देती। लेकिन राजनीति में कब क्या हो जाए, इससे इंकार नहीं किया जा सकता है।
Also Read
5 Oct 2024 03:06 PM
हाल ही में उन्होंने एक इंटरव्यू में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बारे में एक चौंकाने वाला बयान दिया। उन्होंने कहा कि अखिलेश अब उनका फोन नहीं उठाते, जो कि उनके लिए चिंता का विषय है... और पढ़ें