फतेहपुर। ठाकुर युगराज सिंह फार्मेसी कॉलेज की संबद्धता और कॉलेज के लिए दर्शाई गई भूमि को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। शिकायत में मुख्यमंत्री और जनसुनवाई अनुभाग के नोडल अधिकारी को पत्र भेजकर स्वतंत्र जांच व जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत आवास विकास निवासी अधिवक्ता संजय सिंह ने दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि कॉलेज को डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय लखनऊ से संबद्धता दिलाते समय भूमि और संस्थान की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े नियमों की अनदेखी की गई। उन्होंने फार्मेसी पाठ्यक्रम के संचालन के लिए जरूरी संसाधनों व व्यवस्थाओं की भी जांच कराने कहा है।
भूमि हस्तांतरण और नक्शा‑राजस्व विवाद
शिकायत में कहा गया है कि 18 अगस्त 2018 को निरंकारी गर्ल्स हाईस्कूल और एंग्लो संस्कृत कॉलेज से संबंधित भूमि में से करीब 0.3100 हेक्टेयर भूमि अपने पक्ष में दान किए जाने की प्रक्रिया अपनाई गई। पत्र में बताया गया है कि 0.3640 हेक्टेयर भूमि में से 0.3100 हेक्टेयर के हस्तांतरण के लिए शिक्षा विभाग से अनुमति लिए जाने का उल्लेख है।
शिकायतकर्ता ने दावा किया है कि इसी भूमि के आधार पर फार्मेसी पाठ्यक्रम संचालन के लिए संबद्धता प्राप्त की गई। उन्होंने नक्शा संख्या 1117/2020 का हवाला देते हुए कहा है कि इसमें गाटा संख्या 2526 में दूसरी इंस्टीट्यूशनल बिल्डिंग दिखायी गई है, जबकि राजस्व अभिलेखों में गाटा संख्या 2526 का क्षेत्रफल करीब 1.4570 हेक्टेयर बताया गया है।
शिकायत में यह भी बताया गया कि गाटा संख्या 2526 और 2543 एक-दूसरे से सटे नहीं हैं और दोनों की चौहद्दी अलग है। इसलिए संस्थान की वास्तविक स्थिति, भूमि स्वामित्व, नक्शे और मौके पर मौजूद भवन का सत्यापन कराने की मांग की गयी है।
जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह उर्फ पप्पू सिंह से जब प्रकरण पर उनका पक्ष जानने के लिए पूछा गया तो उन्होंने कहा, “उन्हें प्रकरण की कोई जानकारी नहीं है।” शिकायत में यह आरोप भी है कि जनसुनवाई पोर्टल पर पहले शिकायत दर्ज होने और शासन स्तर से रिपोर्ट व पत्र जारी होने के बाद भी मौके पर जांच पूरी नहीं की गई।
शिकायतकर्ता ने स्वतंत्र व निष्पक्ष जांच की मांग की है ताकि संबद्धता और भूमि हस्तांतरण से जुड़ी असमानताएँ स्पष्ट हों और दोषी पाए जाने पर प्रशासन कार्रवाई करे। आगे की कार्रवाई के लिए पत्र के आधार पर संबंधित विभागों को रिपोर्ट भेजने की उम्मीद की जा रही है।
स्रोत: अमर उजाला

