मिस यूनिवर्स हुई रामजी की दीवानी : ये बनेगी अयोध्या की रामलीला में सीता, 42 फिल्म स्टॉर करेंगे मंचन

ये बनेगी अयोध्या की रामलीला में सीता, 42 फिल्म स्टॉर करेंगे मंचन
UPT | Symbolic Image

Oct 01, 2024 14:52

अयोध्या की पवित्र भूमि एक बार फिर धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से गुंजायमान होने जा रही है। 3 अक्टूबर से यहां की ऐतिहासिक रामलीला का भव्य मंचन होगा। इस बार की रामलीला की खासियत...

Oct 01, 2024 14:52

Ayodhya News : अयोध्या की पवित्र भूमि एक बार फिर धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से गुंजायमान होने जा रही है। 3 अक्टूबर से यहां की ऐतिहासिक रामलीला का भव्य मंचन होगा। इस बार की रामलीला की खासियत है कि इसमें फिल्म जगत के 42 कलाकार विभिन्न पौराणिक पात्रों की भूमिका निभाते नजर आएंगे। जो रामायण की दिव्यता को सजीव करेंगे। अयोध्या के श्री राम ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर शहर में भारी उत्साह है। 

माता सीता के रूप में दिखेंगी रिया सिंघा
रामलीला के इस वर्ष के संस्करण में सबसे अधिक चर्चा का विषय बना है माता सीता का किरदार। मिस यूनिवर्स इंडिया 2024 रिया सिंघा को इस पवित्र और प्रमुख भूमिका के लिए चुना गया है। यह उनकी पहली बार किसी रामलीला में भागीदारी होगी और वह इस ऐतिहासिक मंचन का हिस्सा बनने पर गर्व महसूस कर रही हैं। रिया का चयन इस बात की ओर संकेत करता है कि आधुनिकता और परंपरा के बीच संतुलन बनाते हुए रामलीला को नई पीढ़ी के करीब लाया जा रहा है।


फिल्मी सितारों की जगमगाहट
इस वर्ष की रामलीला में भोजपुरी और हिंदी सिनेमा के बड़े सितारे मंच पर अपने अभिनय से दर्शकों का मन मोहने के लिए तैयार हैं। भोजपुरी सुपरस्टार और सांसद मनोज तिवारी बाली का दमदार किरदार निभाएंगे, वहीं मशहूर अभिनेता रवि किशन सुग्रीव के रूप में नजर आएंगे। दर्शक इन दोनों के बीच संवाद और द्वंद्व को देखने के लिए उत्साहित हैं। इसके अलावा बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री भाग्यश्री वेदमाती का किरदार निभाएंगी, जबकि विख्यात लोकगायिका मालिनी अवस्थी माता शबरी की भावुक और धार्मिक भूमिका को सजीव करेंगी। इनके अलावा, भगवान शंकर की भूमिका में बिंदु दारा सिंह नजर आएंगे, जो अपने विशाल व्यक्तित्व से इस किरदार को जीवंत करेंगे। 

कई फिल्म स्टॉर करेंगे मंचन
राजा दशरथ की भावुक भूमिका में राजा मुराद, राजा जनक के रूप में राकेश बेदी और कुंभकरण के विशाल और शक्तिशाली किरदार को विनय सिंह निभाएंगे। मुनि की भूमिका में निरंजन नारंग नजर आएंगे। वहीं रामलीला के केंद्रीय पात्र प्रभु राम का किरदार वेद सागर निभाएंगे। जो अपनी शांत और दृढ़ता से भरी भूमिका के लिए जाने जाते हैं। भरत के रूप में राज मथुर का प्रदर्शन भी दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ाएगा।

रामलीला की अध्यक्षता और तैयारियां
रामलीला के अध्यक्ष सुभाष मलिक ने बताया कि इस वर्ष की रामलीला बेहद खास होगी, क्योंकि इसमें बॉलीवुड के इतने बड़े कलाकार पहली बार एक साथ मंच पर नजर आएंगे। कार्यक्रम की शुरुआत से पहले भूमि पूजन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान पूरे कर लिए गए हैं। यह भी पहली बार है जब रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद फिल्मी हस्तियों की रामलीला श्री राम ऑडिटोरियम में आयोजित हो रही है। रामलीला का आयोजन भव्य स्तर पर किया गया है, और इस आयोजन में देश के कई राज्यों के मुख्यमंत्री और राज्यपाल को भी आमंत्रित किया गया है। रामलीला के इस संस्करण से यह उम्मीद की जा रही है कि यह न केवल धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण होगा, बल्कि यह अयोध्या को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक सांस्कृतिक और धार्मिक केंद्र के रूप में फिर से स्थापित करेगा।

Also Read