योगी सरकार तीन अक्टूबर को लॉन्च करेगी महिला स्वास्थ्य हेल्पलाइन : स्त्री रोग विशेषज्ञ सुनेंगी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं, घर बैठे मिलेगा परामर्श

UPT | योगी सरकार 3 अक्टूबर को लॉन्च करेगी महिला स्वास्थ्य हेल्पलाइन।

Sep 30, 2024 19:38

महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार जल्द ही एक समर्पित स्वास्थ्य हेल्पलाइन महिला स्वास्थ्य लाइन लॉन्च करेगी। यह हेल्पलाइन विशेष रूप से उन ग्रामीण महिलाओं की मदद के लिए बनाई जा रही है

Lucknow News : उत्तर प्रदेश सरकार का महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और उनके स्वावलंबन के प्रति समर्पण निरंतर जारी है।  सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इसी दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए राज्य सरकार 3 अक्टूबर को "मिशन शक्ति" कार्यक्रम के पांचवें चरण का शुभारंभ करने जा रही है। इस नए चरण का मुख्य उद्देश्य महिलाओं, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और प्रभावी बनाना है।

महिलाओं के लिए विशेष हेल्पलाइन 
महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए राज्य सरकार जल्द ही एक समर्पित स्वास्थ्य हेल्पलाइन "महिला स्वास्थ्य लाइन" लॉन्च करेगी। यह हेल्पलाइन विशेष रूप से उन ग्रामीण महिलाओं की मदद के लिए बनाई जा रही है, जो सामाजिक कारणों या दूरी की वजह से स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ नहीं ले पाती हैं। इस हेल्पलाइन के माध्यम से महिलाएं स्त्री रोग विशेषज्ञों से सीधे टेली-परामर्श कर सकेंगी।



ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं बड़ी राहत  
वीमेन पावर लाइन 1090 की तर्ज पर शुरू की जा रही यह हेल्पलाइन महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर गुप्त और सुरक्षित सलाह प्रदान करेगी, जिससे उन्हें दूर के अस्पतालों या चिकित्सकीय केंद्रों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इसके माध्यम से महिलाओं को घर बैठे विशेषज्ञों की राय प्राप्त होगी, जो विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के लिए एक बड़ी राहत साबित होगी। यह सेवा महिलाओं को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में सक्षम होगी, जिससे राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं में असमानता को कम किया जा सकेगा।

स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की पहल
महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन (WCSO) के अनुसार, यह नई हेल्पलाइन केवल तत्काल चिकित्सा परामर्श तक ही सीमित नहीं रहेगी, बल्कि महिलाओं के मातृत्व स्वास्थ्य, प्रजनन स्वास्थ्य और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों का भी समाधान प्रदान करेगी। योगी सरकार का उद्देश्य उन महिलाओं तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना है, जो अब तक विभिन्न बाधाओं के कारण इन सेवाओं से वंचित थीं। इस हेल्पलाइन के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को उनकी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए प्रभावी और त्वरित समाधान मिल सकेगा। इसके अलावा, हेल्पलाइन से महिलाएं अपने स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर बिना किसी संकोच के चर्चा कर पाएंगी, जिससे उन्हें उचित और समय पर चिकित्सा देखभाल मिल सकेगी।

मिशन शक्ति की पृष्ठभूमि
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सम्मान को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से 17 अक्टूबर 2020 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने "मिशन शक्ति" की शुरुआत की थी। इसका पहला चरण बेहद सफल रहा, जिसके बाद 26 फरवरी 2021 को दूसरे चरण की शुरुआत की गई। इसके बाद 21 अगस्त 2021 को तीसरा चरण और 14 अक्टूबर 2022 को चौथा चरण लांच किया गया। अब पांचवें चरण के तहत महिलाओं की चिकित्सा सहायता और सशक्तिकरण को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

महिला सशक्तिकरण सरकार की प्रतिबद्धता
सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। "मिशन शक्ति" कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाने के प्रयास लगातार जारी हैं। इसके तहत सरकार ने महिलाओं के लिए रोजगार, शिक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में कई योजनाओं की शुरुआत की है। इस पांचवें चरण का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं में मजबूती प्रदान करना है, जिससे उनकी समग्र सशक्तिकरण प्रक्रिया को और बल मिले। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित करना इस कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। सरकार का यह कदम महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण की दिशा में एक और मील का पत्थर साबित होगा।

Also Read