बरेली मंडल में जनाधार घटने से सीएम चिंतित : जनप्रतिनिधियों से लिया फीडबैक, जमीनी हकीकत समझकर भविष्य की रणनीति समझाई

जनप्रतिनिधियों से लिया फीडबैक, जमीनी हकीकत समझकर भविष्य की रणनीति समझाई
UPT | सीएम के साथ बरेली मंडल के जनप्रतिनिधि।

Jul 24, 2024 21:23

बरेली मंडल में लोकसभा की पांच सीटें आती हैं। 2019 के चुनाव में भाजपा ने सभी सीटों को जीता था। लेकिन 2024 के चुनाव में पांच में से भाजपा ने केवल तीन सीटें ही जीती हैं। इसमें आंवला और बदायूं की सीट भाजपा हार गई।

Jul 24, 2024 21:23

Bareilly News : यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में बरेली मंडल के जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद मुख्यमंत्री ने पहली बार सीधे जमीनी फीडबैक लिया। इस दौरान सभी विधायक भी खुलकर बोले। उन्होंने अपनी बात को रखा। मुख्यमंत्री ने समझाया कि आने वाले वक्त में किस तरह से काम करना है। जिससे पार्टी की स्थिति मजबूत हो। कमजोर बिंदुओं को ठीक किया जाए और छिटके वोटर्स को वापस लाया जाए। विकास के कई प्रोजेक्ट्स को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने विधायकों की कई मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन भी दिया।

पांच में से दो सीटें गंवाई
बरेली मंडल में लोकसभा की पांच सीटें आती हैं। 2019 के चुनाव में भाजपा ने सभी सीटों को जीता था। लेकिन 2024 के चुनाव में पांच में से भाजपा ने केवल तीन सीटें ही जीती हैं। इसमें आंवला और बदायूं की सीट भाजपा हार गई। मुख्यमंत्री ने बरेली मंडल के सभी विधायकों, विधान परिषद सदस्य आदि से मुलाकात की। बातचीत के मूल में पार्टी के छिटके जनाधार को लेकर चिंता थी। बैठक के अंदर से छनकर आई खबरों के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यह समझना चाहते थे कि आखिरकार वह कौन सा वोटर था, जो 2019 और 2022 के चुनाव में साथ था। लेकिन 2024 में साथ नहीं रहा। बूथवार इसको समझा जाए। बैठक में कहा गया कि चुनाव में 50 फीसद पार्टी और 50 प्रतिशत प्रत्याशी का रोल होता है। आंवला लोकसभा पर चर्चा के दौरान यह बात सामने आई कि अति आत्मविश्वास हार का कारण बना। प्रत्याशी को लेकर भी कुछ सवाल थे। इन पर संकेतों में बात कही  गई।

बैठक में उठी बिजली और पशुओं की समस्या 
इस दौरान बिजली कटौती और पशुओं का भी जिक्र सामने आया। ब्यूरोक्रेसी के रवैये पर भी बात शुरू हुई। वह बात पूरी नहीं हो सकी और हेलमेट के बिना भी चालान होने के मुद्दे पर उलझकर रह गई। बताया गया है कि मुख्यमंत्री ने कहा कि नियमों का पालन तो करना ही चाहिए। हेलमेट जान बचाने के लिए बेहद जरूरी है। कई विधायकों ने बिजली का मुद्दा उठाया। कहा गया कि अब बिजली नहीं आ रही है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में समस्याएं बहुत अधिक हैं। मुख्यमंत्री ने व्यवस्था ठीक कराने की बात कही। काफी देर तक चली इस बैठक में विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा, राजीव कुमार सिंह बब्बू, महेश गुप्ता, डॉ.एमपी आर्या, हरीश शाक्य, सुधीर गुप्ता, सलोना कुशवाह, हरि प्रकाश वर्मा, स्वामी प्रवक्तानंद, प्रोफेसर डा. श्याम बिहारी लाल, मंत्री जेपीएस राठौर, मंत्री धर्मपाल सिंह, सुरेश खन्ना, डा. अरुण कुमार, संजय गंगवार, डा.डीसी वर्मा, अरविंद सिंह, बहोरन लाल मौर्य, वीर विक्रम सिंह प्रिंस, कुंवर महाराज सिंह आदि मौजूद रहे।

कुंवर महाराज सिंह ने सैदापुर पुल का मुद्दा उठाया
एमएलसी कुंवर महाराज सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया। उन्होंने बिजली की समस्या को प्रखरता से सामने रखा। बोले, बिजली की दिक्कत बढ़ गई है। इसके साथ ही फरीदपुर में एक पुल जो शाहपुर बनियान को पचौमी के पास सैदापुर से जोड़ता है, उसके खराब हाल को भी मुख्यमंत्री के सामने रखा। उन्होंने कहा कि यह पुल गन्ना बेल्ट को द्वारकेश चीनी मिल से भी जोड़ता है। इसको ठीक नहीं किया गया, तब बड़ी समस्या होगी। मुख्यमंत्री ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। कुंवर महाराज सिंह गंगा की खादर में चकबंदी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कई दबंगों ने छोटे किसानों की जमीनों को जोत रखा है। शिकायतों के बाद भी उनको अपने हक की जमीन नहीं मिल पाती है। उनकी बात को ध्यान से सुनकर समुचित निस्तारण का आश्वासन दिया गया।

