कथावाचक अनिरुद्धाचार्य के खिलाफ शिकायत : ब्रजवासी बोले- यह भागवताचार्य हैं या फिर मॉडल

 ब्रजवासी बोले- यह भागवताचार्य हैं या फिर मॉडल
UPT | कथावाचक अनिरुद्धाचार्य

Oct 13, 2024 14:32

मथुरा-वृंदावन के प्रमुख भागवताचार्य अनिरुद्धाचार्य के खिलाफ वृंदावन कोतवाली में तहरीर दी गई है। यह तहरीर किसान गरीब मजदूर समिति के प्रदेश अध्यक्ष ताराचंद गोस्वामी ने दी है...

Oct 13, 2024 14:32

Mathura News : मथुरा-वृंदावन के प्रमुख भागवताचार्य अनिरुद्धाचार्य के खिलाफ वृंदावन कोतवाली में तहरीर दी गई है। यह तहरीर किसान गरीब मजदूर समिति के प्रदेश अध्यक्ष ताराचंद गोस्वामी ने दी है। उन्होंने  आरोप लगाया है कि अनिरुद्धाचार्य बॉलीवुड में भाग लेकर सनातन धर्म को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं अखिल भारत हिंदू महासभा की छाया गौतम ने भी विरोध जताया है। 

वृंदावन में प्रवेश से रोका जाय
इस तहरीर में गोस्वामी ने कहा कि अनिरुद्धाचार्य की बिग बॉस में एंट्री से यह सिद्ध होता है कि वे धर्म को एक शो में तब्दील कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह समझ में नहीं आता कि यह भागवताचार्य हैं या फिर मॉडल। ऐसे लोगों को बॉलीवुड में नहीं जाना चाहिए। अगर वे मनोरंजन की दुनिया में हैं तो उन्हें वहां ही रहना चाहिए वृंदावन में नहीं। उन्होंने कहा कि आचार्य अनिरुद्धाचार्य को वृंदावन में प्रवेश करने से रोका जाना चाहिए, क्योंकि उनका Bollywood में जाना संतों और धार्मिक नेताओं की गरिमा को नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने उल्लेख किया कि सलमान खान जैसे सितारों ने अनिरुद्धाचार्य का जो अपमान किया, वह अस्वीकार्य है और बृजवासियों को इस पर ध्यान देना चाहिए।\



यह बोले अनिरुद्धाचार्य
वहीं अनिरुद्धाचार्य से इस मामले पर बात करते हुए कहा कि बिग बॉस में जाने का मकसद वहां के लोगों को सनातन धर्म की सच्चाई समझाना था। उन्होंने कहा कि मैंने वहां जाकर गीता दी और उनसे कहा कि यह सीरियल गलत है। मेरा धर्म है कि मैं जाकर उन्हें समझाऊं कि वे जो कर रहे हैं वह ठीक नहीं है। अनिरुद्धाचार्य ने बताया कि वह अपने ज्ञान और अनुभव के आधार पर उन लोगों को सही मार्गदर्शन देने का प्रयास कर रहे थे जो अक्सर धर्म को गलत तरीके से प्रस्तुत करते हैं। जैसे हनुमान जी ने लंका जाकर रावण को समझाने का प्रयास किया था, वैसे ही मेरा भी धर्म था कि मैं उन्हें समझाऊं।

अनुरुद्धाचार्य का पुतला फूंकेंगी छाया गौतम
अखिल भारत हिंदू महासभा की छाया गौतम ने अनिरुद्धाचार्य पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्होंने सलमान खान को जो गीता दी है, वह उसे कहां रखेंगे। बिग बॉस के घर में ? यह सस्ती लोकप्रियता के लिए किया गया है। छाया ने कहा कि अगर अनिरुद्धाचार्य वृंदावन में आएंगे तो वह उनका पुतला फूंकेंगी।

सभी पहलुओं की जांच करेगी पुलिस
वृंदावन कोतवाली के SHO रवि कुमार त्यागी ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हमें तहरीर प्राप्त हुई है और हम इसकी जांच कर रहे हैं। पुलिस मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं की जांच करेगी। इस घटनाक्रम को लेकर स्थानीय समुदाय की प्रतिक्रियाएं भी आनी शुरू हो गई हैं। इस विवाद ने मथुरा में धार्मिक और सामाजिक चर्चाओं को फिर से जन्म दिया है। 

Also Read