कोतवाली से गायब हुई मैगजीन सहित पिस्टल : 10 कारतूस भी मिसिंग, दरोगा समेत दो पर केस दर्ज

UPT | सांकेतिक तस्वीर

Aug 30, 2024 19:14

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के सहसवान कोतवाली से एक पिस्टल, मैगजीन, और दस कारतूस गायब हो गए हैं। यह पिस्टल उपनिरीक्षक अमित चौधरी को अलॉट की गई थी।

Short Highlights
  • कोतवाली से गायब हुई मैगजीन सहित पिस्टल
  • दस कारतूस भी नहीं मिली
  • सरकारी संपत्ति के गबन का आरोप
Budaun News : उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के सहसवान कोतवाली से एक पिस्टल, मैगजीन, और दस कारतूस गायब हो गए हैं। यह पिस्टल उपनिरीक्षक अमित चौधरी को अलॉट की गई थी। शुक्रवार को पुलिस सूत्रों ने बताया कि सहसवान कोतवाली के हेड मुहर्रिर गीतम सिंह ने जनवरी 2024 में सेवानिवृत्त होने के बाद चार्ज दूसरे हेड मुहर्रिर को सौंपा। इसके बाद पिस्टल और कारतूस के गायब होने की जानकारी सामने आई। इस मामले की जांच सहसवान सर्कल के पुलिस क्षेत्राधिकारी द्वारा की गई, और उपनिरीक्षक अमित चौधरी को नोटिस भेजे गए।

सरकारी संपत्ति के गबन का आरोप
जांच के दौरान उपनिरीक्षक और हेड मुहर्रिर से पूछताछ की गई, लेकिन दोनों पिस्टल और कारतूस जमा किए जाने का कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच के बाद, सहसवान इंस्पेक्टर सौरभ सिंह ने सरकारी संपत्ति के गबन के आरोप में उपनिरीक्षक और हेड मुहर्रिर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। यह मामला गंभीरता से लिया गया है और मामले की जांच चल रही है।

जमा करने संबंधी कोई प्रमाण नहीं
सहसवान इंस्पेक्टर सौरभ सिंह के अनुसार, वर्ष 2019 में उपनिरीक्षक अमित चौधरी को सरकारी कार्य के लिए पिस्टल नंबर-18203257, मैगजीन और दस कारतूस दिए गए थे। जब उपनिरीक्षक का ट्रांसफर जनपद गौतमबुद्धनगर हुआ, तो उन्होंने 26 जनवरी 2020 को एनओसी जमा कर दी, लेकिन पिस्टल और कारतूस जमा करने संबंधी कोई प्रमाण पत्र नहीं दिया। यह पिस्टल और कारतूस पूर्व हेड मुहर्रिर गीतम सिंह द्वारा उपनिरीक्षक को दी गई थी।

चार्ज बदलने के बाद खुली पोल
उपनिरीक्षक के ट्रांसफर के बाद हेड मुहर्रिर ने इस मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को नहीं दी और न ही थाना में कोई अभियोग पंजीकृत कराया गया। इस कारण मामला दबा रहा। लेकिन जनवरी 2024 में जब हेड मुहर्रिर गीतम सिंह सेवानिवृत्त हुए और उन्होंने अपना चार्ज सुधीर सिंह को दिया, तब पिस्टल और कारतूस का मामला सामने आया। इसके बाद गीतम सिंह द्वारा उपनिरीक्षक को नोटिस भेजी गई और उच्च अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई।

दोषियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पिस्टल और कारतूस गायब होने की जांच की गई और उपनिरीक्षक तथा तत्कालीन हेड मुहर्रिर दोषी पाए गए। मुकदमा पंजीकृत किया गया है और मामले की विवेचना जारी है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस मामले की सूचना गौतमबुद्धनगर एसएसपी को भी भेज दी गई है।

Also Read