मुरादाबाद में गरजे अखिलेश : सपा प्रमुख ने भाजपा को घेरा, जयंत चौधरी को लिया आड़े हाथ, कही ये बड़ी बात

UPT | मुरादाबाद में अखिलेश यादव

Apr 17, 2024 20:23

लोकसभा चुनाव को लेकर पहले चरण की आठ सीटों पर मतदान 19 अप्रैल को होने जा रहा है। इसके चलते बुधवार को भोजपुर थाना क्षेत्र में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुरादाबाद लोकसभा सीट की सपा प्रत्याशी रुचि वीरा के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया।

Short Highlights
  • मुरादाबाद में अखिलेश यादव ने जनसभा को किया संबोधित
  • भाजपा और रालोद पर रहा निशाना, कई मुद्दों पर  घेरा
Moradabad News : लोकसभा चुनाव को लेकर पहले चरण की आठ सीटों पर मतदान 19 अप्रैल को होने जा रहा है। इसके चलते बुधवार को भोजपुर थाना क्षेत्र में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुरादाबाद लोकसभा सीट की सपा प्रत्याशी रुचि वीरा के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। अखिलेश यादव ने कहा कि 'जो भाजपा 400 पार का नारा लगा रही है, इसका मतलब ही संविधान खत्म करना है।' साथ ही कहा कि 'इलेक्टोरल बॉन्ड सबसे बड़ा घोटाला है और कोरोना वैक्सीन वालो से भी चंदा ले लिया। जिसने वैक्सीन लगवाई, उसने समझो इलेक्टोरल बाॅन्ड में चंदा दिया। हमने तो वैक्सीन लगवाई नहीं है। हमने गठबंधन को बचाया है, इंडिया गठबंधन भाजपा का सूपड़ा साफ करने जा रहा है।'

अखिलेश यादव ने जनसभा को किया संबोधित
बता दें कि 14 अप्रैल को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मुरादाबाद स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में जनसभा होनी थी, लेकिन खराब मौसम और बारिश की वजह से वह आ नही आ पाए थे। जिसकी वजह से बुधवार को चुनाव प्रचार के आखिरी दिन अखिलेश यादव मुरादाबाद के भोजपुर क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे। जहां उन्होंने मंच से कहा कि 'आज आखिरी दिन है प्रचार का, सुबह सबसे पहले इंडिया गठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस की, पहले चरण में चुनाव के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए जनता से वोट देने की अपील की, क्योंकि जिन जगह पहले चरण में चुनाव है, हम सभी जगह पहुंच नहीं पाए हैं। भाजपा लोकसभा में 400 पार का नारा दे रही है, भाजपा का मतलब है कि यह लोग भारत का संविधान खत्म करना चाहते है, बाबा साहब ने ऐसा संविधान दिया है, जिसमें किसी के साथ भेदभाव नही होता है।'

भाजपा पर बड़ा हमला
अखिलेश यादव ने कहा कि 'भाजपा की सरकार लोगों के बीच भेदभाव पैदा कर रही है, नोटबंदी के समय किसी को नही पता था, कि अगली सुबह नोट बंद हो जाएंगे। किसान दिल्ली के बॉर्डर पर बैठे रहे, एक हजार किसान की जान चली गई। यूपी में चुनाव से पहले काले कानून वापस ले लिए गए। देश मे विभिन्न कार्यक्रम होते हैं, तो लोग अपनी इच्छा से चंदा देते हैं। इलेक्टोरल बाॅन्ड ने भाजपा का बैंड बजा दिया।' कहा कि 'हमने वैक्सीन नहीं, लगवाई हमने चंदा नही दिया, जिसने वैक्सीन लगवाई समझो उसने भी भाजपा को चंदा दिया है। वैक्सीन वाली कम्पनी से भी चंदा वसूल किया गया। 100 नम्बर पुलिस की गाड़ी का नम्बर 112 कर दिया। इसी तरह पुलिस की भी वसूली बढ़ गई है। इस सरकार में तहसील से लेकर थानों तक वसूली बढ़ गई है। पुलिस वाले की भी नौकरी किसी दिन तीन साल की हो जाएगी।'

पेपर लीक मामले में घेरी भाजपा
भाजपा पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि 'इस सरकार में 10 पेपर लीक हो चुके हैं, पुलिस भर्ती में पेपर लीक हुआ। भर्ती से पहले कहते थे, कि पेपर लीक नहीं हो सकता है। 7 लाख बच्चे हैं जो पेपर देने गए, वह नाराज हैं, ऐसे ही किसान नाराज हैं, इनके साथ छात्र और किसानों के परिवार को तीन गुना कर लो, यानि 21 लाख वोट अपने आप कम हो गए, ऐसे में भाजपा 400 पार कैसे जाएंगे।' कहा कि 'इस बार इंडिया गठबंधन भाजपा का सूपड़ा साफ करने जा रहा है, सभी लोग मन से चाहते थे, कि गठबंधन हो जाए, अगर यह गठबधन किसी ने बचाया है तो सपा ने बचाया है। पश्चिम से जो हवा चलेगी तो पीडीए, भाजपा का सफाया करेगा। भाजपा वाले परिवारवाद की बातें करते हैं, यह खत्म हो जाएगा। आज रामनवमी है आज के दिन भाजपा वाले संकल्प लें कि किसी परिवार वाले को ना तो टिकट देंगे, ना वोट मांगेंगे।'

यह भी पढ़ें :- मुरादाबाद पहुंचे अखिलेश यादव : रुचि वीरा के समर्थन में करेंगे चुनाव प्रचार, मंच पर नहीं दिखे एसटी हसन

जयंत चौधरी पर कसा तंज
अखिलेश यादव ने कहा कि 2014 से पहले नमक की कीमत क्या थी, 2024 में नमक की कीमत क्या है, सबसे सस्ती चीज को भी मंहगा कर दिया है।' सपा मुखिया ने कहा कि 'दिल्ली के मुख्यमंत्री झारखंड और आजम खान पर झूठे मुकदमे लगाकर जेल भेज दिया गया है। इन लोगों को फंसाया गया, हमारे छोटे कार्यकर्ता पर झूठे मुकदमे लगा रहे हैं। मुरादाबाद के लोगों, तुमको पुलिस पकड़ने आए तो तीन दिन हाथ नहीं आना, अपने बूथ की रखवाली करना। अब गठबंधन है, इतने नेता किसी के पास नहीं हैं, जितना समर्थन मुरादाबाद के प्रत्याशी को मिल रहा है। अगर इस बार जिता दिया तो एक सरकार नहीं बनेगी, यूपी में भी सरकार बन जाएगी। वहीं जयंत चौधरी को लेकर कहा कि 'जयंत चौधरी को हमने राज्यसभा भेजा था, दिल बड़ा करके, जयंत चौधरी को कोई नहीं जानता था। हम अपने साथ लेकर आए। समाजवादी सबको साथ लेकर चलती है।'

Also Read