Ghaziabad news : 40 सरकारी विभाग दबाए बैठे हैं 132 करोड़, गाजियाबाद नगर निगम कर रहा नोटिस की तैयारी

UPT | गजियाबाद नगर निगम

Mar 15, 2024 14:02

केंद्र सरकार के 28 विभागों पर गाजियाबाद नगर निगम का 145 करोड़ रुपए बकाया है। इनमें सबसे अधिक दिल्ली मैट्रो कारर्पोरेशन पर 75 करोड़ रुपए और दूसरे नंबर पर एओसी हिंडन एयरफोर्स पर 22 करोड़ रुपए टैक्स के रूप में बकाया...

Short Highlights
  • सबसे अधिक विद्युत विभाग के भवनों पर बकाया 112 करोड़
  • जीडीए पर भी निगम का 6.94 करोड़ रुपए बकाया
  • केंद्र सरकार के 28 विभागों पर निगम का 145 करोड़ बकाया 
Ghaziabad News : शहर में भवनों पर बकाया संपत्तिकर वसूली को लेकर गजियाबाद नगर निगम ने अभियान चलाया हुआ है। इसके लिए बकायदा अवकाश के दिनों में भी कैंप लगाकर टैक्स जमा किया जा रहा है। मजे की बात टैक्स जमा करने को लेकर जहां लोग जागरूक हो रहे हैं। वहीं सरकारी विभाग के भवनों पर गाजियाबाद नगर निगम का करीब 132 करोड़ रुपए बकाया है। जिन विभागों पर गाजियाबाद ​नगर निगम का संपत्तिकर बकाया है वो सभी यूपी सरकार के हैं। जबकि केंद्र सरकार के विभागों पर भी 145 करोड़ रुपए से अधिक का टैक्स बकाया है।   

जिन विभागों पर निगम का अधिक टैक्स
टैक्स वसूली बढ़ाने को लेकर गाजियाबाद नगर निगम अधिकारियों से आए दिन शासन स्तर से जवाब तलब हो रहा है। शासन से भी निगम पर टैक्स वसूली बढ़ाने के निर्देश का दबाव है। इसी के साथ जिन विभागों पर निगम का अधिक टैक्स है। उनकी सूची भी शासन को समय-समय पर भेजी जाती है। निगम ने सबसे अधिक बकाया टैक्स वाले सरकारी विभागों के नाम और उन पर बकाया की सूची पहले भी शासन को भेजी है। 

बिजली विभाग पर निगम का करीब 112 करोड़ रुपए
शासन से निगम के अधिकारियों से कहा गया है कि वह तेजी के साथ टैक्स की वसूली करें। इस दौरान निगम अधिकारियों का कहना था कि करीब 132 करोड़ रुपए का टैक्स सरकारी विभागों पर बकाया है। निगम की सरकारी विभागों पर बकाया टैक्स सूची के अनुसार सबसे अधिक बकाया टैक्स बिजली विभाग पर है। अकेले बिजली विभाग पर निगम का करीब 112 करोड़ रुपए टैक्स के रूप में बकाया हैं। इसके अलावा जिलाधिकारी कार्यालय पर सात करोड़, जीडीए कार्यालय पर 6 करोड़ 94 लाख रुपए बकाया हैं। अन्य बकाएदार विभागों में जिला महिला चिकित्सालय, पशु चिकित्सालय, जिला जज आवास, विद्यालयों और कालेजों पर, नलकूप खंड, जिला गन्ना अधिकारी, यूपी लघु उद्योग, जिला संयुक्त अस्पताल और नलकूप खंड आदि सहित 40 सरकारी विभागों के नाम शामिल हैं। जिन पर गाजियाबाद नगर निगम का करोड़ों रुपए टैक्स के रूप में बकाया है। 

केंद्र सरकार के विभागों पर बकाया 145 करोड़ रुपए
गाजियाबाद में उत्तर प्रदेश सरकार के अलावा केंद्र सरकार के भी विभाग हैं। केंद्र सरकार के 28 विभागों पर गाजियाबाद नगर निगम का 145 करोड़ रुपए बकाया है। इनमें सबसे अधिक दिल्ली मैट्रो कारर्पोरेशन पर 75 करोड़ रुपए और दूसरे नंबर पर एओसी हिंडन एयरफोर्स पर 22 करोड़ रुपए टैक्स के रूप में बकाया है। केंद्र सरकार के जिन सरकारी विभागों पर गाजियाबाद निगम द्वारा टैक्स बकाया है उनमें सीआईएसएफ, प्रधान डाकघर नवयुग मार्केट, महाप्रबंधक दूरसंचार भारत संचार निगम राजनगर, बीएसएनएल, पोस्ट आफिस कविनगर, केंद्रीय उत्पादन शुल्क देहली, सीबीआई एकेडमी कमला नेहरू नगर, राष्ट्रीय यूनानी चिकित्सा संस्थान, ईएसआई अस्पताल पर भी लाखों रुपए बकाया है।   

क्या बोले अधिकारी 
गाजियाबाद नगर निगम मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा का कहना है कि विभागों को कई बार नोटिस जारी किया जा चुका है। इसके अलावा शासन को भी समय-समय पर वास्तु स्थिति से अवगत कराया जाता है। 

Also Read