कानपुर में उप मुख्यमंत्री : बृजेश पाठक बोले-सपा और कांग्रेस का गठबंधन एक तरह का नए डिब्बे में पुराना माल है

UPT | उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक।

Feb 26, 2024 22:07

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और सपा ने पहले भी गठबंधन किया था तभी कहा गया था कि दो लड़के मुंह की खाएंगे। उत्तर प्रदेश में इनकी दाल गलने वाली नहीं है।

Kanpur News : यूपी के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सोमवार को सपा और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। उप मख्यमंत्री सोमवार को तीन दिवसीय मानसिक दिव्यांग नेशनल पॉवरलिफ्टिंग चैंपियनशिप का उद्घाटन करने कानपुर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए सपा और कांग्रेस के गठबंधन को लेकर कहा कि ऐसे गठबंधन का कोई भी मतलब नहीं है, यह गठबंधन एक तरह का नए डिब्बे में पुराना माल है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यूपी में यह गठबंधन बिल्कुल फ्लॉप साबित होने वाला है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और सपा ने पहले भी गठबंधन किया था तभी कहा गया था कि दो लड़के मुंह की खाएंगे। उत्तर प्रदेश में इनकी दाल गलने वाली नहीं है। जनता ने इन्हें पूरी तरह से नकार दिया है। समाजवादी पार्टी की गुंडई, अराजकता के कारण लोगों ने उनसे नफरत करना शुरू कर दिया है। आज प्रदेश में समाजवादी पार्टी 2014 से लेकर अब तक कई बार बुरी तरह से चुनाव में परास्त हो चुकी है।

बृजेश पाठक में कहा कि इस लोकसभा के चुनाव में सपा का पूरा सुपड़ा साफ होने वाला है। भाजपा यूपी में 80 सीटों में जीत दर्ज करेगी और तीसरी बार भाजपा की सरकार प्रचंड बहुमत के साथ बनेगी। सपा पूरी तरह से अब समाप्त होने की कगार पर है। उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आप कब तक परिवार को लेकर आगे बढ़ सकते हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी लगातार कह रहे हैं कि लोकतंत्र में परिवारिक दल धीरे-धीरे समाप्त होगा। भाजपा एक दल है, जिसमें मंडल अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक कोई भी सामान्य कार्यकर्ता बन      सकता है। 

Also Read