सुल्तानपुर लूट केस : डीजीपी बोले- कानून के दायरे में हुई कार्रवाई, कोर्ट में कर देंगे साबित

UPT | डीजीपी प्रशांत कुमार।

Sep 13, 2024 00:26

सुल्तानपुर में सर्राफा व्यापारी के साथ हुए लूटकांड में आरोपी मंगेश यादव के एनकाउंटर को लेकर विपक्ष यूपी पुलिस पर लगातार सवाल उठा रहा है। पुलिस के आलाधिकारी भी एनकाउंटर को लेकर रोज नए खुलासे कर रहे हैं।

Lucknow News : सुल्तानपुर में सर्राफा व्यापारी के साथ हुए लूटकांड में आरोपी मंगेश यादव के एनकाउंटर को लेकर विपक्ष यूपी पुलिस पर लगातार सवाल उठा रहा है। पुलिस के आलाधिकारी भी एनकाउंटर को लेकर रोज नए खुलासे कर रहे हैं। बृ​हस्पतिवार को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रशांत कुमार ने इस मामले को लेकर एक बार फिर सफाई देते हुए कहा कि पुलिस की कार्रवाई कानून के दायरे में हुई है। हम इसे कोर्ट में साबित कर देंगे। इस दौरान यूपी एसटीएफ के चीफ और एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश और एडीजी जोन लखनऊ एसबी शिरोडकर भी मौजूद थे। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने हाल ही में सुल्तानपुर मुठभेड़ के बाद आरोप लगाया था कि मंगेश का एनकाउंटर जाति अधारित है। वह घटना में शामिल भी नहीं था। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस मामले में अखिलेश का साथ दिया था।
 
लूट में शामिल था मंगेश यादव
डीजीपी प्रशांत कुमार ने प्रेसवार्ता में कहा कि पुलिस का काम अपराध पर नियंत्रण करना है। पुलिस द्वारा कोई पक्षपात नहीं किया जाता है। अपराध के प्रति हमारी जीरो टॉलरेंस नीति है। भारत ज्वेलर्स के यहां दिनदहाड़े लूट में पुलिस की कार्रवाई निष्पक्ष और साक्ष्य के आधार पर हुई है। मंगेश यादव लूट में शामिल था। पुलिस की सभी कार्रवाई न्यायिक और कानूनी दायरे के भीतर होती है। उन्होंने कहा कि हमारी पूरी कार्रवाई कानून सम्मत है। हम इसे कोर्ट में साबित भी कर देंगे। इससे पहले भी तमाम मुठभेड़ हुई हैं। अपराधियों के मारे जाने के अलावा यूपी पुलिस के तमाम जवान भी शहीद हुए हैं। 

मंगेश ने चोरी की थी लूटकांड में इस्मेमाल मोटरसाइकिल
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने इससे पहले कहा कि इस घटना में दुकान की रेकी 13 और 15 तारीख को की गई थी। इसके साक्ष्य के रूप में हमारे पास वीडियो उपलब्ध है। विपिन सिंह मुख्य अभियुक्त के तौर पर शामिल रहा है। उसके अलावा फुरकान और गुर्जर इस घटना में शामिल थे। लूटकांड में इस्तेमाल मोटरसाइकिलें जौनपुर से चोरी की गईं थी। इनमें एक मोटरसाइकिल मंगेश यादव ने चोरी की थी। घटना को अंजाम देने के लिए दो समूहों में अपराधी पहुंचे थे। पुष्पेंद्र, डब्लू और सचिन बोलेरो में आए थे। दुकान के अंदर फुरकान, अनुज, अरबाज, मंगेश यादव और अंकित यादव घुसे थे। इसके अतिरिक्त, विपिन सिंह, विनय शुक्ला, अरविंद विवेक और दुर्गेश ने दुकान के आसपास घेराबंदी की थी। ताकि कोई समस्या होने पर पुलिस से बच सकें। इन सभी गतिविधियों की पुष्टि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण से हुई है। गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के दौरान सभी तथ्य स्पष्ट हुए हैं।

मुख्य अभियुक्त से 1.2 किलो सोना बरामद
एडीजी जोन लखनऊ एसबी शिरोडकर ने कहा कि 13 अगस्त को की गई रेकी में मौके पर विपिन और सचिन थे। इससे पहले वाली रेकी का लोकेशन के आधार पर पता चला। घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल के जरिए अभियुक्त की पहचान की गई। इसके बाद लूटकांड में इस्तेमाल बोलेरो जिस व्यक्ति की थी, उसे दो तारीख की मुठभेड़ में सुलतानपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया गया था। इसका नाम सचिन पुष्पेंद्र डब्लू है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में 15 किलो चांदी, मोटरसाइकिल और 38,500 रुपया मिला था। इसके अलावा भी कुछ सामान बरामद किया गया था। जिसकी शिनाख्त ज्वेलर्स से कराई गई। लूटकांड के मास्टरमाइंड विपिन सिंह ने खुद को सरेंडर किया था। विपिन सिंह के पास से 1.2 किलो सोना बरामद हुआ है। बाकी अन्य लोगों से भी बरामदगी हुई है। विपिन सिंह से पूछताछ के बाद दुर्गेश को दबोचा गया। इससे पहले सूरत में ज्वेलरी शॉप में ऐसी ही घटना में अनुज, अरबाज और फुरकान शामिल थे। 

Also Read