बाहुबली सोनू सिंह से मिलने पहुंचे रामभुआल निषाद : नवनिर्वाचित सांसद ने चुनाव में मदद के लिए जताया आभार, जानिए पूरी कहानी

UPT | सपा में शामिल हो गए थे सोून सिंह

Jun 18, 2024 18:36

सुल्तानपुर से नवनिर्वाचित समाजवादी पार्टी के सांसद रामभुआल निषाद ने रविवार को जिला जेल पहुंचकर पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंह उर्फ सोनू सिंह से मुलाकात की।

Short Highlights
  • सोनू सिंह से मिलने पहुंचे रामभुआल निषाद
  • पूर्व विधायक है बाहुबली सोनू सिंह
  • रामभुआल ने मेनका गांधी को चुनाव में हराया
Sultanpur News : उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से नवनिर्वाचित समाजवादी पार्टी के सांसद रामभुआल निषाद ने रविवार को जिला जेल पहुंचकर पूर्व विधायक चंद्रभद्र सिंह उर्फ सोनू सिंह से मुलाकात की। यह मुलाकात लोकसभा चुनाव में सोनू सिंह की मदद के लिए आभार व्यक्त करने के लिए थी। सोनू सिंह, जो एक बाहुबली नेता के रूप में जाने जाते हैं, वर्तमान में एक मुकदमे में सजा काट रहे हैं। एमपी-एमएलए कोर्ट ने उन्हें पिछले महीने डेढ़ साल की जेल की सजा सुनाई थी।

जानिए क्या है पूरा मामला
लोकसभा चुनाव से कुछ दिन पहले, सोनू सिंह ने समाजवादी पार्टी का साथ देने का फैसला किया था और सपा उम्मीदवार रामभुआल निषाद के चुनाव प्रचार में उनकी मदद की थी। इस समर्थन के बदले, निषाद ने जेल जाकर सोनू सिंह से मुलाकात की और उनका आभार व्यक्त किया। निषाद के साथ करीब आधा दर्जन गाड़ियों और 25-30 लोगों का एक काफिला भी था। जेल में मुलाकात के बाद, सांसद ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और किसी भी सवाल का जवाब देने से इनकार कर दिया। आपको बता दें कि सोनू सिंह पीड़ित की दीवार को जबरन गिराने और घर में घुसकर मारपीट करने से संबंधित मामले में सजा काट रहे हैं।


कौन है बाहुबली सोनू सिंह?
सोनू सिंह की राजनीतिक पारी काफी उतार-चढ़ाव भरी रही है। उन्होंने साल 2002 में सपा से अपना राजनीतिक सफर शुरू किया था। लेकिन 2009 में उन्होंने सपा छोड़कर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का दामन थाम लिया। तीन साल बाद, जब बसपा ने उन्हें टिकट नहीं दिया, तो वे पीस पार्टी में शामिल हो गए और उसी के प्रतीक चिन्ह पर चुनाव लड़े। 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले, सोनू सिंह और उनके भाई मोनू सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया और वरुण गांधी के खेमे में शामिल हो गए। उन्होंने 2019 तक भाजपा का ही साथ दिया। हालांकि, इसी दौरान सोनू सिंह एक बार फिर बसपा में शामिल हो गए और मायावती ने उन्हें लोकसभा का उम्मीदवार बना दिया। 2019 के लोकसभा चुनाव में, सोनू सिंह ने भाजपा की मेनका गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ा और लगभग 4.5 लाख वोट हासिल किए। वह मेनका गांधी से महज 14 हजार वोटों से हारे थे।

सुल्तानपुर से हार गई थीं मेनका
मेनका गांधी 2024 के चुनाव में भी सुल्तानपुर से चुनावी मैदान में थीं, लेकिन इस बार वह अपनी सीट नहीं बचा पाई हैं। समाजवादी पार्टी के रामभुआल निषाद ने यहां जीत दर्ज कर ली। रामभुआल निषाद ने मेनका को 43174 वोटों से चुनाव हरा दिया। इस चुनाव में मेनका को 401156 वोट हासिल हुए थे, वहीं रामभुआल को 444330 वोट मिले।

Also Read