बुलडोजर पर अखिलेश यादव की बौखलाहट-घबराहट स्वाभाविक : राजेश्वर​ सिंह बोले- मिट्टी में मिल रहा आपराधिक साम्राज्य

UPT | Rajeshwar Singh

Sep 04, 2024 19:54

विधायक राजेश्वर सिंह ने बुधवार को कहा कि बुलडोजर का मुंह गोरखपुर की तरफ होगा, अखिलेश यादव की इस धमकी से कोई डरने वाला नहीं है, पूरे उत्तर प्रदेश में अपराध और अपराधियों का सफाया सुनिश्चित है।

Lucknow News : यूपी की सियासत कई दिनों से बुलडोजर के ईद गिर्द घूम रही है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव बुलडोजर एक्शन पर सवाल उठाते हुए इसे सरकार के खिलाफ बड़ा मुद्दा बनाने में जुटे हैं, वहीं सत्तापक्ष की ओर से भी इसे लेकर विपक्ष पर पलटवार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव के बीच इस सियासी जंग में भाजपा के विधायक राजेश्वर सिंह भी कूद गए हैं। उन्होंने सपा नेताओं पर बुलडोजर एक्शन को लेकर अखिलेश यादव पर कटाक्ष किया है।

बुलडोजर की गड़गड़ाहट से माफिया समर्थकों की नींद उड़ी
विधायक राजेश्वर सिंह ने बुधवार को कहा कि बुलडोजर का मुंह गोरखपुर की तरफ होगा, अखिलेश यादव की इस धमकी से कोई डरने वाला नहीं है, पूरे उत्तर प्रदेश में अपराध और अपराधियों का सफाया सुनिश्चित है। माफिया राज का अंत और कानून का शासन स्थापित हो रहा है। उन्होंने कहा कि बुलडोजर की गड़गड़ाहट से माफिया समर्थकों और अपराधियों के संरक्षकों की नींद उड़ रही है। आखिरकार, इनके संरक्षण में पनपा आपराधिक साम्राज्य मिट्टी में मिल रहा है। राजेश्वर सिंह ने कहा कि बुलडोजर कार्रवाई के लिए जनता का समर्थन निर्विवाद है, जनता के लिए बुलडोजर आस और विश्वास का प्रतीक है।

बुलडोजर एक्शन पर नाराजगी प्राकृतिक
राजेश्वर सिंह ने कहा कि बुलडोजर को लेकर अखिलेश यादव की बौखलाहट, घबराहट स्वाभाविक है। काली कमाई करने वाले, काले धंधों में लिप्त अपराधियों, माफियाओं, समाजवादी पार्टी के पोषक तत्वों के विरुद्ध 'बुलडोजर एक्शन' पर ये नाराजगी प्राकृतिक है।
  • 108 मुकदमा धारी रुतबेदार समाजवादी 'भूमाफिया' आजम खान के अवैध रिजार्ट पर बुलडोजर गरजा तो 20 बीघा कीमती सरकारी जमीन मुक्त हुई तो उनकी नाराजगी स्वाभाविक है।
  • कभी सत्ता की हनक से बनाई गई सपा प्रमुख के करीबी 101 मुकदमाधारी अतीक अहमद और 65 मुकदमाधारी मुख्तार अंसारी की 1050 करोड़ से ज्यादा की सम्पत्ति ध्वस्त हुई है, तो ये नाराजगी स्वाभाविक है।
  • इसी तरह एक और सपा संरक्षित बाहुबली, 83 मुकदमा धारी पूर्व विधायक विजय मिश्रा की 113 करोड़ की संपत्ति कुर्क होने उसके अवैध शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पर बुलडोजर चलने से सपा प्रमुख की नाराजगी स्वाभाविक है।
  • अपराधी माफिया ध्रुव सिंह कुंटू का मकान बुलडोजर ने ध्वस्त किया, अयोध्या गैंगरेप के मुख्य आरोपी सपा नेता मोईद खान की 40 दुकानों, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स पर बुलडोजर चला, उनकी नाराजगी स्वाभाविक है।
  • कन्नौज में मासूम बेटी से दरिंदगी करने वाले पूर्व ब्लॉक प्रमुख, सपा नेता नवाब सिंह यादव के कोल्ड स्टोरेज पर बुलडोजर गरजने से सपा प्रमुख की नाराजगी स्वाभाविक है।

Also Read