Loksabha Election 2024 : बसपा ने AIMIM के पूर्व जिलाध्यक्ष को बनाया अलीगढ़ से प्रत्याशी, विवादित बयान से... 

UPT | बसपा प्रत्याशी गुफरान नूर

Mar 28, 2024 17:07

बहुजन समाज पार्टी ने अलीगढ़ लोकसभा सीट पर प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी है। अलीगढ़ लोकसभा सीट से बसपा ने गुफरान नूर को प्रत्याशी बनाया है। गुफरान नूर AIMIM के जिलाध्यक्ष...

Short Highlights
  • ज्यादा बच्चे पैदा करने के बयान पर हो चुकी है किरकिरी
  • आंदोलन करना बहुजन समाज पार्टी का लक्ष्य नहीं है 
Aligarh News : बहुजन समाज पार्टी ने अलीगढ़ लोकसभा सीट पर प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर दी है। अलीगढ़ लोकसभा सीट से बसपा ने गुफरान नूर को प्रत्याशी बनाया है। गुफरान नूर AIMIM के जिलाध्यक्ष और महापौर पद के लिए चुनाव लड़ चुके हैं। वहीं, अलीगढ़ सीट से मुस्लिम प्रत्याशी उतारने पर BSP पर सवाल उठ रहे हैं। भाजपा ने तीसरी बार सतीश गौतम को लोकसभा चुनाव में उतारा है। वहीं, समाजवादी पार्टी ने पूर्व सांसद चौधरी बिजेंद्र सिंह को प्रत्याशी बनाया है।

भाजपा का हो रहा है विरोध
क्राउन रेजीडेंसी में गुरुवार को बसपा की प्रेसवार्ता में राष्ट्रीय महासचिव पूर्व सांसद बाबू मुनकाद अली ने अलीगढ़ प्रत्याशी की घोषणा की। इस दौरान आगरा, अलीगढ़, कानपुर मंडल प्रभारी सूरज सिंह भी मौजूद रहे। लोकसभा चुनाव के मुद्दों पर बात करते हुए बसपा प्रत्याशी गुफरान नूर ने बताया कि विकास कागजों में पैदा हुआ और कागजों में ही खत्म हो गया। मोहल्ले, गली-कूचों, गांव में हर जगह भाजपा का विरोध है। उन्होंने कहा कि इंसानियत से बड़ा मुद्दा हिन्दुस्तान के अंदर नहीं है। कुछ पार्टी और संगठनों ने ऐसे हालात पैदा कर दिए हैं कि गरीबों, मजलूमों के साथ जुल्म हो रहा है। 

ज्यादा बच्चे पैदा करने के बयान पर हो चुकी है किरकिरी
AIMIM में जिलाध्यक्ष रहते हुए मुसलमानों को अधिक से अधिक बच्चे पैदा करने के विवादास्पद बयान को लेकर किरकिरी हो चुकी है। इस मुद्दे पर उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि किसी ने सोशल मीडिया पर इसे डाल दिया था। हम इस्लाम की बात कर रहे हैं। इसमें क्या प्रॉब्लम है। उन्होंने मीडिया से कहा कि यह सवाल उनसे पूछें, जो भाजपा के बड़े-बड़े कद्दावर नेता ज्यादा बच्चे पैदा करने की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि बहन जी ने मुझ पर भरोसा किया है। मैं बड़ी पार्टी का एक छोटा सा कार्यकर्ता हूं। बहन जी ने आशीर्वाद दिया है।

आंदोलन करना बसपा का लक्ष्य नहीं 
पूर्व सांसद बाबू मुनकाद अली ने कहा कि चार बार उत्तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी की सरकार बनी और जिस तरीके से चली, उससे सर्वसमाज खुश रहा। उन्होंने कहा कि चुनाव के मुद्दे बताने की जरूरत नहीं है। आज भी लोग बहुजन समाज पार्टी की सरकार को याद करते हैं और बेहतर मानते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव जनता के बीच में रहकर, उनकी सेवा कर जीता जाता है। चुनाव हवा में नहीं जीता जाता। उन्होंने कहा कि आंदोलन करना बहुजन समाज पार्टी का लक्ष्य नहीं है। गरीब पर जब जुल्म होता है, सबसे पहले बहन मायावती आवाज उठाती हैं। हमारे कार्यकर्ता वहां पहुंचते हैं। आंदोलन करने से कोई हल नहीं मिलता है। अधिकारियों से मिलकर संपर्क करते हैं। जो भी पीड़ित होता है, उनकी बात उठाते हैं।

Also Read