लोकसभा चुनाव 2024 : जाम से जूझ रहा आगरा शहर, दूसरे जिले में गई ट्रैफिक पुलिस...

UPT | चुनावी मौसम में जाम से जूझ रहा आगरा शहर।

Apr 18, 2024 18:24

आम चुनाव 2024 के पहले चरण के मतदान के लिए अवाम तैयार है। 19 अप्रैल को देश की 102 संसदीय सीट पर मतदान होना है। पहले चरण के मतदान के लिए आगरा के पुलिसकर्मियों और होमगार्ड की ड्यूटी...

Agra News : आम चुनाव 2024 के पहले चरण के मतदान के लिए अवाम तैयार है। 19 अप्रैल को देश की 102 संसदीय सीट पर मतदान होना है। पहले चरण के मतदान के लिए आगरा के पुलिसकर्मियों और होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई है। यातायात व्यवस्था में लगे 500 होमगार्ड और 150 सिपाही, उप निरीक्षक को पहले चरण के मतदान के लिए जिले से बाहर भेजा गया है। इससे एमजी रोड से लेकर अंदरूनी चौराहे खाली हो गए हैं। नामांकन और विशेष ड्यूटी में भी पहले से ही कर्मचारी लगे हुए हैं। आगरा ट्रैफिक पुलिस के करीब 700 जवानों की ड्यूटी पहले चरण के मतदान के लिए जनपद से बाहर लगाई गई है। जिसके चलते शहर में सात दिनों तक लोगों को जाम जूझना पड़ेगा। 

एक हफ्ते तक रहेगी मुसीबत
एमजी रोड पर सोमवार, मंगलवार और गुरुवार को नामांकन करने आए प्रत्याशियों के समर्थकों की भीड़ की वजह से भी जाम लगा रहा है। जीआईसी पर प्रत्याशी की सभा से भी मुश्किल बढ़ी थी। इसी दिन 500 से अधिक होमगार्ड चुनाव ड्यूटी करने के लिए अलग-अलग जिलों में गए। ऐसे में यातायात पुलिस के पास कोई होमगार्ड नहीं बचा है। यातायात व्यवस्था संभालने में होमगार्ड अहम जिम्मेदरी निभाते हैं। इनके साथ सिपाही और उप निरीक्षक भी ड्यूटी करते हैं। इनकी संख्या 150 के करीब है। इनके जाने से यातायात पुलिस के पास चौराहों और तिराहों पर ड्यूटी देने के लिए कर्मचारी नहीं बचे हैं।

सामाजिक संगठनों की ले रहे मदद
एसीपी सैयद अरीब अहमद ने बताया कि पहले चरण के मतदान के लिए यातायात पुलिस के होमगार्ड और कर्मचारी जिले से बाहर गए हैं। दूसरे और तीसरे चरण के मतदान में वापस आ जाएंगे। कर्मचारियों की कमी की वजह से सात दिन तक समस्या रहेगी। एमजी रोड पर कर्मचारियों की संख्या कम की गई है। एसीपी यातायात ने बताया कि फोर्स की कमी की वजह से यातायात संबंधी किसी तरह की समस्या न हो, उसको दूर करने के लिए जनता का सहयोग लिया जा रहा है। सामाजिक संगठन और निजी तौर पर कोई भी व्यक्ति उनसे संपर्क कर सकते हैं। यातायात व्यवस्था में सहयोग लिया जाएगा। वालंटियर बनने वाले को यातायात पुलिस की ओर से आई कार्ड मिलेगा। उन्हें यातायात संचालन की जानकारी के बाद चौराहे और तिराहे पर सामान्य ड्यूटी में पुलिसकर्मियों के साथ लगाया जाएगा।

20 चौराहों-तिराहों पर बदलेगी व्यवस्था
एसीपी यातायात सैयद अरीब अहमद ने बताया कि शहर के 20 चौराहे और तिराहों पर यातायात का संचालन की व्यवस्था में बदलाव होगा। यह ऐसे चौराहे हैं, जहां पर ट्रैफिक लाइट की आवश्यकता नहीं है। इसके बावजूद रेड और ग्रीन लाइट लगी हुई हैं। मगर, कोई वाहन रेड लाइट पर रुकता नहीं है। इनमें एमजी रोड के कट नालबंद, राजामंडी भी शामिल हैं। इन कट को बंद कर दिया गया था। वाहन क्रॉस नहीं कर सकते हैं। सिर्फ सीधे निकल सकते हैं। इन पर जल्द ही लाइटों को हटा दिया जाएगा। सिर्फ सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। एक-एक होमगार्ड की ड्यूटी लगाई जाएगी। बहरहाल, पहले चरण के मतदान को लेकर आगरा जनपद से गए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की कमी के चलते शहर को जाम से जूझना पड़ रहा है। 

Also Read