बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन क्षेत्र में तेंदुओं का आतंक जारी है। पिछले तीन दिनों में वन विभाग ने दूसरे आदमखोर तेंदुए को भी सफलतापूर्वक पकड़ लिया है।
बहराइच में पकड़ा गया दूसरा आदमखोर तेंदुआ : बकरी का शिकार करने के प्रयास में पिंजरे में फंसा, स्वास्थ्य परीक्षण के बाद छोड़ा वापिस
Oct 03, 2024 11:54
Oct 03, 2024 11:54
ये भी पढ़ें : हिंदू संगठनों द्वारा 14 मंदिरों से हटाई गईं साईं प्रतिमाएं, जानिए 28 और निशाने पर क्यों
तेंदुए ने फैलाई दहशत
कतर्नियाघाट के सुजौली रेंज के अयोध्या पुरवा और अन्य आसपास के गांवों में तेंदुओं का आतंक छाया हुआ था। पांच दिन पहले तेंदुए ने एक घर में घुसकर 13 वर्षीय सायबा नाम की किशोरी पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था, जिसका इलाज लखनऊ के अस्पताल में चल रहा है। इसके बाद रविवार को तेंदुए ने धर्मपुर बेझा के मैकूपुरवा गांव में 40 वर्षीय किसान कंधई को अपना शिकार बना लिया। उनकी लाश जंगल में मिली थी। वहीं, मंगलवार की रात तेंदुए ने एक वृद्ध महिला, रहमाना, पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया था।
पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ
लगातार हो रहे हमलों से इलाके के लोग दहशत में थे। वन विभाग की टीम तेंदुओं को पकड़ने के लिए लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही थी। इसी दौरान, बुधवार को वन विभाग ने एक गन्ने के खेत में पिंजरा लगाया और उसमें एक बकरी को बांध दिया। रात करीब 9 बजे तेंदुआ बकरी का शिकार करने वहां पहुंचा और पिंजरे में घुसते ही कैद हो गया। वन विभाग की टीम मौके पर तुरंत पहुंची और तेंदुए को रेंज कार्यालय ले जाया गया।
स्वास्थ्य परीक्षण के बाद जंगल में छोड़ा जाएगा तेंदुआ
वन रेंजर रोहित यादव ने बताया कि तेंदुए को रात में ही रेंज कार्यालय लाया गया, जहां गुरुवार की सुबह डॉक्टरों की एक टीम ने उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया। डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के वरिष्ठ परियोजना अधिकारी दबीर हसन ने जानकारी दी कि तेंदुए को जल्द ही किसी सुरक्षित जंगल या चिड़ियाघर में छोड़ दिया जाएगा। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोग अब थोड़ी राहत महसूस कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें : केजरीवाल का नया पता फाइनल : कल सीएम आवास छोड़ेंगे, गाजियाबाद में कौशाम्बी वाले घर नहीं लौटेंगे, अब ये होगा ठिकाना...
पहले भी पकड़ा गया था एक तेंदुआ
यह घटना उसी तेंदुआ पकड़ने की श्रृंखला का हिस्सा है, जिसमें सोमवार की तड़के धर्मपुर बेझा गांव के बाहर एक और तेंदुआ पकड़ा गया था। उस समय भी पिंजरे में बकरी को बांधकर तेंदुए को लुभाया गया था, और तेंदुआ शिकार करने के प्रयास में पिंजरे में कैद हो गया था।