स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने की घोषणा : बोले-यूपी में जल्द भरे जाएंगे डॉक्टरों के खाली पड़े पद, अस्पतालों में बढ़ेंगी ये सुविधाएं 

UPT | स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक।

Jul 07, 2024 23:21

अस्पतालों में बड़े पैमाने पर खाली पड़े डॉक्टरों के पद के बारे में डिप्टी सीएम ने कहा कि जल्द ही इसके लिए भर्ती शुरू होगी। उन्होंने ने सभी सीएमओ से खाली पद भरने के लिए जिला स्तरीय कमेटी के माध्यम से साक्षात्कार शुरू करने को कहा।

Meerut News : यूपी के उप मुख्यमंत्री और प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार को मेरठ मंडल की स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जुलाई में चल रहा संचारी रोग अभियान को धरातल पर लाना है। साथ ही उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी डॉक्टर ने मरीज को बाहर से दवा लिखी तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

अस्पतालों में बड़े पैमाने पर खाली पड़े डॉक्टरों के पद के बारे में डिप्टी सीएम ने कहा कि जल्द ही इसके लिए भर्ती शुरू होगी। उन्होंने ने सभी सीएमओ से खाली पद भरने के लिए जिला स्तरीय कमेटी के माध्यम से साक्षात्कार शुरू करने को कहा। इस दौरान उन्होंने कहा कि अस्पतालों में सफाई व्यवस्था होनी चाहिए। इमरजेंसी सेवाएं 24 घंटे बरकरार रहनी चाहिए। सभी अस्पतालों में डॉक्टरों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए।

स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति रिपोर्ट मांगी
उप मुख्यमंत्री ने बैठक में सभी सीएमओ से उनके जिले की स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति रिपोर्ट मांगी और मरीजों के इलाज और ऑपरेशन की महीनेवार संख्या पूछी। हापुड़ समेत कई जिलों में ऑपेरशन की संख्या काफी कम पाई गई। इस पर उन्होंने वहां के सीएमओ को सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सरकार अस्पतालों को पूरी दवाएं उपलब्ध करा रही है। डॉक्टर, मरीज को बेहतर चिकित्सा सेवा देना सुनिश्चित करें। एक भी मरीज के इलाज में लापरवाही की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांवड़ यात्रा को लेकर उन्होंने कहा की कांवड़ यात्रा को निर्विघ्न संपन्न कराया जाएगा। शिव भक्तों की सेवा में प्रशासन के अलावा स्वास्थ्य सेवाएं भी बेहतर दी जाएगी।

दस्तक अभियान में और लाएं तेजी 
ब्रजेश पाठक ने कहा कि पूरे प्रदेश में संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू हो चुका है। स्वास्थ्य विभाग सभी 13 विभागों के सहयोग से इसे संचालित करे। यह सुनिश्चित करें कि संक्रामक बीमारी न फैलने पाए। दस्तक अभियान में और तेजी लाएं। स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोग के बारे में जागरूक करें और इससे बचने के उपाय बताएं। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि गांव में खुले उपस्वास्थ्य केंद्रों पर भी मरीजों को सुविधा मिलनी चाहिए। यहां पर डॉक्टरों की और कर्मचारियों की उपस्थिति शत प्रतिशत होनी चाहिए।  सभी प्रकार की जांच यहां उपलब्ध हो। जच्चा-बच्चा को हर सुविधा यहां मिले। बैठक में मेरठ मंडल के प्रभारी अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. राजेंद्र, मेरठ, बागपत, हापुड़, बुलंदशहर, गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर जिलों के सीएमओ, सीएमएस, मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्य मौजूद रहे।

निरीक्षण में कमियां मिलने पर जताई नाराजगी 
समीक्षा बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री ने रोहटा सीएचसी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कमियां मिलने पर उन्होंने सीएमओ और सीएचसी प्रभारी पर नाराजगी जताई और उन्हें तत्काल दूर कराने के निर्देश दिए।

डिप्टी सीएम बोले- मैं भी आम आदमी हूं
समीक्षा बैठक में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के बैठने के लिए स्टेज पर सीएमओ ने अपनी कुर्सी लगवा दी। जब उपमुख्यमंत्री की नजर कुर्सी पर पड़ी तो उन्होंने उसे हटाने के लिए कहा। इस पर सीएमओ ने कहा कि सर ये आपके लिए है। डिप्टी सीएम ने कहा कि वह कोई विशेष व्यक्ति नहीं बल्कि सामान्य आदमी हैं। उन्होंने स्टेज से सीएमओ की कुर्सी को हटवा दिया और सामान्य कुर्सी पर बैठे। इस दौरान सीडीओ नूपुर गोयल, प्रभारी अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉ. राजेंद्र सिंह, संयुक्त निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य डॉ. अशोक तालियान भी उपस्थित रहे। 

Also Read