अनाथालय से फरार एक और किशोरी मिली : अब तक तीन की तलाश में पुलिस सफल, छह का लगाया जा रहा सुराग

अब तक तीन की तलाश में पुलिस सफल, छह का लगाया जा रहा सुराग
UPT | Shri Ram Audhyogic Anathalaya

Oct 20, 2024 01:08

अयोध्या से मिली किशोरी को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सुपुर्द किया गया है। अन्य छह किशोरियों को भी तलाशने के लिए पुलिस की टीमें विभिन्न स्थानों में लगी हुई हैं।

Oct 20, 2024 01:08

Lucknow News : राजधानी के अलीगंज स्थित श्रीराम औद्योगिक अनाथालय से भागी नौ किशोरियों में से एक और किशोरी को अयोध्या में सकुशल तलाश लिया गया है। अब तक तीन किशोरियों की सकुशल वापसी हो चुकी है। शेष छह किशोरियों की तलाश में पुलिस की टीमें विभिन्न जिलों में सुराग तलाश रही हैं।

बाथरूम की ग्रिल काटकर हुईं थी फरार
अलीगंज के एसीपी बृजनारायण सिंह ने बताया कि किशोरियां अनाथालय के बाथरूम की ग्रिल काटकर फरार हो गईं थीं। शुक्रवार सुबह इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कुछ घंटों बाद पुरनिया पुल के पास से दो किशोरियों को ढूंढ़ निकाला था। बाकी किशोरियों की तलाश में अयोध्या, बहराइच, बाराबंकी और सीवान में पुलिस टीमें लगाई गई थीं। इस बीच शनिवार को अयोध्या के इनायतनगर में एक किशोरी को उसके रिश्तेदार के घर से ढूंढ निकालने में सफलता मिली। 



सीडब्ल्यूसी को सौंपा गई किशोरी
अयोध्या से मिली किशोरी को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सुपुर्द किया गया है। इंस्पेक्टर विनोद तिवारी ने बताया कि अन्य छह किशोरियों को भी तलाशने के लिए पुलिस की टीमें विभिन्न स्थानों में लगी हुई हैं। छानबीन के दौरान यह पता चला है कि कुछ किशोरियां अपने घर नहीं पहुंची हैं। इससे जाहिर हो रहा है कि ये किसी अन्य लोकेशन पर हैं।

रात के अंधेरे का फायदा उठाकर भागीं किशोरियां
इससे पहले शुक्रवार की भोर करीब 3:45 बजे अलीगंज थाना क्षेत्र में स्थित अनाथालय से नौ किशोरियों के अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने की जानकारी पुलिस को​ मिली। अनाथालय के कर्मचारियों को इस घटना की भनक तक नहीं लगी। बाद में गिनती के दौरान लड़कियों के गायब होने का खुलासा होने पर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद तेजी से कार्रवाई शुरू हुई और आसपास के थानों को अलर्ट किया गया। खोजबीन के बाद दो किशोरियों को तलाशने के साथ ही अन्य के बारे में टीमें जानकारी करने में जुटी थीं। चौबीस घंटे बाद पुलिस को एक और सफलता मिली। 

पहले भी भाग चुके हैं बच्चे
यह पहली बार नहीं है जब श्रीराम औद्योगिक अनाथालय से बच्चे भागे हों। इससे पहले भी कई बच्चे यहां से फरार हो चुके हैं। कुछ समय पहले अनाथालय की मान्यता महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग द्वारा निरीक्षण के बाद रद्द कर दी गई थी, लेकिन बाद में इसे बहाल कर दिया गया। अनाथालय में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अब भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Also Read