Agra News : प्रबुद्धजन सम्मेलन में सीएम योगी ने कहा- देश में विपक्ष को ढूंढे नहीं मिल रहे प्रत्याशी

प्रबुद्धजन सम्मेलन में सीएम योगी ने कहा- देश में विपक्ष को ढूंढे नहीं मिल रहे प्रत्याशी
UPT | प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करते सीएम योगी आदित्यनाथ।

Apr 03, 2024 17:05

देश की सर्वोच्च पंचायत में जनता जनार्दन के प्रतिनिधि को चुनने का महासमर आ गया है। देश का यह पहला चुनाव है, जिसमें पूरे देश को इस चुनाव परिणाम के बारे में पूरब, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण...

Apr 03, 2024 17:05

Agra News : देश की सर्वोच्च पंचायत में जनता जनार्दन के प्रतिनिधि को चुनने का महासमर आ गया है। देश का यह पहला चुनाव है, जिसमें पूरे देश को इस चुनाव परिणाम के बारे में पूरब, पश्चिम, उत्तर, दक्षिण कहीं कोई संदेह नहीं है। चहुंओर एक ही आवाज है, वह यह कि देश के बारे में, देश के सम्मान को बढ़ाने के लिए, देश की सुरक्षा के लिए, युवाओं के लिए, किसानों के लिए, महिलाओं के लिए, व्यापारियों के लिए, समाज के प्रत्येक तबके के लिए, जो कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 वर्षों में हुए हैं। उन कार्यों की कृतज्ञता ज्ञापन करने के लिए इन चुनावों में जनता जनार्दन उन्हें तीसरा कार्यकाल पूरा करने के लिए अपना मत देगी। उन्हें देश का प्रधानमंत्री बनाएगी। यह कहना था आगरा पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का। वह यहां पर सूसदन प्रेक्षागृह में आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। 

चारो दिशाओं में गूंज रही है एक ही आवाज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ में कहा कि आज पूरे देश में एक ही आवाज एक स्वर में गूंज रही है, क्या शहर हो, क्या गांव, क्या उत्तर हो, क्या दक्षिण, क्या पूरब, क्या पश्चिम। यह आवाज हर ओर गूंज रही है। आप जो आवाज आगरा में सुन रहे हैं, अब यह आवाज पूरे देश की आवाज़ बन चुकी है। उन्होंने कहा कि आज प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल कह रहे थे कि आगरा में राजनीतिक पार्टियों को प्रत्याशी नहीं मिल पा रहे हैं, यह स्थिति सिर्फ आगरा की नहीं है, बल्कि यह स्थिति पूरे प्रदेश की है, पूरे देश की है। 

देश का गौरव बढ़ा है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आपने बदलते भारत को देखा है। हमारी पीढ़ी इस मामले में सौभाग्यशाली है कि हम ना बदलते हुए भारत को देख रहे हैं, बल्कि विकसित भारत की संकल्पना को साकार होते हुए भी देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज हर भारतीय गर्व के साथ कहता है कि वह भारत का नागरिक है। विदेश में कोई भारतीय भ्रमण के लिए जाता है और बोलता है कि मैं भारतीय हूं तो सामने से आवाज आती है और कहते हैं कि मोदी का भारत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 140 करोड़ भारतीयों का गौरव बढ़ा है। 

500 साल बाद अयोध्या में हुआ राम मंदिर का निर्माण
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोई सोच सकता था कि अयोध्या में 500 साल के बाद कभी प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर का निर्माण हो सकता है। यहां हमने सरकार करके दिखाया है। यह कभी सपना हुआ करता था और आज साकार हुआ दिखाई दे रहा है। यही नया भारत है जो संकल्प ही नहीं देता है, संकल्पना ही नहीं करता है, बल्कि उसी संकल्पना और संकल्प को जमीनी धरातल पर प्रतिबद्धता के साथ उतारने का काम करता है। 

10 करोड़ लोगों को गैस कनेक्शन
सीएम योगी ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि जब पूरी दुनिया कोरोना काल में घुटने टेक चुकी थी, सबने मान लिया था कि अब दुनिया खत्म होने को है। लोकतंत्र मूल्यों की रक्षा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सामने आए और डटकर खड़े हुए। उन्होंने देश के लोगों की रक्षा ही नहीं की, बल्कि दुनिया को भी बचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कोरोना कल खत्म होने के बाद भी आज 80 करोड़ लोगों को निशुल्क को खाद्यान्न वितरण किया जा रहा है। यही मोदी की गारंटी है। 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से उबर चुके हैं, यह भी नए भारत में होता है। उन्होंने कहा कि 60 करोड़ लोग स्वास्थ्य बीमा का निशुल्क लाभ ले रहे हैं, यह भी नए भारत में हो रहा है। चार करोड़ लोगों को सिर ढंकने के लिए छत मिली है, यह सपना भी साकार हुआ है। यही नहीं, 10 करोड़ गरीबों के यहां हमने रसोई गैस का सिलेंडर जलते हुए देखा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ढाई करोड़ लोगों घरों में पहली बार बिजली ही उपलब्ध नहीं हुई है, बल्कि बिजली का निशुल्क कनेक्शन लेते हुए यह सपना भी हमने साकार होते हुए हमने देखा है। 

