महिलाओं से दोस्ती और शादी का वादा : फिर ठगी कर फरार हो जाता था शख्स, क्राइम ब्रांच ने दबोचा

फिर ठगी कर फरार हो जाता था शख्स, क्राइम ब्रांच ने दबोचा
UPT | दिल्ली क्राइम ब्रांच ने आरोपी को दबोचा

Sep 20, 2024 19:13

दिल्ली क्राइम ब्रांच ने एक व्यक्ति को महिलाओं के साथ दोस्ती कर धोखाधड़ी करने के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का नाम मुकीम खान है और वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले का रहने वाला है।

Sep 20, 2024 19:13

Short Highlights
  • महिलाओं से दोस्ती और शादी का वादा
  • फिर ठगी कर फरार हो जाता था शख्स
  • महिला जज को भी बनाया शिकार
Pratapgarh News : दिल्ली क्राइम ब्रांच ने एक व्यक्ति को महिलाओं के साथ दोस्ती कर धोखाधड़ी करने के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी का नाम मुकीम खान है और वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले का रहने वाला है। आरोप है कि मुकीम खान महिलाओं के साथ पहले सोशल मीडिया पर दोस्ती करता था। उनसे शादी का वादा कर वह सबसे पहले उनका विश्वास जीतता था, फिर उनके साथ ठगी कर फरार हो जाता था।

आरोपी गढ़ता था झूठी कहानी
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह शादी के लिए अविवाहित, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को निशाना बनाता था। उसने महिलाओं को झांसे में लेने के लिए एक झूठी कहानी बुन रखी थी। वह खुद को सरकारी अधिकारी बताता था और फिर अपने पत्नी के मरने की झूठी कहानी सुनाता था। आरोपी ने बताया कि वह महिलाओं से कहता था कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है और वह अपनी बेटी की देखभाल के लिए शादी करना चाहता है।



केवल 10वीं पास है आरोपी
रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी केवल 10वीं तक पढ़ा है और दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में रहता था। उसने फर्जी पहचान के आधार पर कई मैट्रोमोनियल साइट पर अकाउंट बना रखे थे, जहां वह महिलाओं को झांसे में लेकर अपना शिकार बनाता था। वह बातों में लपेटकर पहले महिलाओं का विश्वास जीतता था और फिर शादी के लिए हॉल बुक करने और शादी के बाकी खर्चों के नाम पर पैसों की डिमांड करता था। पैसे मिलते ही वह गायब हो जाता था।

महिला जज को भी बनाया शिकार
जानकारी के मुताबिक आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में कबूला है कि उसने अब तक करीब 50 महिलाओं को शिकार बनाया है। आरोपी की उम्र 38 साल है और वह केवल 10वीं पास है। बताया जा रहा है कि उसके द्वारा शिकार बनाई गई महिलाओं में उत्तर प्रदेश की एक महिला जज भी शामिल है। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने उसे धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार कर लिया है।

Also Read