संतकबीर नगर से बड़ी खबर : सुभासपा की महिला नेता की दिनदहाड़े हुई हत्या, घर में घुस कर चाकू से किए कई वार, गांव में तनाव

फ़ाइल फोटो | नंदिनी राजभर

Mar 10, 2024 23:05

महिला नेता नंदिनी राजभर की हत्या के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। जिसके बाद जमकर लोगों ने हंगामा किया। पुलिस के मौके पर मौजूद होने के बाद भी लोग शांत होने का नाम नहीं ले रहे।

SantKabir Nagar News : उत्तर प्रदेश के संतकबीर नगर जिले में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी यानी सुभासपा के महिला सभा की प्रदेश महासचिव नंदिनी राजभर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। जिले के खलीलाबाद थाना क्षेत्र के डीघा गांव में रविवार को अज्ञात लोगों ने सुभासपा पार्टी की महिला नेता और महिला सभा की प्रदेश महासचिव नंदिनी राजभर की घर में घुसकर चाकू से गोद-गोदकर हत्या कर दी गई। 

हत्या के बाद लोगों में गुस्सा 
महिला नेता नंदिनी राजभर की हत्या के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। जिसके बाद जमकर लोगों ने हंगामा किया। पुलिस के मौके पर मौजूद होने के बाद भी लोग शांत होने का नाम नहीं ले रहे। गांव के लोग शव पुलिस को देने को तैयार नहीं हैं।

ठोस कारणों का नहीं चल सका है पता 
हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि स्थानीय लोगों के मुताबिक यह घटना जमीनी विवाद के कारण हो सकता है। नंदिनी राजभर अपने ससुराल पक्ष की तरफ से एक जमीनी विवाद में मुकदमे की अगुवाई कर रही थी। जिससे परेशान होकर दबंगों ने महिला नेता की हत्या कर दी।

क्या है पूरा मामला
डीघा मोहल्ले में रहने वाले अच्छेलाल राजभर की पत्नी नंदिनी राजभर (30 वर्ष) सुभासपा की महिला सभा की प्रदेश महासचिव थीं। रविवार को नंदिनी भाजपा कार्यालय पर हुई बैठक में शामिल होने के बाद शाम करीब 4 बजे अपने घर आई थीं। अच्छेलाल शहर में काम करने गए थे, जबकि 7 साल का इकलौता बेटा भी खेलने गया था। शाम करीब साढ़े 5 बजे मोहल्ले की कोई महिला उनके घर किसी काम से गई। दरवाजा खुला होने के चलते महिला उनके कमरे में पहुंची तो फर्श पर नंदिनी की खून से लथपथ लाश पड़ी थी।

महिला के शोर मचाने पर मोहल्ले के तमाम लोग मौके पर पहुंचे। इसी बीच लोगों ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दे दी। उच्चाधिकारियों को घटना की सूचना देने के बाद कोतवाली प्रभारी बृजेन्द्र पटेल घटनास्थल पर पहुंचे। बाद में फोरेंसिक टीम और भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक शशि शेखर सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया। अपर पुलिस अधीक्षक शशि शेखर सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस मौके पर मौजूद है। दिनदहाड़े हत्या से गांव में तनाव का माहौल है।

चेहरे पर चाकू से किए गए थे कई वार
लोगों ने बताया कि नंदिनी राजभर इलाके की अच्छी नेता थी। वह अपने रिश्ते के ससुर को इंसाफ दिलाने के लिए लड़ाई लड़ रही थीं। उसी मामले को लेकर उनको धमकी मिल रही थी। रविवार शाम को नंदिनी की घर में घुसकर चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। उनका शव घर के कमरे पड़ा था। चेहरे पर चाकू से कई वार किए गए थे।

बताया जा रहा है कि नंदिनी राजभर ससुर वाले मामले में मुकदमे में अगुआई कर रही थी। एक सप्ताह पहले रिश्ते के ससुर का रेलवे ट्रैक पर शव मिला था। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि हत्या किसने की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस से हुई झड़प
हत्या के बाद गुस्साए लोगों के साथ पुलिस की झड़प भी हो गई है। लोगों ने पुलिस पर पथराव भी कर दिया है। ग्रामीण मानने को तैयार नहीं है। वह लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। ग्रामीण तत्काल हत्यारों की गिरफ्तारी और उनके घर पर बुलडोजर की मांग को लेकर अड़े हैं। डीएम महेंद्र सिंह तंवर, एसपी सत्यजीत गुप्ता और सुभासपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी ग्रामीणों को मनाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन ग्रामीण मानने को तैयार नहीं है।

पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप
सुभासपा राष्ट्रीय सचिव विनोद राजभर ने बताया कि नंदिनी राजभर की हत्या कर दी गई है। 29 फरवरी को एक हत्या हुई थी। उसको आत्महत्या का रूप दे दिया गया। वह नंदिनी के रिश्ते में ससुर लगते थे। उन्हीं के परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए लड़ाई लड़ रही थी, लेकिन उनकी भी हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। सरकार तो कानून व्यवस्था को सुधारने का काम कर रही है, लेकिन पुलिस उस तरीके से काम नहीं कर रही है। 

कई दिनों से मिल रही थी धमकी
पड़ोसी महिला ने बताया कि नंदिनी दोपहर 12 बजे तक मेरे साथ थी। प्रधान जी भी साथ में थे। बार-बार उसके मोबाइल पर फोन आ रहा था। फिर वह अकेले ही निकल गईं। हम लोग मना कर रहे थे कि हम भी साथ में चलेंगे, लेकिन वह अकेले ही चली गईं। नंदिनी को काफी दिनों से धमकी मिल रही थी। घर पर आई, तो उसकी हत्या कर दी गई है। धमकी देने कौन थे उनके बारे में पता नहीं चला है।

क्या कहा एसपी ने
एसपी सत्यजीत गुप्ता ने कहा कि हत्यारों को फांसी की सजा दिलाएंगे। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में उच्चस्तरीय जांच करवाई जाएगी।

Also Read