Bijnor News : हमलावर तेंदुए को किसान ने डंडे से पीट-पीटकर मार डाला, पढ़िये हैरतअंगेज खबर...

UPT | बिजनौर में हमले से बचने के लिए किसान ने तेंदुए को मार डाला।

Oct 17, 2024 09:24

बिजनौर जिले के थाना अफजलगढ़ क्षेत्र के गांव भिक्कावाला में एक किसान चमत्कारिक रूप से तेंदुए के हमले से बच गया। किसान अपने प्राण बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गया। इस जंग में किसान भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस...

Bijnor News : बिजनौर जिले के थाना अफजलगढ़ क्षेत्र के गांव भिक्कावाला में एक किसान चमत्कारिक रूप से तेंदुए के हमले से बच गया। किसान अपने प्राण बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गया। इस जंग में किसान भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। इस घटना से आसपास के गांवों में दहशत है।

ये है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि बुधवार शाम किसान टेगवीर सिंह नेगी अपने खेत में काम रहा था, तभी अचानक तेंदुए ने हमला बोल दिया। करीब 15 मिनट तक वह तेंदुए से लड़ता रहा। उन्होंने कहा कि अपनी जान बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गया और पास रखे एक डंडे से तेंदुए के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इससे तेंदुए की मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल किसान को अस्पताल में भर्ती कराया। किसान को गंभीर चोटें आईं हैं। उसके सिर में दस टांके भी लगे हैं।

जांच कर रहा वन विभाग
घटना की सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना पर वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। वन विभाग के उपनिरीक्षक सुनील कुमार राजौरा ने बताया कि तेंदुए की उम्र लगभग 4 से 5 साल है। तेंदुए के शव को कब्जे में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। 

क्या कहते हैं ग्रामीण
स्थानीय लोगों के अनुसार, तेंदुआ पिछले तीन दिनों से इलाके में घूम रहा था। इसने भिक्कावाला और आसपास के गांवों में लोगों को आतंकित किया था और मवेशियों को अपना निवाला बनाया था। उन्होंने कहा कि, किसान अब अपने खेतों में जाने से डर रहे हैं, क्योंकि अब तेंदुए के मनुष्यों पर हमले बढ़ रहे हैं। उन्होंने जिलाधिकारी से जीवन के लिए खतरा पैदा करने वाले तेंदुए को पकड़ने और उसका पुनर्वास करने का आग्रह किया है।

Also Read