महाकुंभ 2025 को लेकर दुनियाभर में उत्साह : विदेशी मेहमानों का आगमन शुरू, संगमनगरी के विकास पर जताई खुशी

विदेशी मेहमानों का आगमन शुरू, संगमनगरी के विकास पर जताई खुशी
UPT | प्रयागराज घूमने आया समूह

Oct 19, 2024 19:39

जनवरी-फरवरी में होने वाले महाकुंभ 2025 के आयोजन से पहले, यहां तक कि मलेशिया से भी बड़ी संख्या में लोग संगम पर आकर स्नान कर रहे हैं...

Oct 19, 2024 19:39

Short Highlights
  • संगमनगरी में तीर्थयात्रियों का आना शुरू
  • विकास कार्यों पर जताई खुशी 
  • यूपी के कायाकल्प के लिए सीएम को दिया श्रेय
Prayagraj News : उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी प्रयागराज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किए गए विकास कार्यों को जानने के लिए देश-विदेश से लोग पहुंच रहे हैं। जनवरी-फरवरी में होने वाले महाकुंभ 2025 के आयोजन से पहले, यहां तक कि मलेशिया से भी बड़ी संख्या में लोग संगम पर आकर स्नान कर रहे हैं। मलेशिया से आए एक समूह ने संगम पर स्नान के साथ-साथ प्रदेश में हो रहे सकारात्मक बदलावों की चर्चा की।

संगमनगरी घूमने पहुंचा समूह
इसी तरह, संगम तट पर दक्षिण भारत के लोगों का भी एक समूह देखा गया, जिसमें आईटी पेशेवर और चार्टर्ड अकाउंटेंट शामिल थे। ये सभी लोग प्रभु श्री राम की पावन नगरी अयोध्या के दर्शन करने के बाद महाकुंभ 2025 की तैयारियों का निरीक्षण करने गंगा किनारे पहुंचे और इसके बाद उनकी अगली मंजिल बाबा विश्वनाथ की नगरी है।



यूपी का विकास देख दंग हुए पर्यटक
देश और विदेश से आए पर्यटक उत्तर प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास कार्य देखकर दंग हो गए। अभी दशक भर पहले यहां की स्थितियां देखकर गए लोग जब वापस लौटे तो संगमनगरी की चौड़ी सड़कें और स्वच्छता देखकर अचंभित रह गए। उन्होंने कहा कि इतने बड़े राज्य में सख्त कानून व्यवस्था के ही कारण ही देश विदेश से यहां आने में लोगों को अब कोई संकोच नहीं होता है। 

यूपी को लेकर उत्साहित हैं विदेशी पर्यटक
महाकुंभ 2025 को लेकर देश के साथ साथ विदेश में भी लोगों में भारी उत्साह है। महाकुंभ की विधिवत शुरुआत से पहले ही लोग कुंभनगरी पहुंचने लगे हैं। मलेशिया के क्वालालंपुर से आई रानी नायर ने यहां लेटे हुए हनुमान (बड़े हनुमान) के दर्शन किए। उनके पति जीएन नायर क्वालालंपुर में ही सीए हैं। ये लोग संगम में स्नान के बाद आसपास के तीर्थ स्थलों को देखने निकले। नायर ने कहा कि हम लंबे समय से प्रयागराज के बारे में सुनते आ रहे थे। उन्होंने बताया कि अब विदेशों में रहने वाले उनके रिश्तेदार उत्तर प्रदेश को लेकर बहुत उत्साहित रहते हैं।

यूपी की कानून व्यवस्था से प्रभावित
केरल से आई रती देवी ने बताया कि वो यहां की कानून व्यवस्था से प्रभावित हैं। वहीं यूपी में तेजी से हो रहे विकास कार्य के साथ त्रिवेणी माता के दर्शन को निकले चेन्नई के गोपालकृष्णन काफी लंबे समय से प्रयागराज दर्शन का कार्यक्रम बना रहे थे। उनका कहना है कि प्रभु ने ऐसा संयोग बनाया कि हमारा पूरा परिवार एक साथ उत्तर प्रदेश घूमने चल पड़ा। सबसे पहले गोपालकृष्णन अपने परिवार को लेकर प्रभु श्री राम की पावन नगरी अयोध्या पहुंचे। वहां भगवान राम का दर्शन करने के बाद महाकुंभ 2025 का आनंद लेने यहां पहुंचे हैं। यहां की छटा देखकर वो बहुत उत्साहित हैं। 

मुंबई के दो इंजीनियर साथी भी पहुंचे
महाराष्ट्र में नवी मुंबई के निवासी दो इंजीनियर मित्रों हर्षित पटेल और राम नायक ने भी उत्तर प्रदेश में धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का प्लान बनाया। सबसे पहले पावन नगरी अयोध्या और इसके बाद प्रयागराज के संगम में दोनों साथियों ने मां गंगा को शीश नवाया और काशी के लिए निकल पड़े। उन्होंने बताया कि संगम के दर्शन कर वह खुद को धन्य महसूस कर रहे हैं। अगर अवसर मिला तो महाकुंभ के दौरान यहां जरूर आएंगे और विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ ही एक बार फिर संगम में डुबकी लगाएंगे।

ये भी पढ़ें- प्रयागराज महाकुंभ 2025 : ई-रिक्शा चालकों से नाविकों तक, सभी को मिलेगी खास ट्रेनिंग, पुलिस पूछेगी 'मे आई हेल्प यू'

Also Read