Greater Noida News : जेवर एयरपोर्ट के लिए कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई गई, निर्माण कार्य पर नजर रखेंगे सीईओ 

UPT | मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉक्टर अरुणवीर सिंह

Jul 03, 2024 11:38

यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह अब रोजाना निर्माण की प्रगति पर नजर रखेंगे। वह रोजाना निर्माण स्थल का दौरा करेंगे। एशिया के दूसरे सबसे बड़े एयरपोर्ट पर अक्टूबर-नवंबर में ट्रायल शुरू हो जाएगा...

Greater Noida News : यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह अब रोजाना निर्माण कार्य की प्रगति पर नजर रखेंगे। वे रोजाना निर्माण स्थल का दौरा करेंगे। एशिया के दूसरे सबसे बड़े एयरपोर्ट पर अक्टूबर-नवंबर में ट्रायल शुरू हो जाएंगे। पांच एयरोब्रिज बनकर तैयार हो चुके हैं। दिसंबर में घरेलू उड़ानें शुरू हो जाएंगी। अरुणवीर सिंह ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

स्टील की समस्या का समाधान
मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि यात्रियों के लिए बनाए जा रहे पैसेंजर टर्मिनल से जुड़ी समस्या का समाधान हो गया है। इसके लिए विशेष ग्रेड स्टील की जरूरत है। स्टील बेलारूस से आना था, जो नहीं मिल रहा था। अब छत्तीसगढ़ से स्टील मिल गया है।

कैट थ्री रिफ्लेक्टर्स 
सीईओ ने बताया कि डीजीसीए ने जरूरी मंजूरी दे दी है। नवंबर और दिसंबर में रनवे पर उड़ान शुरू करने के लिए कैट थ्री रिफ्लेक्टर की जरूरत होगी। अभी कैट वन लगा है, लेकिन टेस्टिंग फ्लाइट से पहले रनवे पर कैट थ्री रिफ्लेक्टर भी लगाए जाएंगे। निर्माण की गति बढ़ाने के लिए कर्मचारियों की संख्या दोगुनी कर दी गई है। अभी तक 750 कर्मचारी काम कर रहे थे, लेकिन इसे बढ़ाकर दोगुना कर दिया गया है।

सीईओ निर्माण कार्य पर रखेंगे 
यमुना औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉक्टर अरुण वीर अब रोजाना निर्माण कार्य की प्रगति देखेंगे। वह रोजाना कंस्ट्रक्शन साइट पर जाएंगे। सीईओ ने बताया कि उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह 15 जुलाई को ग्रेटर नोएडा आएंगे। वह नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की साइट पर जाएंगे। चीफ सेक्रेटरी निर्माण कार्यों की समीक्षा करेंगे।

Also Read