बस्ती में मुख्य सचिव : बोले-बढ़नी मिश्र गांव से हैं हमारे पूर्वज, पुरखों की धरती पर आकर धन्य हो गया 

UPT | मुख्य सचिव ने स्टालों का निरीक्षण किया।

Feb 11, 2024 20:48

मुख्य सचिव ने अपने पूर्वजों को याद करते हुए बताया कि यहां से निकलकर उन्होंने वर्तमान के मऊ जनपद में पहाड़ीपुर गांव को बसाया। इतने वर्षों के बाद उन्हें अपने पूर्वजों के घर आकर काफी सुकून मिल रहा है। 

Basti News (संतोष कुमार तिवारी) : उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र के पूर्वज बस्ती जिले के बढ़नी मिश्र गांव के हैं। रविवार को जब मुख्य सचिव बढ़नी मिश्र गांव पहुंचे तो लगा ही नहीं की सूबे का सबसे बड़ा प्रशासनिक अधिकारी इतना सहज हो सकता है। उन्होंने अपने पूर्वजों को याद करते हुए बताया कि बढ़नी मिश्र से निकलकर उनके पूर्वजों ने वर्तमान के मऊ जनपद में पहाड़ीपुर गांव को बसाया। इतने वर्षों के बाद उन्हें अपने पूर्वजों के घर आकर काफी सुकून मिल रहा है।

2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने को हर नागरिक करे अपने दायित्वों का निर्वहन
मुख्य सचिव ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने दायित्वों का निर्वाह करना होगा। कप्तानगंज ब्लॉक के बढ़नी मिश्र गांव में लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह विजन है कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। उन्होंने गांव के मंदिर में दर्शन करने के बाद लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया, पंच प्रण की प्रतिज्ञा दिलाई तथा अच्छे कार्यों के लिए ग्राम प्रधान राजबली को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। उन्होंने कहा कि हमें अपने समृद्ध विरासत से प्रेरणा लेकर भारत को विश्व गुरु बनाना है। बढ़नी मिश्र गांव इक्ष्वाकु वंश के गुरु महर्षि वशिष्ठ के आश्रम का गांव है, जहां उन्होंने प्रभु राम तथा उनके तीनों भाइयों को शिक्षा प्रदान किया। 

पर्यटक स्थल बनेगा बढ़नी मिश्र, 1.39 करोड़ से होंगे विकास कार्य
मुख्य सचिव ने कहा कि लगभग 1000 वर्ष पूर्व भारत प्रत्येक क्षेत्र में पूर्ण विकसित था और पूरे विश्व की 25 प्रतिशत इकोनामी भारत में थी। आध्यात्मिक और वैज्ञानिक रूप से भी भारत बहुत विकसित था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह विजन है कि हमें पुनः भारत को इस रूप में स्थापित करने के लिए प्रत्येक नागरिक को प्रयास करना होगा। हम अपने आप को अपने समृद्ध विरासत से जोड़कर देखें। बढ़नी मिश्र में गांव में स्थानीय लोगों ने प्रयास करके वशिष्ठ मुनि का मंदिर तैयार किया है। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भी इसको पर्यटक क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए 1.39 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे ताकि अयोध्या आने वाले लोग यहां भी आकर समृद्ध विरासत को देख सके।

राम के आदर्शों का हम सभी करें अनुसरण
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रभु राम ने बाल्यावस्था, युवावस्था, भाई एवं पुत्र के रूप में एवं वनवासी राम के रूप में समाज को जोड़ने का आदर्श रूप प्रस्तुत किया है। हमें उसका अनुश्रण करना होगा। विकसित भारत प्रधानमंत्री की विराट सोच का परिणाम है। पिछले 10 वर्षों में व्यवस्था तंत्र तथा सोच में परिवर्तन आया है। इसी के निमित्त उन्होंने भारत संकल्प यात्रा शुरू किया, जो 16 दिसंबर को इस गांव में भी आई थी। उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी के दौर में प्रधानमंत्री के प्रयासों से हम लोगों को समुचित इलाज दे पाए तथा 200 करोड़ निःशुल्क टीके लगवाए गए।

बेरोजगारी दर 2.5 प्रतिशत से कम हो गई है
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में भी भारत विकसित संकल्प का सपना साकार हो रहा है। यहां पर 47 प्राइवेट विश्वविद्यालय खोलने की अनुमति दी गई है, जहां 12 विश्वविद्यालय शुरू हो गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का विजन है कि वर्तमान में 24 लाख करोड़ रुपये की अर्थव्यवस्था को अगले 4 वर्षों में 80 लाख करोड़ की अर्थव्यवस्था तैयार की जाए। प्रदेश में स्किल डेवलपमेंट के लिए भी योजनाएं संचालित की गई है, जिसके कारण बेरोजगारी दर 2.5 प्रतिशत से कम हो गई है। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किया, मनरेगा मत्स्य तालाब जाकर वृक्षारोपण किया तथा स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र तथा स्वास्थ्य उपकेंद्र का निरीक्षण किया।

