उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के रहने वाले अरविंद कपूर को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी इस नियुक्ति से झांसी में खुशी का माहौल है।
यूपी के अरविंद कपूर बने भारतीय क्रिकेट टीम के मैनेजर : गांव में खुशी की लहर, बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला को दिया श्रेय
Oct 14, 2024 12:23
Oct 14, 2024 12:23
भारतीय टीम ने मैनेजर नियुक्त किया
उन्हें आगामी भारत बनाम न्यूजीलैंड की तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का मैनेजर नियुक्त किया गया है। यह सीरीज 16 अक्टूबर से बेंगलुरु, पुणे और मुंबई में खेली जाएगी।उन्होंने कानपुर में आयोजित भारत बनाम बांग्लादेश टेस्ट मैच में भारतीय टीम के स्थानीय मैनेजर के रूप में अपनी सेवाएँ दी थीं। इसके अलावा वे कानपुर और लखनऊ में खेले गए कई अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल मैचों में विभिन्न टीमों के अधिकारी और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर बीसीसीआई और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) द्वारा नियुक्त किए जाते रहे हैं।
क्रिकेट में रहा बहुत योगदान
अरविंद कपूर का क्रिकेट प्रशासन में लंबा अनुभव रहा है। बीसीसीआई द्वारा उन्हें 2023 में अहमदाबाद में आयोजित भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट मैच में ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया था। इससे पहले 2017 में, उन्हें विशाखापत्तनम में भारत 'ए' और न्यूजीलैंड 'ए' के बीच खेली गई टेस्ट और एकदिवसीय सीरीज के लिए टीम मैनेजर के रूप में नियुक्त किया गया था। इस सीरीज में राहुल द्रविड़ भारतीय 'ए' टीम के कोच थे और अरविंद कपूर ने उनके साथ मिलकर शानदार काम किया था। अरविंद कपूर का क्रिकेट से जुड़ाव केवल प्रशासनिक स्तर तक ही सीमित नहीं रहा है। वे कई वर्षों तक उत्तर प्रदेश की जूनियर और सीनियर चयन समितियों के चेयरमैन भी रह चुके हैं। उनके कार्यकाल में चयनित कई खिलाड़ी अब सीनियर और जूनियर भारतीय टीम और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। यह अरविंद कपूर की नेतृत्व क्षमता और उनके कुशल प्रबंधन का प्रमाण है कि उनके द्वारा चयनित खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
बीसीसीआई उपाध्यक्ष को दिया श्रेय
अपनी उपलब्धि पर बात करते हुए अरविंद कपूर ने इसका श्रेय अपने कठिन परिश्रम, माता-पिता और परिवार के आशीर्वाद, और झाँसी के खेल प्रेमियों को स्नेह दिया। उन्होंने विशेष रूप से बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला के योगदान को रेखांकित किया। अरविंद कपूर के अनुसार राजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और प्रयासों से उत्तर प्रदेश क्रिकेट में सकारात्मक बदलाव आए हैं। जिसके फलस्वरूप प्रदेश के क्रिकेट खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर अवसर मिल रहे हैं।
ये भी पढ़ें : हवाई यात्रा करने वालों के लिए राहत : घरेलू मार्गों पर किराये में आई गिरावट, जानिए कितना सस्ता हुआ किराया
अरविंद कपूर के लंबे अनुभव और समर्पण का फल
अरविंद कपूर स्वयं एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी रहे हैं। स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ और कानपुर हॉस्टल के पूर्व छात्र कपूर को एक उत्कृष्ट खिलाड़ी के रूप में जाना जाता था। अब वे एक कुशल और सक्षम खेल प्रशासक के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। उनके नेतृत्व में झाँसी डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (जेडीसीए) के माध्यम से स्थानीय क्रिकेट को नई दिशा मिल रही है। उनके प्रयासों से झाँसी में क्रिकेट की बुनियादी सुविधाओं में सुधार हुआ है और युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिल रहा है।
झाँसी डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन ने इसे गर्व का क्षण बताया
झाँसी डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अजय मिश्रा ने इस नियुक्ति को झाँसी रेलवे, जेडीसीए, और शहर के समस्त क्रिकेट प्रेमियों और खिलाड़ियों के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल क्रिकेट बल्कि अन्य खेलों के लिए भी प्रेरणादायक है। मिश्रा जी ने बताया कि अरविंद कपूर की इस सफलता से झाँसी के युवा खिलाड़ियों में नया जोश आया है और वे अपने सपनों को साकार करने के लिए और अधिक मेहनत कर रहे हैं। अरविंद कपूर का सफर, एक क्रिकेट खिलाड़ी से लेकर भारतीय टीम के मैनेजर तक, झाँसी और समूचे उत्तर प्रदेश के लिए एक अद्भुत उपलब्धि है। यह उनके अथक प्रयासों और क्रिकेट के प्रति समर्पण का प्रमाण है। झाँसी डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने अरविंद कपूर को हार्दिक बधाई दी है और आगामी टेस्ट सीरीज में भारतीय टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की है।
Also Read
14 Oct 2024 03:19 PM
झांसी में सनसनीखेज हत्याकांड! बहू ने झूठे आरोप लगाकर अपने मायके वालों से मिलकर ससुर की हत्या करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। और पढ़ें