Lucknow News : पसमांदा के बाद भाजपा इस अभियान के जरिए 4100 मुस्लिम बहुल गांव को पार्टी से जोड़ेगी

UPT | मुसलमनों को पार्टी से जोड़ेगी भाजपा

Feb 06, 2024 14:56

पिछले विधानसभा चुनाव में पसमांदा फार्मूला के तहत सपा को डेंट पहुंचाने की कोशिश के बाद अब भाजपा नया अभियान लेकर आई...

Lucknow News : लोकसभा चुनाव 2024 में भारतीय जनता पार्टी सपा के कोर वोटर माने जाने वाले मुसलमानों को अपनी ओर लाने की कवायद में जुट गई है। पिछले विधानसभा चुनाव में पसमांदा फार्मूला के तहत सपा को डेंट पहुंचाने की कोशिश के बाद अब भाजपा नया अभियान लेकर आई। आगामी 10 फरवरी से भाजपा पश्चिमी उत्तरप्रदेश की मुस्लिम बेल्ट में कौमी चौपाल लगाकर मुसलमानों के बीच अपनी जमीन तैयार करेगी।

प्रयोग के जरिए सपा को कमजोर करने की कोशिश 
उत्तरप्रदेश की मुख्य विपक्षी पार्टी समाजवादी पार्टी जहां एक तरफ PDA फार्मूला पर मेहनत कर रही है वहीं भाजपा उसके मूल वोटर में ही सेंध लगाने की कोशिश में है। 2022 में पसमांदा फार्मूला के साथ मुसलमानों में अपनी पैठ बनाने की भाजपा ने भरपूर कोशिश की। हालांकि विधानसभा चुनाव में मुसलमानों ने सपा को बंपर वोट किया। भाजपा अब लोकसभा चुनाव से पहले एक और प्रयोग के जरिए सपा को कमजोर करने की फिराक में है। 

चौपाल के लिए 23 लोकसभा क्षेत्रों का चयन
कौमी चौपाल के लिए 23 लोकसभा क्षेत्रों का चयन किया गया है। इसमें मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, कैराना, बागपत, बुलंदशहर, बिजनौर, रामपुर, बरेली, अमरोहा, आगरा और अलीगढ़ शामिल है। इस अभियान की शुरुआत 10 फरवरी को मुजफ्फरनगर जिले के कसरेवा गांव से होगी।

Also Read