ब्रेकिंग

फतेहपुर: बारिश से बिजली व्यवस्था ठप, 250 गांवों में 15 घंटे तक blackout

अमौली, बहुआ और किशनपुर क्षेत्र में ट्रांसफार्मर-केबल में जलभराव और टूटे पोल के कारण कुल करीब 1.10 लाख लोग दो दिन से बिजली व पेयजल संकट झेल रहे हैं।

फतेहपुर: बारिश से बिजली व्यवस्था ठप, 250 गांवों में 15 घंटे तक blackout
फोटो: अमर उजाला

फतेहपुर/अमौली। लगातार हो रही बारिश से अमौली, बहुआ और किशनपुर क्षेत्र की बिजली व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही। इन तीनों क्षेत्र के करीब 250 गांव में 15 घंटे तक बिजली सप्लाई बंद रही और करीब 1.10 लाख लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

पानी के भर जाने से मशीनों और केबल में फॉल्ट आ गया। अमौली कस्बे के विद्युत उपकेंद्र में दो दिन से जमा पानी के कारण सब फीडरों की आपूर्ति बंद कर दी गई। दपसौरा, पंप कैनाल, मानेपुर, चांदपुर, अमौली, बिरनई और देवरी समेत सात फीडरों से जुड़े 50 से अधिक गांव प्रभावित हुए।

उपकेंद्र और फीडर प्रभावित

उपकेंद्र के नीचे जलभराव से ट्रांसफार्मर तक जाने वाली केबल पानी में डूब गई। शनिवार सुबह आपूर्ति बहाल करने के कई प्रयास हुए, लेकिन फॉल्ट बार-बार आ गया जिससे कर्मचारी पूरा दिन मरम्मत में लगे रहे। अवर अभियंता अनिल मलिक ने बताया कि पंपिंग सेट से उपकेंद्र का पानी निकाला जा रहा है और रात तक आपूर्ति बहाल करने का प्रयास जारी रहेगा।

कई गांवों में पेयजल संकट भी गहरा गया। ग्रामीणों ने बताया कि उनके घरों के इन्वर्टर दो दिन में जवाब दे चुके हैं और अधिकांश सरकारी हैंडपम्पों में सबमर्सिबल पंप लगे होने के कारण पानी न मिलने पर लोगों को भटकना पड़ा। ग्रामीण रवि, अनिल, उमेश, अवधेश और विनोद ने उपकेंद्र से नियमित बिजली न मिलना भी बताया।

दूसरी घटना बहुआ क्षेत्र की है जहां शुक्रवार रात दरवेशाबाद ट्रांसमिशन से बहुआ व दतौली उपकेंद्रों को आने वाली 33 केवी लाइन पर चक हैबतपुर के पास पेड़ की डाल गिर गई। इससे दोनों उपकेंद्रों की आपूर्ति करीब 15 घंटे बाधित रही और लगभग 200 गांवों की एक लाख आबादी प्रभावित हुई।

बाहुआ के ललौली, शाह, पथरी, बहुआ, हरियापुर, मुत्तौर, पखरौली और थवाई तथा दतौली के जिवकरा, दतौली और भोदर फीडर से जुड़े गांवों में रातभर बिजली नहीं रही। अवर अभियंता केतकार सिंह ने बताया कि डाल हटाकर मरम्मत कर सुबह 11 बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई।

किशनपुर कस्बे के टाउन फीडर में भी शुक्रवार रात बांदा की ओर से आ रहे मौरंग लदे ट्रक के टकराने से दो HT पोल टूट गए और एलटी केबल क्षतिग्रस्त हुईं। इससे करीब 10 हजार लोग रात भर अंधेरे में रहे। अवर अभियंता नफीस ने बताया कि वैकल्पिक व्यवस्था से बिजली बहाल कर दी गई है और बारिश बंद होते ही क्षतिग्रस्त लाइन की दुरुस्ती की जाएगी।

स्रोत: अमर उजाला

अगली खबरफतेहपुर: रोजगार मेले में 763 में से 273 अभ्यर्थियों का चयनफतेहपुर: रोजगार मेले में 763 में से 273 अभ्यर्थियों का चयन
Alok Kumar

Alok Kumar

कई वर्षों से समाचार, योजना, रोजगार इत्यादि मामलों से जुड़े कार्यों में संलग्न।