जानलेवा हमला : सिरफिरे ने बसपा नेता के परिवार पर फरसे से किया वार, मासूम समेत चार घायल

UPT | पेड़ से बंधा हुआ आरोपी और हमले में घायल हुआ बच्चा

Oct 21, 2024 13:29

बदायूं के बिसौली थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सिरफिरे ने बसपा नेता भगवान सिंह और उनके परिवार पर फरसे से हमला कर दिया...

Badaun News : बदायूं के बिसौली थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक सिरफिरे ने बसपा नेता भगवान सिंह और उनके परिवार पर फरसे से हमला कर दिया। इसमें एक बच्चे समेत चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

चार लोग हुए गंभीर घायल
सोमवार सुबह भगवान सिंह, उनकी पत्नी आशा, बेटा विकास, और नाती शिवांश घर में चाय पी रहे थे। अचानक पड़ोसी लल्लू सिंह फरसा लेकर उनके घर आ गया और उन पर हमला कर दिया। हमले में भगवान सिंह की पत्नी के हाथ और नाती शिवांश के सिर पर गंभीर चोटें आईं हैं। जब भगवान सिंह ने हमलावर को रोकने की कोशिश की, तो उन पर भी हमला किया गया, जिससे उनके हाथ में चोट लग गई। उनका बेटा विकास भी इस हमले में बुरी तरह घायल हुआ है।



घटना के दो घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस
हमले के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और हमलावर लल्लू सिंह को पकड़कर उसके हाथ-पैर बांधकर पेड़ से बांध दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस दो घंटे बाद मौके पर पहुंची। इस बीच घायल परिवार थाने पहुंचा जहां से उन्हें उपचार के लिए बिसौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक हमले का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

Also Read