सीएम योगी तीन अक्टूबर से मिशन शक्ति फेज 5.0 का करेंगे आगाज : मुख्य सचिव ने विभागों की तैयारियों का लिया जायजा

मुख्य सचिव ने विभागों की तैयारियों का लिया जायजा
UPT | Chief Secretary Manoj Kumar Singh

Sep 27, 2024 22:18

मुख्य सचिव मनोज कुमार ने बताया कि मिशन शक्ति का यह नया फेज तीन अक्टूबर 2024 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शारदीय नवरात्रि के पहले दिन शुभारंभ किया जाएगा। इस दौरान लखनऊ में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

Sep 27, 2024 22:18

Lucknow News : मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने मिशन शक्ति फेज 5.0 की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे इस विशेष अभियान की रूपरेखा पर चर्चा की गई। सचिव मनोज कुमार ने बताया कि मिशन शक्ति का यह नया फेज तीन अक्टूबर 2024 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शारदीय नवरात्रि के पहले दिन शुभारंभ किया जाएगा। इस दौरान लखनऊ में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसे ऑनलाइन लिंक के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर सभी जनपदों में महिला सशक्तिकरण रैलियों का भी आयोजन किया जाएगा, ताकि महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक और प्रेरित किया जा सके।

पिंक बूथ-पिंक पैट्रोल की होगी व्यवस्था
महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने 'पिंक बूथ' और 'पिंक पैट्रोल' जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं को लागू करने का फैसला किया है। मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि लखनऊ के तर्ज पर प्रदेश के सभी कमिश्नरेट्स में 'पिंक बूथ' स्थापित किए जाएं। इन बूथों पर महिला पुलिसकर्मी तैनात होंगी, जो महिलाओं की समस्याओं का तत्काल समाधान करेंगी। इसके साथ ही, 'पिंक स्कूटी' और 'पिंक पैट्रोल' की भी व्यवस्था की जाएगी, जो महिलाओं की सुरक्षा के लिए सड़कों पर गश्त करेंगी। सभी पुलिस थानों में महिला बैरक स्थापित करने और सार्वजनिक स्थलों जैसे मॉल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, चिड़ियाघर आदि पर शिशुओं के लिए फीडिंग रूम्स बनाने के निर्देश दिए गए हैं। औद्योगिक क्षेत्रों में सेल्फ-हेल्प ग्रुप की महिलाओं के माध्यम से कैंटीन संचालित करने की भी योजना बनाई गई है।



लखनऊ-नोएडा में वर्किंग वूमेन हॉस्टल
कार्यरत महिलाओं की सुविधा के लिए लखनऊ और नोएडा में वर्किंग वूमेन हॉस्टल का निर्माण भी इस अभियान के अंतर्गत किया जाएगा। इसके अलावा, सभी कार्यस्थलों पर महिलाओं के लिए पृथक शौचालय और जहां महिलाएं कार्यरत हैं, वहां क्रेच की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

1090 चौराहे पर होगा वुमेन फेस्ट
बैठक में बताया गया कि महिलाओं में उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लखनऊ के 1090 चौराहे पर 'वुमेन फेस्ट' का आयोजन किया जाएगा। इस फेस्ट में महिलाएं और विभिन्न सेल्फ-हेल्प ग्रुप्स अपने उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री के लिए स्टॉल लगाएंगे। इसके साथ ही, कार्यक्रम में सांस्कृतिक संध्या, प्रेरणात्मक भाषण, स्वास्थ्य जांच शिविर, नुक्कड़ नाटक और अन्य जागरूकता गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।

विशेष अभियानों की योजना 
सरकार ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा और जागरूकता के लिए 90 दिनों के भीतर 9 विशेष अभियानों की योजना बनाई है। इन अभियानों के माध्यम से विभिन्न मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। ऑपरेशन गरुड़ साइबर अपराधों से निपटने के लिए है, जबकि ऑपरेशन शील्ड एसिड की अवैध बिक्री पर रोक लगाएगा। ऑपरेशन डेस्ट्रॉय अश्लील सामग्री की जांच और बरामदगी करेगा, और ऑपरेशन बचपन बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति और बाल विवाह के खिलाफ काम करेगा। ऑपरेशन खोज गुमशुदा बच्चों की खोज और पुनर्वास के लिए समर्पित है।  

असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई
महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऑपरेशन मजनू महिला स्कूलों और कॉलेजों के आसपास असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करेगा। ऑपरेशन नशा मुक्ति मादक पदार्थों के सेवन पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाया जाएगा, जबकि ऑपरेशन रक्षा अवैध स्पा सेंटरों और होटलों से मानव तस्करी के शिकार महिलाओं को बचाने पर केंद्रित होगा। अंत में, ऑपरेशन ईगल महिला अपराधों में वांछित अपराधियों और जेल से छूटे अपराधियों पर कार्रवाई करेगा। इन अभियानों के जरिए सरकार ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए आर्थिक अवसर प्रदान करने का भी लक्ष्य रखा है। बैठक में अपर मुख्य सचिव गृह दीपक कुमार, पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार, एडीजी एलओ अमिताभ यश, प्रमुख सचिव आईसीडीएस लीना जौहरी समेत संबंधित विभागों के अन्य अधिकारीगण आदि मौजूद थे।

Also Read

यूपी में 53 जिलों के एआरटीओ का वेतन रुका, इस मामले में हुई कार्रवाई

27 Sep 2024 10:12 PM

लखनऊ UP News : यूपी में 53 जिलों के एआरटीओ का वेतन रुका, इस मामले में हुई कार्रवाई

वर्तमान वित्तीय वर्ष में एक जुलाई से 31 अगस्त 2024 तक जुर्माना वसूलने का लक्ष्य पूरा न करने पर परिवहन आयुक्त चंद्र भूषण सिंह ने सख्त कार्रवाई की है। और पढ़ें