डॉ.आर्या ने नवाबगंज में कई विकास के मुद्दों को उठाया 
नवाबगंज के विधायक डॉ.एमपी आर्या ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने कई प्रमुख मुद्दों को रखा। उन्होंने कहा कि बिजली की व्यवस्था ठीक नहीं है। कई अधिकारी भी इसके लिए जिम्मेदार हैं, जो सरकार की छवि को खऱाब करना चाहते हैं। विधायक डा.आर्य ने मुख्यमंत्री को नवाबगंज आने के लिए निमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि सितंबर के अंत में अटल स्कूल का उद्घाटन उनके हाथों से किया जाए। इसके साथ ही यह भी बताया कि सटी हुई जमीन पर मारूति उद्योग की ओर से एक सीबीजी प्लांट लगाया जा रहा है। इसका शिलान्यास भी उसी दिन कर दिया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री को विभिन्न मांगों को लेकर कई पत्र भी सौंपे। इसमें देवहा नदी पर पुल का मुद्दा उठाया गया तथा नदी पर पिचिंग को आवश्यक बताया गया। विधायक नवाबगंज ने कुंडरा कोठी रोड का मुद्दा भी उठाया तथा कहा कि यह सिंगिल रोड है। इस पर वाहनों की संख्या अधिक रहती है। इसलिए इसका चौड़ीकर किया जाना चाहिए। विकास खंड भदपुरा के कर्मचारी आवासों का पुननिर्माण कराये जाने, क्योलड़िया के पास डैम के रास्ते के चौड़ीकरण व नवाबगंज में रोडवेज का बस स्टैंड बनाने की मांग रखी गयी है।

नई योजनाओं से विकास कार्यों में आएगी तेजी : डॉ.उमेश गौतम
खासतौर पर विधायकों की बैठक से अलग मेयर डॉ. उमेश गौतम की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अलग से मुलाकात हुई। उन्होंने बरेली को लेकर अपना फीडबैक दिया तथा कई विकास कार्यों पर चर्चा भी की। डॉ. गौतम ने कहा है कि जल्द ही विकास की विभिन्न परियोजनाओं, नई योजनाओं के क्रियान्वयन में काफी तेजी आएगी। लखनऊ में आज मुख्यमंत्री की ओर से बरेली मंडल के सभी जनप्रतिनिधियों को बुलाया गया था। मेयर डॉ. उमेश गौतम को अलग से समय दिया गया था। उनके साथ बातचीत में सीएम ने बरेली के बारे में फीडबैक लिया। चुनाव के परिणामों पर भी चर्चा हुई। मेयर डा. गौतम ने सालिड वेस्ट मैनेजमेंट से जुड़ा विषय भी उठाया तथा कहा कि 2021 से टेंडर में लगातार कोरीजेंडम लग रहा है। मुख्यमंत्री की ओर से इसको ठीक कराने का आश्वासन दिया गया।

मेयर ने स्मार्ट सिटी बरेली के विभिन्न विकास की योजनाओं को लेकर भी जानकारी दी तथा विस्तार से विभिन्न योजनाओं की प्रगति के बारे में बताया। भास्कर से बातचीत में मेयर ने कहा कि बरेली की विभिन्न विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में जल्द ही तेजी आयेगी। इसके काम भी तेज होंगे तथा जनता में संदेश भी अच्छा जाएगा। उन्होंने विभिन्न प्रोजेक्ट्स के संबंध में मुख्यमंत्री को अपना एक पत्र भी सौंपा।

Also Read

मनचले का वीडियो हुआ वायरल, रास्ता रोककर लगातार कर रहा था परेशान

7 Sep 2024 07:44 PM

बरेली छेड़छाड़ से परेशान छात्राओं ने दिखाई हिम्मत : मनचले का वीडियो हुआ वायरल, रास्ता रोककर लगातार कर रहा था परेशान

बरेली में मनचले से छात्राएं काफी दिनों से परेशान थीं। वह रास्ते में बाइक रोक कर छात्राओं से छेड़छाड़ करता था। शनिवार को भी मनचले ने छात्राओं से रास्ते में छेड़छाड़ की। मगर, परेशान छात्राओं ने मनचले को मारने के लिए पत्थर उठा लिया। यह देख मनचला फरार हो गया। मगर, उसकी यह हरकत सी... और पढ़ें