Agra News : ताज नगरी को मिली चौथी वंदे भारत की सौगात, सात घंटे में नापेगी बनारस की दूरी...

UPT | आगरा को मिली चौथी वंदे भारत की सौगात।

Sep 05, 2024 11:34

वैश्विक पर्यटन नगरी आगरा को लेकर रेल मंत्रालय लगातार सजग एवं सतर्क है। देसी-विदेशी पर्यटकों के साथ-साथ अब बाबा भोलेनाथ की भक्तों को लेकर भी रेलवे ने बड़ा कदम उठाते हुए आगरा से बनारस के लिए वंदे भारत की...

Agra News : वैश्विक पर्यटन नगरी आगरा को लेकर रेल मंत्रालय लगातार सजग एवं सतर्क है। देसी-विदेशी पर्यटकों के साथ-साथ अब बाबा भोलेनाथ की भक्तों को लेकर भी रेलवे ने बड़ा कदम उठाते हुए आगरा से बनारस के लिए वंदे भारत की सौगात दी है। आगरा को मिल रही यह चौथी वंदे भारत ट्रेन बृज भूमि और काशी की दूरी को कम करने का काम करेगी। रेलवे बोर्ड ने अभी आगरा से बनारस के लिए चलने वाली वंदे भारत ट्रेन के संचालन की तारीख तय नहीं की है। जल्द ही इसके तारीख की भी ऐलान की संभावना है  

दो सितंबर को भी मिली थी वंदे भारत
बताते चलें कि 2 सितंबर को रेल मंत्रालय ने आगरा को तीसरी वंदे भारत की सौगात दी थी। रेलवे ने आगरा कैंट और उदयपुर सिटी को जोड़ने के लिए 2 सितंबर से वंदे भारत ट्रेन का संचालन शुरू किया है। उदयपुर सिटी और आगरा कैंट को जोड़ने वाली वंदे भारत के बाद अब आगरा को चौथी वंदे भारत की सौगात मिलने जा रही है। जिसका संचालन आगरा रेल डिवीजन द्वारा किया जाएगा। 

ये होगी टाइमिंग
रेल मंत्रालय ने बनारस में काशी विश्वनाथ के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सौगात दी है। आगरा से बनारस को जाने वाली वंदे भारत करीब 7 घंटे में वाराणसी पहुंचेगी। यह सप्ताह में शुक्रवार को छोड़कर छह दिन चलने वाली वंदे भारत आगरा कैंट स्टेशन से सुबह 6 बजे चलकर 6:48 बजे टूंडला, 7:40 बजे इटावा, 9:15 बजे कानपुर, 11:25 पर प्रयागराज और दोपहर 1 बजे बनारस स्टेशन पहुंचेगी। इसी तरह वापसी के दौरान वाराणसी से चलने वाली वंदे भारत दोपहर 3:20 बजे चलकर 4:50 बजे प्रयागराज, 6:57 बजे कानपुर सेंट्रल, 8:17 बजे इटावा, 9:32 पर टूंडला जंक्शन और 10:20 बजे आगरा कैंट स्टेशन पहुंचेगी। 

क्या कहती हैं पीआरओ
पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि आगरा मंडल को मिलने वाली यह चौथी वंदे भारत होगी। इसके संचालन की तिथि की घोषणा भी जल्द की जाएगी। इससे आगरा से वाराणसी के बीच सफर करने वाले यात्रियों को बड़ा फायदा होगा। प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि आगरा कैंट और बनारस के बीच वंदे भारत के संचालन शुरू करने के लिए रेलवे बोर्ड से प्रस्ताव आया है। इस दिन का संचालन कौन करेगा, मेंटेनेंस का कार्य आगरा रेल डिवीजन या वाराणसी को मिलेगा। क्रू मेंबर्स कहां के होंगे, इन सभी मुद्दों को लेकर अभी मंथन चल रहा है। उन्होंने बताया कि अभी कहा नहीं जा सकता कि इसके संचालन की जिम्मेदारी आगरा को मिलेगी या फिर वाराणसी को। 

Also Read