मैं पाखंडी नहीं हूं... : सपा सांसद रामगोपाल यादव ने निशाने पर भाजपा, कहा- रामनवमी किसी की बपौती नहीं...

UPT | रामगोपाल यादव

Apr 17, 2024 14:51

अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली रामनवमी मनाई गई। जिस पर समाजवादी पार्टी के सांसद प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने भाजपा पर जमकर हमला बोला...

Lucknow News : अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के बाद पहली रामनवमी मनाई गई। जिस पर समाजवादी पार्टी के सांसद प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने भाजपा पर जमकर हमला बोला है। दरअसल रामगोपाल यादव ने एक सवाल के जवाब में कहा कि हमेशा से देश में रामनवमी बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई जाती रही है। रामनवमी को कुछ लोगों ने पेटेंट करा लिया है। यह उनकी 'बापौती' नहीं है।

अधूरी 'प्राण प्रतिष्ठा' की- रामगोपाल यादव
सपा सांसद ने इसके आगे कहा कि हजारों सालो से करोड़ों लोग रामनवमी का पर्व मनाते आ रहे हैं और इस देश में सिर्फ एक राम मंदिर नहीं है। बीजेपी वालों ने अधूरी 'प्राण प्रतिष्ठा' की है और शंकराचार्य इसके खिलाफ थे। रामगोपाल यादव इतने में ही नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा कि रामनवमी किसी की बपौती नहीं है। देश में हजारों राम मंदिर हैं।

‘राम इन लोगों को दंड देंगे’
इसके आगे रामगोपाल यादव ने कहा कि मैंने कभी किसी की पूजा नहीं की। मैं कभी भी दिखावा नहीं करता हूं। मैं भगवान का नाम तो जरूर लेता हूं लेकिन पाखंडी नहीं हूं। ये सब काम पाखंडी लोग करते हैं। भगवान राम इन लोगों को दंड देंगे। इ्सके साथ ही लोकसभा चुनाव को लेकर सपा सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि कांग्रेस और सपा साथ मिलकर यूपी की 80 में से 80 सीटें जीतेंगे। बीजेपी हार रही हैं। वे खुद भी झूठ बोलते हैं और लोगों को भी झूठ बोलना सिखा रहे हैं।

Also Read