विकास का रोल मॉडल बनी अयोध्या : 32 हजार करोड़ की परियोजनाओं से बदली तस्वीर, अध्यात्म का दिख रहा अनोखा संगम

32 हजार करोड़ की परियोजनाओं से बदली तस्वीर, अध्यात्म का दिख रहा अनोखा संगम
UPT | विकास का रोल मॉडल बनी अयोध्या

Oct 17, 2024 20:05

अयोध्या में रामलला को भव्य मंदिर में विराजमान कराने से ठीक पहले सरकार ने विकास कार्यों के लिए खजाना खोल दिया। 32 हजार करोड़ की परियोजनाओं को न सिर्फ धरातल पर उतारा, बल्कि देश-दुनिया को विकास के प्रतिमान गढ़ने का रास्ता भी दिखाया।

Oct 17, 2024 20:05

Short Highlights
  • विकास का रोल मॉडल बनी अयोध्या
  • 32 हजार करोड़ की परियोजनाओं से बदली तस्वीर
  • राजपथ की तरह बना अयोध्या का रामपथ
Ayodhya News : अयोध्या में रामलला को भव्य मंदिर में विराजमान कराने से ठीक पहले सरकार ने विकास कार्यों के लिए खजाना खोल दिया। 32 हजार करोड़ की परियोजनाओं को न सिर्फ धरातल पर उतारा, बल्कि देश-दुनिया को विकास के प्रतिमान गढ़ने का रास्ता भी दिखाया। नेता हों या अभिनेता, बिजनेसमैन हों या संन्यासी, अयोध्या की तारीफ करते नहीं थकता। सड़क, बिजली-पानी, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में यहां चहुंमुखी तरक्की हुई। नतीजा यह है अगर सिर्फ सड़कों की ही बात की जाए तो बड़े-बड़े महानगर भी अयोध्या को टक्कर नहीं दे सकते। यहां मंदिरों के जीर्णोद्धार का कार्य आज भी अनवरत जारी है। विकास के पथ पर बढ़ रही अयोध्या पूरे विश्व के श्रद्धालुओं व पर्यटकों को आकर्षित कर रही है। 

राजपथ की तरह बना अयोध्या का रामपथ
अयोध्या की सड़कों का चौड़ीकरण किया गया। यहां 13 किमी में सहादतगंज से नया घाट तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य किया गया। लगभग 844 करोड़ रुपए से तैयार हुए मार्ग को रामपथ का नाम दिया गया। यह मार्ग दिल्ली के राजपथ से प्रेरित होकर दिया गया था। इनके अलावा चार और पथ साकेत पेट्रोल पम्प से लता चौक तक धर्मपथ, राम मंदिर में प्रवेश के लिए जन्मभूमि पथ व श्रृंगार हाट से हनुमानगढ़ी जाने वाले मार्ग को भक्ति पथ के रूप में बनाया गया। इन पथों के निर्माण पर भी करोड़ो की लागत आई है। 8 नए ओवरब्रिज भी अयोध्या में बनाए जा रहे हैं। पहले अतिक्रमण के कारण अयोध्या की सड़कें गलियों में परिवर्तित हो गई थीं। इनमें बड़े-बड़े गड्ढे थे जो दुर्घटना का कारण बनते थे। अतिक्रमण के कारण तीर्थयात्रियों को धाम तक जाने के लिए धक्का-मुक्की करते हुए आगे बढ़ना पड़ता था। लेकिन अब व्यापक अतिक्रमण को हटाने के लिए चौड़ीकरण प्रक्रिया इस्तेमाल में लाई गई। गलियों को सिंगल लेन व प्रमुख मार्गों को डबल व फोर लेन बनाया गया। 

7.9 करोड़ में बना लता चौक
रामनगरी में स्वर कोकिला भारत रत्न लता मंगेशकर चौक का 7.9 करोड में निर्माण कराया गया है। नया घाट चौराहे पर 10.8 मीटर लंबी व 12 मीटर ऊंची वीणा लोगों का मन मोह रही है। राम की पैड़ी के निकट इस चौराहे पर पहुंचने वाला हर एक शख्स तस्वीर खिंचाने से खुद को रोक नहीं पाता है। नयाघाट चौराहे पर बेतरतीब चलते यातायात के कारण अक्सर यहां घंटों लंबा जाम लग जाता था। भीड़ की स्थिति में तीर्थयात्रियों को अक्सर यहीं से हनुमानगढ़ी के लिए पैदल जाना पड़ता था। लेकिन अब अयोध्या के सबसे बड़े टूरिस्ट अट्रैक्शंस में लता चौक शामिल है। यहां से अयोध्या धाम के विभिन्न कोनों में यात्रा करने के लिए ई-बस, ई-कार्ट व ई-व्हिकल जीरो कार्बन एमिशन के साथ सुगम यात्रा सुनिश्चित करते हैं।

