पीलीभीत से टिकट कटने के बाद भी सन्नाटा : वरुण गांधी की चुप्पी भाजपा के किसी बड़े दांव का संकेत तो नहीं?

UPT | भाजपा ने जितिन प्रसाद को पीलीभीत से बनाया उम्मीदवार

Mar 26, 2024 14:54

लंबे समय से कयास लग रहे थे कि भाजपा पीलीभीत से वरुण गांधी का टिकट काट सकती है। हुआ भी ऐसा ही। पार्टी ने यूपी सरकार में मंत्री जितिन प्रसाद को पीलीभीत से उम्मीदवार बनाया है।

Short Highlights
  • पीलीभीत से कटा वरुण का टिकट
  • अब तक नहीं आई कोई प्रतिक्रिया
  • वरुण को कांग्रेस से खुला ऑफर
Pilibhit News : भारतीय जनता पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए अपनी पांचवीं सूची रविवार को जारी कर दी। इस सूची के सामने आने के बाद से ही कई कयास सही साबित हुए, तो कई पर विराम भी लग गया। गाजियाबाद से रि. जनरल वीके सिंह का टिकट कटा, तो वहीं भाजपा ने मेरठ से राजेंद्र अग्रवाल का टिकट काटकर अरुण गोविल का प्रत्याशी बनाया है। लेकिन पार्टी ने इस बार सबसे बड़ा दांव वरुण गांधी को लेकर चला है। इस एक दांव ने राजनैतिक रणनीतिकारों के बीच एक ऐसी सनसनी पैदा कर दी है, जिससे सारे गुणा-भाग फेल नजर आ रहे हैं।

वरुण गांधी के खिलाफ भाजपा की गुगली?
लंबे समय से कयास लग रहे थे कि भाजपा पीलीभीत से वरुण गांधी का टिकट काट सकती है। वरुण पार्टी के खिलाफ लगातार बयानबाजी भी कर रहे थे। ऐसे में ये लगभग तय माना जा रहा था कि भाजपा वरुण की जगह किसी और को उम्मीदार बनाएगी। हुआ भी ऐसा ही। पार्टी ने यूपी सरकार में मंत्री जितिन प्रसाद को पीलीभीत से उम्मीदवार बनाया है। लोग कह रहे हैं कि भाजपा ने पांचवी सूची में मेनका को टिकट देकर और वरुण गांधी को बेटिकट कर एक संदेश देने की कोशिश की है कि अगर वरुण पार्टी के जाकर निर्दलीय या विपक्षी पार्टी से चुनाव लड़ने की कोशिश की, तो मेनका का टिकट छीना जा सकता है। लेकिन राजनैतिक विश्लेषक इस दावे से संतुष्ट नहीं दिखते।

अब तक चुप क्यों हैं वरुण गांधी?
भाजपा ने दो दिन पहले यानि 24 मार्च को पीलीभीत समेत दूसरी सीटों पर उम्मीदवार घोषित किया था। 27 मार्च को पहले चरण के चुनाव के लिए नामांकन का अंतिम दिन है, जिसमें पीलीभीत की सीट भी शामिल हैं। लेकिन टिकट कटने के बाद से अब तक वरुण गांधी की तरफ से इसे लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। ये चुप्पी अपने आप में कई सवाल खड़े करती है। सूत्र दावा कर रहे हैं कि भाजपा इस बार एक बड़े दांव की तैयारी में है। कहा जा रहा है कि पार्टी रायबरेली की सीट से वरुण को चुनावी मैदान में उतार सकती है।

रायबरेली में प्रियंका के उतरने की संभावना
सोनिया गांधी के राज्यसभा जाने के बाद इस सीट पर भाजपा और कांग्रेस के बीच जबरदस्त द्वन्द्व देखने को मिलेगा। रायबरेली की सीट से इस बार प्रियंका के पहला चुनाव लड़ने के कयास लग रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक भाजपा ने वरुण गांधी को रायबरेली की सीट से लड़ने का ऑफर दिया है। लेकिन वरुण का कहना है कि वह अगर प्रियंका रायबरेली से लड़ेंगी, तो वह उनके खिलाफ मैदान में नहीं उतरेंगे। ऐसे में यह तय है कि अगर प्रियंका अमेठी का रुख करती हैं, तो वरुण को भाजपा रायबरेली से टिकट दे सकती है। जाहिर है कि भाजपा की कोशिश है कि अमेठी के बाद अब कांग्रेस से रायबरेली का गढ़ भी छीन लिया जाए।

भाजपा के पास रणनीति के लिए ज्यादा वक्त
अमेठी और रायबरेली की लोकसभा सीट पर पांचवें चरण में चुनाव होने हैं। इसके लिए नामांकन पत्र भरने की शुरुआत 26 अप्रैल से होगी, जो 3 मई तक चलेगी। इसका मतलब साफ है कि भाजपा के पास अभी अमेठी और रायबरेली की सीट पर रणनीति तैयार करने के लिए अच्छा-खासा वक्त है। उधर कांग्रेस ने अब तक उत्तर प्रदेश से केवल 9 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं। इसमें अमेठी और रायबरेली जैसी प्राइम सीटें शामिल नहीं है। ऐसे में कांग्रेस पर इन सीटों पर उम्मीदवार घोषित करने का दबाव है, जो भाजपा के लिए एक अच्छा अवसर साबित हो सकता है।

वरुण को कांग्रेस से भी ऑफर
पीलीभीत से वरुण का टिकट कटने के बाद विपक्ष उनकी आपदा को अपने अवसर में बदलने की जुगत में लग गया है। कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने वरुण गांधी को कांग्रेस में लौट आने का खुला ऑफर दे दिया है। इसके पहले दावा किया जा रहा था कि वरुण को इसके पहले समाजवादी पार्टी की तरफ से भी चुनाव लड़ने का ऑफर आया था।

Also Read