Ghaziabad news : 21 को भाकियू के जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन को लेकर पुलिस-प्रशासन सतर्क, 26 को ट्रैक्टर मार्च का ऐलान

UPT | भाकियू टिकैत गुट जिला मुख्यालयों पर किसान आंदोलन के समर्थन में प्रदर्शन

Feb 20, 2024 14:13

भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट ने 26 फरवरी को हरिद्वार से दिल्ली गाजीपुर बार्डर तक ट्रैक्टर मार्च निकालने का ऐलान किया है। इससे हाइवे 58 पर यात्रियों को ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना पड़ सकता है।

Short Highlights
  • पश्चिम यूपी के सभी जिलों में होगा प्रदर्शन 
  • भाकियू प्रदर्शन को देखते हुए जाम से निपटने की तैयारी 
  • हरियाणा और उत्तराखंड के जिला मुख्यालयों में भी प्रदर्शन 
     
Ghaziabad News : कल 21 फरवरी को भाकियू टिकैत गुट जिला मुख्यालयों पर किसान आंदोलन के समर्थन में प्रदर्शन की तैयारी में है। भाकियू के जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी अपनी रणनीति तैयार की है। किसी भी स्थिति ​से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने पूरी तैयारी की है। 21 फरवरी के प्रदर्शन के बाद भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट ने 26 फरवरी को हरिद्वार से दिल्ली गाजीपुर बार्डर तक ट्रैक्टर मार्च निकालने का एलान किया है। इससे हाइवे 58 पर यात्रियों को ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना पड़ सकता है। हालांकि भारतीय किसान यूनियन का ट्रैक्टर मार्च हाइवे पर एक तरफ ही रहेगा। लेकिन जिस तरह से एनएच 58 दिल्ली से लेकर हरिद्वार तक वाहनों का दबाव रहता है उसको देखते हुए जाम लगने से इंकार नहीं किया जा सकता है। 

पुलिस प्रशासन ने की तैयारी 
21 फरवरी को भारतीय किसान यूनियन के जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने अपनी पूरी तैयारी की है। गाजियाबाद एडीएम प्रशासन गंभीर सिंह ने बताया कि ​किसानों के प्रदर्शन की हालांकि कोई पूर्व सूचना नहीं है। लेकिन मीडिया सोर्स और एलआईयू से जानकारी हुई है कि भारतीय किसान यूनियन का जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन होगा। प्रदर्शन शांतिपूर्वक तरीके से किया जाएगा तो कोई आपत्ति नहीं है।  

भाकियू के ट्रैक्‍टर मार्च से यूपी गेट पर होंगे जाम के हालात 
वहीं गाजियाबाद से दिल्ली जाने वाले रास्ते यूपी गेट पर 26 फरवरी को एक बार फिर से जाम के हालात बन सकते हैं। भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट ने 26 फरवरी को किसान आंदोलन और केंद्र सरकार के खिलाफ हरिद्वार से ट्रैक्‍टर मार्च निकालने का ऐलान किया है। ये ट्रैक्टर मार्च गाजीपुर बॉर्डर तक रहेगा। किसानों का ट्रैक्टर मार्च यूपी गेट तक होने की चर्चाओं से एक बार फिर से यूपी गेट पर जाम के हालात बन सकते हैं। एनएच 9 और डीएमई पर पहले से ट्रैफिक धीमा रहता है। इस समय यूपी गेट और गाजीपुर बॉर्डर के दोनों सर्विस रोड पर ट्रैफिक पूरी तरह से बंद है। वाहनों का आवागमन यूपी गेट के ऊपर के रास्तों के अलावा कौशांबी-महाराजपुर बॉर्डर और जीटी रोड के अप्सरा बॉर्डर से हो रहा है। इन दोनों बॉर्डर पर इस समय ट्रैफिक का बहुत अधिक दबाव होने के चलते वाहन चालकों की परेशानी बनी हुई हैं।

प्रदर्शन शांतिपूर्वक तरीके से करने की अपील 
भारतीय किसान यूनियन टिकैत गुट के 21 फरवरी के प्रदर्शन को देखते हुए राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने सभी जिलाध्यक्षों से शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने की अपील की है। राकेश टिकैत ने जिलाध्यक्षों और किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं से अपील की है कि किसी के बहकावे और उकसावे में ना आएं। शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपे और अपने घर वापस जाएं। 
 

Also Read