ई-बस की सुविधा का मिल रहा लाभ
रामलला के भव्य मंदिर में विराजमान होने से पहले ही प्रदेश सरकार ने अयोध्या की सड़कों और ई बसेज की सुविधा शुरू कर दी। लगभग 20 बसें आज भी सहादतगंज से होते हुए राममंदिर नया घाट व कटरा की तरफ चल रही है। इससे न सिर्फ रोडवेज के राजस्व में इजाफा हुआ है बल्कि स्थानीय लोगों में भी खुशी की लहर है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कम पैसे में राम मंदिर तक पहुंच रहे हैं। अयोध्या धाम में नए बस अड्डे का निर्माण हो चुका है। अयोध्या धाम से 25 लॉन्ग रेंज ई-बसें गोरखपुर, लखनऊ, प्रयागराज समेत विभिन्न जनपदों से संचालित हैं। तीर्थ क्षेत्र में वातानुकूलित ई-बसों तीर्थयात्रियों व आम लोगों की यात्रा का माध्यम बन गई हैं।

गुप्तार घाट व सूर्यकुंड का जीर्णोद्धार
अयोध्या में पर्यटन को बढ़ाने के लिए तेजी से कार्य हो रहा है। भगवान राम के साकेतवास स्थल गुप्तारघाट घाट पर बड़ा डेवलपमेन्ट हुआ है। यहां कभी लोग शाम के समय जाना सुरक्षित नहीं समझते थे। वहां आज देर रात तक लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। पक्के घाट-पार्क व डेकोरेटिव लाइट लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं। इसी क्रम में दर्शननगर स्थित भगवान सूर्य के मंदिर सूर्यकुंड को भी निखारा गया। आलम यह है कि रात के समय वहां लोग फाउंटेन शो देखने पहुंच रहे हैं। इसी कारण सूर्यकुंड राम मंदिर के बाद दूसरा बड़ा पर्यटन स्थल बन गया है। सोहावल की समदा झील को भी पर्यटन स्थल बनाने का कार्य किया जा रहा है। हनुमानगढ़ी व जन्मभूमि मंदिर के बाद गुप्तार घाट व सूर्यकुंड सबसे बड़े टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनकर उभरे हैं। गुप्तार घाट पर वॉटर एडवेंचर स्पोर्ट्स व वॉटर मेट्रो का संचालन होता है। सूर्य कुंड का मेकओवर पूरी दुनिया से पर्यटकों को आकर्षित करता है। भगवान राम से जुड़े सभी 108 प्राचीन कुंडों का भी जीर्णोद्धार कराया जा रहा है।

स्वास्थ्य सुविधाओं में हुआ इजाफा
अयोध्या में स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा इजाफा हुआ है। दर्शननगर स्थित राजर्षि दशरथ मेडिकल कालेज में 195 करोड से 200 बेड के चिकित्सीय भवन का लोकार्पण हुआ है। इसके साथ ही उसमें तमाम आधुनिक जांचों को विस्तार मिला है। जिला और महिला अस्पताल के अलावा मेडिकल कालेज में 24 घंटे चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध हैं। मेडिकल कॉलेज का कायाकल्प हुआ। जल्द ही एक मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल खोलने की योजना पर भी कार्य चल रहा है। अयोध्या में राम मंदिर बनने से पहले ही यहां आने वाले पर्यटकों के वाहनों को खड़ा करने का इंतजाम किया गया है। इसी क्रम में मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण हुआ है। अमानीगंज और टेढ़ी बाजार में आधुनिक मल्टी लेवल पार्किंग बनाई गई है। इसमें नीचे वाहन पार्क होते है, जबकि ऊपर के मंजिलों में दुकानें व रेस्टोरेंट इत्यादि हैं। यातायात को सुगम बनाने के लिए सात करोड़ की लागत से आईटीएमएस की स्थापना कराई गई। शहर के 21 चौराहों/तिराहों पर सिग्नल लाइट के अलावा आधुनिक कैमरे भी लगाए गए हैं। मॉडर्न मल्टीलेवल पार्किंग कॉम्पलेक्स का निर्माण हुआ और भविष्य की जरूरतों के अनुसार अन्य पार्किंग स्थलों के निर्माण की प्रक्रिया को भी गति दी जा रही है।

पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर रहा है पूरा फोकस
यहां करोड़ों की लागत से अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का भव्य निर्माण कराया गया। यहां से वंदे भारत व अन्य बड़े महानगरों को जोड़ने के लिए ट्रेनों की शुरुआत कराई गई। महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट ने अयोध्या की दिशा ही बदल दी। 30 दिसम्बर को लोकार्पण के बाद यहां से देश की कई एयरलाइन्स कंपनियों ने अपने विमानों की शुरुआत कर दी। आज दूर दराज से आने वाले लोग हवाई मार्ग को प्राथमिकता दे रहे हैं। पहले अयोध्या स्टेशन पर इक्का-दुक्का ट्रेनें ही रुकती थीं। ज्यादातर ट्रेनें फैजाबाद होकर जाती थीं। इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनना तो कल्पना के परे था। अयोध्या देश के प्रमुख शहरों से रेल मार्ग के जरिए जुड़ चुका है। स्टेट ऑफ द आर्ट अयोध्या धाम स्टेशन लोकार्पित हो चुका है। महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट हवाई मार्ग से भी अयोध्या को देश-दुनिया को जोड़ने का  माध्यम बन रहा है।

बिजली व्यवस्था सुधरी, बन रहा ट्रीटमेंट प्लांट
अयोध्या धाम व फैज़ाबाद के मुख्य मार्गों के सभी बिजली की लाइन को अंदर ग्राउंड कर दिया गया है। अब यहां सड़कों पर लटकते तार कम ही दिखते हैं। पेयजल योजना फेज-3 से पीने के पानी की सुविधा को बल मिल गया। अब नगर निगम उच्च क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट भी लगवा रहा है, ताकि गंदे पानी को साफ कर पीने योग्य बनाया जा सके। इसमें 15 नालों का पानी ट्रीट होगा। अयोध्या धाम अब प्रदेश की सबसे साफ और व्यवस्थित नगरी में से एक है। यहां कूड़ा निस्तारण की प्रणाली विकसित की गई है। 24 घंटे विद्युत आपूर्ति है और हर घर नल से शुद्ध जल की व्यवस्था योगी सरकार ने की है। मच्छरजनित व संक्रामक रोगों के रोकथाम में भी कमी आई है।

सोलर पावर प्लांट से बिजली बनने लगी
अयोध्या में रामपुर हरवारा के सरायरासी गांव में स्थापित सोलर पावर प्लांट से अब बिजली का उत्पादन होने लगा है। अयोध्या धाम से निकट 165 एकड़ में बने इस सोलर पावर प्लांट पर एनटीपीसी ने काम शुरू कर दिया है। फिलहाल यहां से 14 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण यूपीनेडा के इस परियोजना से 40 मेगावाट बिजली का उत्पादन होगा।मेगावाट मतलब कुल तीन लाख यूनिट बिजली होगी जो प्रतिदिन हम सेंट्रल ग्रिड को भेज पाएंगे। शहर के सभी प्रमुख मार्ग सौर ऊर्जा युक्त फैंसी विक्टोरियन आर्क थीम्ड लैंप्स व एलईडी लाइट्स से युक्त हैं। अयोध्या को सोलर सिटी के तौर पर विकसित किया जा रहा है और पीएम सूर्यघर योजना समेत तमाम परियोजनाएं यहां क्रियान्वित हैं। अयोध्या में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की कार्ययोजना पर कार्य शुरू हुआ। अयोध्या धाम को सोलर सिटी के तौर पर विकसित करने के कार्य आगे बढ़े। आज अयोध्या न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि देश-दुनिया में सोलर सिटी के तौर पर पहचान बुलंद कर रहा है।

Also Read

अयोध्या विकास प्राधिकरण शुरू करेगा 'एक दीया राम के नाम' का कार्यक्रम 

17 Oct 2024 08:47 PM

अयोध्या दीपोत्सव पर ऑनलाइन करें दीपदान, घर पहुंचेगा प्रसाद : अयोध्या विकास प्राधिकरण शुरू करेगा 'एक दीया राम के नाम' का कार्यक्रम 

श्रद्धालुओं के ऐसे भक्ति-भाव को ध्यान में रखते हए इस वर्ष भी दीपोत्सव महापर्व के अवसर पर ‘एक दीया राम के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। वहीं, गुरुवार को डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय प्रशासन ने कुलपति के निर्देशन में दीपोत्सव के भव्य आयोजन को लेकर 22 समितियां गठ... और पढ़ें