आगरा से जीतना तय, लेकिन ऐतिहासिक हो
मुख्यमंत्री ने कहा के देश और प्रदेश में सुरक्षा भी और समृद्धि भी, जीविका भी, आस्था भी, जहां उपद्रव नहीं, उत्सव का माहौल हो। यही मोदी की गारंटी है। भारत इस उत्सव के माहौल के साथ पूरे देश को स्वीकार कर सके, इसलिए हम आए हैं। उत्तर प्रदेश देश की आबादी का सबसे बड़ा राज्य है। 25 करोड़ की आबादी में 80 लोकसभा सीटों पर प्रतिनिधित्व करते हैं। यह 80 मनकों की माला, जब हम उत्तर प्रदेश से पीएम मोदी को पहनाएंगे, उसी का आह्वान करने के लिए आज आगरा आया हूं, हमारा आगरा लोकसभा सीट से जीतना तो तय है, लेकिन जीत ऐसी हो जो ऐतिहासिक हो। उन्होंने कहा कि आज प्रबुद्धजन सम्मेलन के माध्यम से आपके पास आए हैं। प्रबुद्धजन में चिकित्सक, व्यापारी, शिक्षक हर वर्ग के लोग नेतृत्व करते हैं। यह समाज का नेतृत्व करने वाला वर्ग देश और समाज के प्रति दायित्वों का निर्वहन करना जानता है। इन्हीं दायित्वों को निभाते हुए आप सभी भाजपा के प्रत्याशियों को अपना आशीर्वाद दें। जिससे भाजपा अपने योगी दलों के साथ समाज को बेहतर बनाने की संकल्पना को साकार कर सके। 

हवाई मार्ग से जुड़ा आगरा
योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर हमलावर होते हुए कहा कि आज दो वर्गों में विभाजित हो चुका है, जिसमें एक है, जो परिवारवाद को बढ़ावा देने की बात करता है। "फैमिली फर्स्ट, वहीं दूसरा है नेशन फर्स्ट।" तुष्टिकरण बनाम राष्ट्रवाद की भावना, जो भारत की आस्था को सम्मान भी देती है। भारत के हर नागरिक को सम्मान भी देती है और सुरक्षा भी प्रदान करती है। यह चुनाव परिवारवाद बनाम सबका साथ सबके विकास के बीच में है। भ्रष्टाचार बनाम जीरो टॉलरेंस के बीच में है। यह चुनाव नए भारत और विकसित भारत को स्थापित करने के सपनों को साकार करने के रूप में जाता हुआ दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में जो नरेंद्र मोदी ने कर के दिखाया, वही आज जनता के सामने हैं, यही मोदी की गारंटी है। उन्होंने कहा कि कोई सोच सकता था कि आगरा में कभी मेट्रो चलेगी, यह सपना साकार करके दिखाया है। उन्होंने कहा कि देश और दुनिया में जितनी भी मेट्रो हैं, उन सभी में अगर मेट्रो ने सबसे तेजी से काम करने का रिकॉर्ड कायम किया है तो वह आगरा है। आगरा में मेट्रो का संचालन भी शुरू हो गया है। आगरा में कोई सोच सकता था कि सिविल एयरपोर्ट बनेगा। पूर्ववर्ती सरकारों ने कभी इस और ध्यान नहीं दिया, क्योंकि सब सोचते थे कि आगरा में एयर कनेक्टिविटी नहीं हो सकती है, क्योंकि यहां पर ताज महल के चलते सुप्रीम कोर्ट की तमाम बंदिशें हैं। सुप्रीम कोर्ट तक लड़ा गया और आज यहां पर एयर कनेक्टिविटी शुरू हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कभी सोचा था कि आगरा को कभी गंगाजल की आपूर्ति हो पाएगी यह एक सपना था, यह भी साकार करके दिखाया है। 

संसद में आगरा का डंका बजेगा 
अब यह जिम्मेदारी प्रबुद्धजनों की है कि वह समाज का प्रतिदिन करने के नाते यहां पर मतदान प्रतिशत बढ़वाएं। आप सभी एसपी सिंह बघेल हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। आपको एसपी सिंह बघेल बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बनाकर घर-घर पहुंचना है और लोगों से वोट डालने की अपील करनी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ब्रजभूमि में गर्मी अधिक रहती है, इसलिए गर्मी को ध्यान में रखते हुए लोगों को मतदान केंद्र तक पहुंचना है। उन्होंने कहा कि बूथ और पन्ना प्रमुखों की बैठकें हो चुकीं हैं। जिस तरह नरेंद्र मोदी ने देश से आतंकवाद को खत्म कर कश्मीर में अनुच्छेद 370 को हटाने का काम किया है। इस तरह आपको पिछली बार की तुलना में 370 से अधिक मतदाताओं को बूथ पर पहुंचाने का काम करना है। उन्होंने कहा कि अगर पिछले लोकसभा चुनाव की अपेक्षा 370 अधिक मतदाता मतदान करते हैं तो आगरा ऐतिहासिक रिकॉर्ड जीत के साथ लोकसभा के सदन में पहुंचेगा और देश की संसद में आगरा का डंका बजता हुआ दिखाई देगा। 

Also Read

गैंगस्टर की 6 करोड़ की संपत्ति जब्त, मथुरा से जयपुर तक कार्रवाई से हड़कंप...

27 Jul 2024 09:22 AM

मथुरा Mathura News : गैंगस्टर की 6 करोड़ की संपत्ति जब्त, मथुरा से जयपुर तक कार्रवाई से हड़कंप...

उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ सरकार ने सख़्त रुख अख्तियार किया है। इसी क्रम में गोवर्धन थाना क्षेत्र के देवसेरस गांव में साइबर ठगी करने वाले गैंगस्टर के दो अपराधियों की 6 करोड़ रुपये की संपत्ति... और पढ़ें