डकैती कांड के खुलासे से व्यापारियों में हर्ष : जीरो टॉलरेंस नीति को सराहा, बोले- डकैत डर की ही भाषा समझते हैं

UPT | डकैती कांड के खुलासे से व्यापारियों में हर्ष

Sep 12, 2024 19:48

यूपी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति की अब जमकर सराहना हो रही है। सुल्तानपुर डकैती कांड में पुलिस के उत्कृष्ट कार्य को सराफा व्यापारियों ने हर्ष और संतोष के साथ सराहा है।

Short Highlights
  • डकैती कांड के खुलासे से व्यापारियों में हर्ष
  • बदमाशों की गिरफ्तारी पर जताया संतोष
  • पुलिस की व्यापारियों ने की तारीफ
Lucknow News : यूपी सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति की अब जमकर सराहना हो रही है। सुल्तानपुर डकैती कांड में पुलिस के उत्कृष्ट कार्य को सराफा व्यापारियों ने हर्ष और संतोष के साथ सराहा है। सभी ने एक स्वर में कहा कि उत्तर प्रदेश में पुलिस अधिकारियों का इकबाल बढ़ रहा है। अपराधियों के एनकाउंटर पर व्यापारियों ने एक स्वर में कहा कि डकैत केवल डर की भाषा समझते हैं; जब तक डर नहीं होगा, तब तक घटनाएं नहीं रुकेंगी।

माल की बरामदगी से व्यापारियों में हर्ष
उत्तर प्रदेश रिटेलर सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष रत्नेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि सुल्तानपुर में हुई डकैती की बड़ी घटना को पुलिस ने कुशलता से सुलझा लिया। इस मामले में पूरे माल की बरामदगी से व्यापारियों में हर्ष है। पुलिस की टीमवर्क से इतनी बड़ी घटना का खुलासा हुआ और पूरा माल बरामद हुआ। इसके लिए सभी सराफा व्यापारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डीजीपी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हैं।

'मेंटेन है कानून व्यवस्था'
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के नॉर्थ इंडिया हेड अनुराग रस्तोगी ने कहा कि सरकार ने जीरो टॉलरेंस की नीति को अपनाकर हमें विश्वास दिलाया था कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था निरंतर बनाए रखी जाएगी। इसके प्रति वे प्रतिबद्ध भी रहे। प्रतिबद्धता दोहराने के लिए ज्वेलर्स मुख्यमंत्री के आभारी हैं। लूटकांड का खुलासा कर पांचों अपराधियों को पकड़ा गया और पूरा माल बरामद हुआ। उन्होंने जाति-धर्म देखकर यह कार्य नहीं किया। उम्मीद है कि इसी तरह पुराने पेंडिंग केस भी खुलेंगे। हमारी टीम डीजीपी और अन्य अधिकारियों का सम्मान करेगी।

बदमाशों की गिरफ्तारी पर जताया संतोष
लखनऊ महानगर सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि सुल्तानपुर में हुई डकैती में पुलिस ने शानदार कार्य किया है। सभी बदमाश पकड़े गए। पहली बार है कि प्रशासन और पुलिस ने पूरा माल बरामद किया है। इसके लिए प्रदेश के सराफा व्यापारियों की तरफ से सुल्तानपुर पुलिस टीम को धन्यवाद देता हूं। एक अपराधी का एनकाउंटर होने से व्यापारी प्रसन्न हैं, क्योंकि डकैत केवल डर की भाषा समझते हैं। जब तक डर नहीं होगा, तब तक घटनाएं नहीं रुकेंगी।

पुलिस की व्यापारियों ने की तारीफ
चौक सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश चंद जैन ने कहा कि मुझे याद है कि विपिन सिंह ने चौक में रात में डकैती डाली थी। उसमें आंशिक माल बरामद हुआ था। अगर पूरा माल बरामद होता या उसे कड़ी सजा मिलती तो वह दोबारा ऐसा दुस्साहस नहीं करता। पुलिस अधिकारियों का इकबाल दिख रहा है। कम समय में माल की बरामदगी होने से व्यापारियों में फिर विश्वास बढ़ा है कि उत्तर प्रदेश में कानून है। कोई अपराधी बच नहीं पाएगा। कानून का राज कायम रखने के लिए धन्यवाद।

Also Read