इलेक्ट्रिक बसों के लिए मिले डेढ़ हजार करोड़ : चालक-परिचालक को अक्टूबर में मिलेगा वर्दी भत्ता

UPT | इलेक्ट्रिक बसों के लिए मिले डेढ़ हजार करोड़

Sep 19, 2024 20:10

शासन से परिवहन निगम को अब तक डेढ़ हजार करोड़ रुपये मिल चुके हैं। जिसका उपयोग इलेक्ट्रिक बसों के लिए किया जाएगा। बसों के चालक और परिचालक को मिलने वाला वर्दी भत्ता अक्टूबर के पहले सप्ताह तक उनके खाते में भेजा जायेगा।

Lucknow News : महाकुम्भ मेले के लिए परिवहन निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 13 जनवरी से शुरू होने वाले इस मेले के लिए परिवहन निगम सात हजार बसें चलाएगा। शासन से निगम को अब तक डेढ़ हजार करोड़ रुपये मिल चुके हैं। जिसका उपयोग इलेक्ट्रिक बसों के लिए किया जाएगा। बसों के चालक और परिचालक को मिलने वाला वर्दी भत्ता अक्टूबर के पहले सप्ताह तक उनके खाते में भेजा जायेगा। परिवहन निगम ग्रीन रूटों को चिन्हित करते हुए बसों के संचालन की तैयारी कर रहा है। परिवहन निगम 100 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने करने का टेण्डर कर चुका है। इसके अलावा परिवहन निगम के बेड़े में नई 120 इलेक्ट्रिक बसों के शामिल करने की प्रक्रिया तेजी से शुरू हो गई है।

मृतक आश्रित भर्ती का निस्तारण जल्द
मासूम अली ने कहा कि परिवहन निगम में लम्बे समय से मृतक आश्रितों की भर्ती प्रक्रिया रूकी हुई है। कोरोना काल में परिवहन निगम के घाटे में होने की वजह से इन भर्तियों पर अस्थाई तौर पर रोक लगी हुई थी। इस साल सवा सौ करोड़ से अधिक का लाभ अर्जित हुआ है। मृतक आश्रित भर्ती को शीघ्र सम्पन्न कराने के लिए शासन को बैलेंस सीट तीस सितम्बर तक भेजा जायेगा। उसके पश्चात शीघ्र ही मृतक आश्रित भर्ती का निस्तारण भी कर लिया जायेगा।



12 बस स्टेशनों के लिए कैबिनेट लेगी फैसला
परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक मासूम अली सरवर ने गुरुवार को बताया कि बसों की खरीद के अलावा पहले चरण में 23 उच्चस्तरीय एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं से लैस बस टर्मिनल पीपीपी मॉडल पर बनाने की दिशा में भी तेजी से काम चला रहा है। इसमें 11 बस स्टेशनों पर निर्माण कार्य चल रहा है। शेष 12 बस स्टेशनों के लिए कैबिनेट स्तर पर फैसला लिया जाना है। दूसरे चरण में 50 बस स्टेशनों के निर्माण की प्रक्रिया पूरी की जायेगी।

10 हजार परिचालकों की भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होगी
प्रबंध निदेशक ने बताया कि 10 हजार परिचालकों की भर्ती की प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जायेगी। इसके अलावा लोक सेवा आयोग और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से भी नियमित विभागीय भर्तियां होनी हैं। जिसके लिए नियमों में संशोधन संबंधी प्रस्ताव शीघ्र ही शासन को भेजा जायेगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार सरकार की मंशानुरूप प्रदेश के युवाओं को रोजगार के वृहद अवसर मिलने वाले हैं। परिचालकों की भर्ती में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए कौशल विकास मिशन के साथ परिवहन निगम ने एमओयू किया है।

91 बस स्टेशनों पर लगाए गए डिस्प्ले बोर्ड
प्रबंध निदेशक ने कहा कि डिपो से बसें समय से निकलें, परिचालकों को एटीएम मशीन इत्यादि उपलब्ध हों। इसके निर्देश दिए गए हैं। 100 चिन्हित बस स्टेशनों में 91 बस स्टेशनों पर डिस्प्ले बोर्ड लगाये जा चुके हैं। जिस पर बसों के आवागमन संबंधी सभी जानकारियां डिस्प्ले होती रहती हैं। इसके अलावा एनाउन्समेंट के लिए अत्याधुनिक तकनीक के उपयोग पर भी परिवहन निगम कार्य कर रहा है, जिससे यात्रियों को जानकारी स्पष्ट प्राप्त हो सके। बसों के बेहतर संचालन के लिए मुख्यालय स्तर पर कन्ट्रोल रूम की स्थापना की जा चुकी है।

Also Read