शर्मनाक करतूत: घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ करने वाला सिपाही बर्खास्त, लखनऊ के अस्पताल में चल रहा इलाज

घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ करने वाला सिपाही बर्खास्त, लखनऊ के अस्पताल में चल रहा इलाज
UPT | उमेश चंद्र

Oct 09, 2024 09:41

कन्नौज एसपी अमित कुमार आनंद ने महिला से छेड़छाड़ करने वाले सिपाही को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया है। इसके साथ ही आरोपी सिपाही के खिलाफ विधिक कार्रवाई की भी तैयारी की जा रही है। आरोपी सिपाही का इलाज लखनऊ में चल रहा है।

Oct 09, 2024 09:41

Short Highlights
  • कन्नौज में डायल 112 में तैनात सिपाही पुलिस सेवा से बर्खास्त।
  • शराब के नशे में धुत सिपाही ने घर में घुस कर महिला से की थी छेड़छाड़।
  • स्थानीय लोगों की पिटाई से सिपाही घायल, लखनऊ में चल रहा रहा इलाज।
  • आरोपी सिपाही पर दर्ज होगा छेड़छाड़ का मुकदमा।
Kannauj News: यूपी के कन्नौज से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में धुत एक सिपाही ने घर में घुस कर महिला से छेड़छाड़ की। महिला ने जबरदस्ती का विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की। चीखपुकार सुनकर कर स्थानीय लोगों की भीड़ इकठ्ठा हो गई। भीड़ ने सिपाही को पकड़ कर जमकर पिटाई कर दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसका उपचार लखनऊ के प्राइवेट हॉस्पिटल में चल रहा है। एसपी ने जांच के बाद आरोपी सिपाही को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया है।

सिपाही उमेश चंद्र डायल 112 में तैनात था। तालग्राम थाना क्षेत्र निवासी महिला के पति दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। महिला दो बच्चों के साथ अकेले घर में रहती है। महिला ने बताया कि रविवार रात नशे में सिपाही मोहल्ले के एक युवक के साथ घर में घुस आया। पति को दुष्कर्म और हत्या के केस फंसाने की धमकी देने लगा। इसके बाद जबरन अपने साथ हाथ पकड़ कर चारपाई पर बैठने लगा।

सिपाही के चुंगल से छुड़ाया 
पीड़िता का आरोप है कि जब उसकी इस करतूत का विरोध किया तो वह बदसलूकी करने लगा। छीनाझपटी के दौरान मंगलसूत्र टूट गया। इस दौरान सिपाही ने उसके पेट में लात मारने के साथ ही जमकर मारपीट कर दी। चीखपुकार सुनकर स्थानीय लोगों की भीड़ महिला के घर पहुंच गई।

सिपाही पर दर्ज होगा मुकदमा 
स्थानीय लोगों ने सिपाही उमेश चंद्र को दबोच लिया, और उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान सिपाही खुद को छुड़ाकर भागने लगा तो वह चबूतरे से गिर पड़ा। उमेश को सीएचसी भेजा गया था, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। इसके बाद परिजनों ने उसे लखनऊ के प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। एसपी अमित कुमार आनंद ने जांच कराई तो सिपाही पर आरोप सही पाए गए। एसपी ने सिपाही को बर्खास्त कर दिया है, इसके साथ ही विधिक कार्रवाई भी की जा रही है।

Also Read