झगड़ा सुलझाने को पुलिस बुलाई, फिर जान दी :  प्रेम विवाह, पति-पत्नी की तू-तू, मैं-मैं और दोनों फंदे से लटककर खत्म

UPT | घटनास्थल की तस्वीर

Jul 09, 2024 19:24

इसके बाद पति-पत्नी अलग-अलग कमरों में जाकर सो गए। रात करीब एक बजे जब पूनम पति के कमरे में गई तो वहां भोला का शव गमछे के सहारे फंदे पर लटका मिला। यह देख वह सन्न रह गई। चीख-पुकार सुनकर घर के बाकी लोग भी पहुंच गए...

Sonebhadra News : उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। विवाह रचाने वाले दंपती की शादी को महज एक साल ही बीते थे, कि प्रेम कहानी में एक अनजान सा मोड़ आ गया। दोनों फांसी के फंदे से लटके मिले। घटना से पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। पहले पति ने फंदा लगाया और फिर बदहवास पत्नी ने अपनी जान दे दी। दंपती के इस कदम से लोग स्तब्ध हैं। घटना म्योरपुर थाना क्षेत्र के कुंडाडीह गांव की है। पुलिस दोनों के शव को कब्जे में लेकर छानबीन में जुट गई है। 

यह है पूरा मामला
दरअसल, कुंडाडीह गांव के चंद्रभान नगर टोला निवासी भोला (22) गांव की ही पूनम (20) के साठ प्रेम में था। दोनों ने एक साल पहले विवाह रचाया था। जानकारी के मुताबिक रविवार की रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई। विवाद इस कदर बढ़ा कि पूनम ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस बुला लिया। मौके पर पहुंची पीआरवी रात में दोनों को समझाकर लौट गई। 



जिदंगी की आखिरी रात थी, वह रात 
इसके बाद पति-पत्नी अलग-अलग कमरों में जाकर सो गए। रात करीब एक बजे जब पूनम पति के कमरे में गई तो वहां भोला का शव गमछे के सहारे फंदे पर लटका मिला। यह देख वह सन्न रह गई। चीख-पुकार सुनकर घर के बाकी लोग भी पहुंच गए। सभी आंगन में विलाप कर रहे थे कि अचानक पूनम वहां से उठकर अपने कमरे में चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। 

दरवाजा तोड़कर शव फंदे से उतारे
कुछ देर बाद जब बाकी सदस्य कमरे की ओर गए तो वहां खिड़की से झांकने पर पूनम की लाश भी फंदे पर लटकती दिखी। दरवाजा तोड़कर पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर कब्जे में लिया। दोनों शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेज दिया। एसओ हेमंत कुमार सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद घटना हुई है। परिजनों से पूछताछ के आधार पर कार्रवाई जारी है।

Also Read