लाभार्थियों को मुख्य सचिव ने बांटा चेक
मुख्य सचिव ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम योजनान्तर्गत बृज नरायन सिंह एवं दीपिका दुबे को 10-10 लाख रुपये, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजनान्तर्गत अनूप कुमार तिवारी को 25 लाख रुपये, ओडीओपी वित्तपोषण सहायता योजनान्तर्गत लक्ष्मण शर्मा को 10 लाख तथा स्वयं सहायता समूह ऋण योजनान्तर्गत भारत बुटिक स्वयं सहायता समूह 2 लाख रुपये का डेमो चेक प्रदान किया।

स्मार्टफोन वितरण योजना के अंतर्गत लवकुश, सीलम को स्मार्टफोन, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत अर्चना एवं विनीता को टेलरिंग के लिए सिलाई मशीन तथा एक जनपद एक उत्पाद योजना के अंतर्गत मो. इरशाद एवं मंगल सिंह को फर्नीचर किट, आयुष्मान योजनान्तर्गत मीना एवं गब्बूराम को आयुष्मान कार्ड, किसान सम्मान निधि योजनान्तर्गत विनोद कुमार मिश्रा एवं किसान क्रेेडिट कार्ड योजनान्तर्गत बड़े नरायन को केसीसी, कृष्णनन्द चौधरी को 29 लाख रुपये का ऋण तथा जल जीवन मिशन योजनान्तर्गत मीरा देवी एवं सुमन यादव को लाभान्वित किया गया। 

निःशुल्क उत्तर प्रदेश संदेश का लोगों में वितरण किया
मुख्य सचिव ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, उद्यान, कृषि, बेसिक शिक्षा, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, मतदाता जागरूकता (स्वीप), जल जीवन मिशन-हर घर जल, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र, बैंकिंग एवं समाजिक सुरक्षा योजना अंतगर्त लगाए गए स्टॉल का उन्होंने निरीक्षण किया। गांव में भारत संकल्प यात्रा, कृषि, जल जीवन मिशन तथा सूचना विभाग द्वारा एलईडी के माध्यम से योजनाओं का प्रचार प्रसार किया गया। सूचना विभाग द्वारा निःशुल्क उत्तर प्रदेश संदेश का लोगों में वितरण किया गया।

जिलाधिकारी अंद्रा वामसी ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी अंद्रा वामसी ने सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर मंडलायुक्त अखिलेश सिंह, आईजी आरके भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक गोपाल कृष्णा चौधरी, सीडीओ जयदेव सीएस, सीएमओ डॉ. आरएस दुबे, उपनिदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम, पीडी राजेश झा, उपायुक्त मनरेगा संजय शर्मा तथा विभागीय अधिकारी गण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला कृषि अधिकारी डॉ. राज मंगल चौधरी तथा शिक्षिका मानवी सिंह ने किया। इस अवसर पर ग्रामवासी तथा जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

मखौड़ा धाम में राम अवतरण कॉरिडोर प्रोजेक्ट की देखी रिपोर्ट
मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने मखौड़ा धाम पहुंचकर मंदिर में दर्शन व आरती की। राम अवतरण कॉरिडोर प्रोजेक्ट का रिपोर्ट देखा। मखौड़ा धाम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट शाहिद अहमद ने मंदिर के विकास के संबंध में पूरी जानकारी दी। बताया कि यहां पर जन सुविधा विकसित की गई है। आने वाले समय में विश्रामालय तथा पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। मखौड़ा धाम की चारों दिशाओं में श्रीराम, भरत, लक्ष्मण एवं शत्रुघ्न के नाम पर चार द्वार बनाएंगे। मखौड़ा धाम 84 कोसी परिक्रमा का प्रारंभिक स्थल है। अयोध्या में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यहां भी पर्यटकों का आना बढ़ गया है। विधायक अजय सिंह, मण्डलायुक्त अखिलेश सिंह, जिलाधिकारी अन्द्रा वामसी, पुलिस अधीक्षक गोपाल कृष्ण चौधरी, सीडीओ जयदेव सीएस, ब्लॉक प्रमुख केके सिंह, मंदिर के महंत सूरज दास तथा विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

 

Also Read