बागपत से रोचक खबर : नैंसी ने कांस फिल्म फेस्टिवल पर बिखेरा जलवा, अपनी डिजाइनिंग के हुनर से जीता लोगों का दिल

UPT | नैंसी त्यागी

May 20, 2024 15:24

बागपत की नैंसी त्यागी ने अपनी प्रतिभा और खूबसूरती से 77वें कांस फिल्म फेस्टिवल में सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। नैंसी एक साधारण परिवार से आती हैं, लेकिन उनके जुनून...

Baghpat News : बागपत की नैंसी त्यागी ने अपनी प्रतिभा और खूबसूरती से 77वें कांस फिल्म फेस्टिवल में सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा है। नैंसी एक साधारण परिवार से आती हैं, लेकिन उनके जुनून और लगन ने उन्हें दुनियाभर में प्रसिद्धि दिला दी है। बचपन से ही नैंसी को गुड़िया के कपड़े सिलने का शौक था। आज वह एक नामी ड्रेस डिजाइनर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर बन गई हैं। उनके पास लगभग 15 लाख से अधिक सोशल मीडिया फॉलोअर्स हैं। नैंसी ने कांस फिल्म फेस्टिवल में खुद डिजाइन किए हुए 20 किलोग्राम के गाउन को पहनकर शामिल हुईं, जिसने सभी को प्रभावित किया।

कोविड-19 में शुरू किया ड्रेस डिजाइनिंग
नैंसी का सफर काफी दिलचस्प रहा है। उनके पिता गजेंद्र त्यागी एक मैकेनिक हैं और ट्रांसपोर्टर का कारोबार भी करते हैं। शुरुआत में नैंसी यूपीएससी की तैयारी कर रही थीं, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण उन्हें अपने गांव लौटना पड़ा। यहीं से उनकी ड्रेस डिजाइनिंग की यात्रा शुरू हुई। नैंसी ने अपनी मां की सिलाई मशीन से कपड़े सिलना शुरू किया और अपने बनाए गए कपड़ों के वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करने लगीं। जल्द ही उनके वीडियो वायरल हो गए और उन्हें प्रशंसा मिलने लगी। धीरे-धीरे नैंसी एक प्रसिद्ध इन्फ्लुएंसर बन गईं।

1100 मीटर कपड़े से बनाया था ड्रेस
कांस फिल्म फेस्टिवल के लिए नैंसी ने कुल 4 ड्रेस तैयार किए, जिनमें से एक था बेबी पिंक रंग का फ्रिल गाउन। यह गाउन तीन पीस में था और नेट फैब्रिक से बना था। इसके लिए नैंसी ने दिल्ली के थोक बाजार से 1100 मीटर कपड़ा खरीदा था। गाउन का वजन 20 किलोग्राम था और इसे फ्रांस तक ले जाना एक चुनौती थी। नैंसी और उनके भाई ने मिलकर इस गाउन को तीन बड़े कंटेनर बैग में पैक किया और अलग से बैगेज बुकिंग करवाई। नैंसी ने कांस फेस्टिवल में अपने खूबसूरत गाउन और आकर्षक व्यक्तित्व से सभी का मन मोह लिया। उनकी यह सफलता साबित करती है कि अगर इच्छा शक्ति हो और लगन के साथ कड़ी मेहनत की जाए, तो किसी भी गांव या शहर से आने वाला व्यक्ति दुनिया में अपनी पहचान बना सकता है।

100 डेज आउटफिट चैलेंज भी काफी रोचक
नैंसी की कड़ी मेहनत और लगन से उसने अपने सपनों को हकीकत में बदल दिया है। उसकी मां ने भी बताया कि नैंसी बचपन से ही कपड़ों के डिजाइन बनाने में रुचि रखती थी। कांस में पहुंचना किसी भी डिजाइनर के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, और नैंसी ने महज एक महीने में अपने लिए गाउन बनाकर यह कारनामा कर दिखाया। उसके द्वारा शुरू किया गया 100 डेज आउटफिट चैलेंज भी काफी रोचक था। हर दिन एक नया डिजाइन बनाना और उसे कपड़े से सजीव करना एक बहुत बड़ी चुनौती थी। लेकिन नैंसी ने इस चुनौती को भी बखूबी निभाया और अब तक 90 से ज्यादा ड्रेस बना चुकी हैं। यह उसकी असाधारण प्रतिभा और दृढ़ संकल्प का ही परिणाम है।

नैंसी ने अपने समर्थकों और परिवार को व्यक्त किया आभार
कांस जैसे बड़े मंच पर खड़े होकर नैंसी ने अपने समर्थकों और परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। उसने कहा कि उनका प्यार और समर्थन ही उसे प्रेरित करता रहा। साथ ही आशा जताई कि लोगों को उसका क्रिएशन भी उतना ही पसंद आएगा। निश्चित रूप से नैंसी की यह सफलता हर किसी के लिए एक मिसाल है कि अगर इच्छाशक्ति और लगन हो तो सपने को पूरा किया जा सकता है।

Also Read