इको गार्डन में किसान महापंचायत : राकेश टिकैत बोले- अन्नदाता की नहीं सुन रही सरकार, एक महीने में 10 बड़ी पंचायत का एलान

UPT | किसान महापंचायत में बोलते भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत।

Oct 06, 2024 18:54

राजधानी के इको गार्डन में रविवार को किसान महापंचायत हुई। इस दौरान किसानों ने गन्ना भुगतान, मुफ्त बिजली और आवारा पशुओं की समस्या सहित विभिन्न मांगों को लेकर अपनी लड़ाई तेज करने का संकल्प लिया।

Lucknow News : राजधानी के इको गार्डन में रविवार को किसान महापंचायत हुई। इस दौरान किसानों ने गन्ना भुगतान, मुफ्त बिजली और आवारा पशुओं की समस्या सहित विभिन्न मांगों को लेकर अपनी लड़ाई तेज करने का संकल्प लिया। महापंचायत में शामिल हुए भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं को अनसुना कर रही है। इसलिए किसानों को एकजुट होकर अपने हक के लिए लड़ाई लड़ी होगी। टिकैत ने कहा कि संगठन को और मजबूत करना होगा। उन्होंने हर जिले में किसान पंचायत की योजना बनाई है। इसके अलावा पंजाब और हरियाणा में भी किसानों की पंचायतें कराने की बात कही।

हरियाणा में हार रही भाजपा
राकेश टिकैत ने कहा हरियाणा में भाजपा सरकार हार रही है। यह सरकार किसानों के लिए एक गंभीर समस्या बन गई है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में किसानों की फसलों को लूटा जा रहा है। साथ ही उनकी जमीनों पर भी खतरा मंडरा रहा है। सर्किल रेट नहीं बढ़ रहा है। टिकैत ने कहा कि लखनऊ में दावा किया जाता है कि भुगतान हो गया है, लेकिन वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग है। यह स्थिति इस बात का संकेत है कि शासन-प्रशासन के किसानों से किए गए वादे झूठे हैं। उन्होंने कहा कि महापंचायत के माध्यम से किसान एकत्र होकर अपनी समस्याएं सरकार तक पहुंचाएंगे। इसके अलावा टिकैत ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के मुद्दे पर सरकार को पत्र लिखने का सुझाव भी दिया। 



1 महीने में 10 बड़ी पंचायत की जाएंगी
किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि पूरे प्रदेश में किसान पंचायतों का आयोजन किया जाएगा। अगले एक महीने के भीतर कम से कम 10 बड़ी पंचायतें की जाएंगी। टिकैत ने इस बात पर जोर दिया कि यह पंचायतें किसानों के अधिकारों और समस्याओं को लेकर महत्वपूर्ण साबित होंगी। इसके साथ ही उन्होंने पंजाब और हरियाणा में भी किसानों की बड़ी पंचायतों का आयोजन करने का एलान किया। टिकैत ने कहा कि 24 तारीख को बिजनौर में संगठन की बैठक होगी। जिसमें आगे के आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। 

इको गार्डन में एकजुट हुए 25 हजार किसान
महापंचायत में यूपी के अलावा पंजाब और हरियाणा से किसान पहुंचे। सूबे के अलग-अलग जनपदों से किसान इको गार्डन में एकजुट हुए। करीब 25 हजार किसान महापंचायत में शामिल हुए। किसानों का सुबह से ही आने का सिलसिला शुरु हुआ तो देश शाम तक जारी रहा। भाकियू की गाड़ियों, ट्रैक्टर-ट्राली और दूसरे साधनों से किसान लखनऊ पहुंचे। इसमें भारी संख्या में महिला किसान भी थीं। 

Also Read