यूपी बनेगा औद्योगिक हब : 2027 तक 1.5 लाख एकड़ लैंडबैंक तैयार करने का लक्ष्य

2027 तक 1.5 लाख एकड़ लैंडबैंक तैयार करने का लक्ष्य
UPT | CM Yogi Adityanath

Oct 24, 2024 19:56

सरकार का लक्ष्य 2027 तक 1.5 लाख एकड़ से अधिक का लैंडबैंक तैयार करना है, जिससे औद्योगिक निवेश और विकास के लिए भूमि की कोई कमी न हो।

Oct 24, 2024 19:56

Lucknow News : उत्तर प्रदेश को औद्योगिक प्रदेश के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार ने तेजी से कदम बढ़ा दिए हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य 2027 तक 1.5 लाख एकड़ से अधिक का लैंडबैंक तैयार करना है, जिससे औद्योगिक निवेश और विकास के लिए भूमि की कोई कमी न हो। एक हालिया रिपोर्ट के अनुसार, सितंबर 2024 तक सरकार ने 54 हजार एकड़ भूमि का लैंडबैंक तैयार कर लिया है, जिसमें से 30-40 प्रतिशत भूमि औद्योगिक परियोजनाओं के लिए इस्तेमाल की जाएगी।
 
21,751 एकड़ भूमि का हुआ अधिग्रहण 
वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंत तक योगी सरकार ने 82 हजार एकड़ भूमि का लैंडबैंक तैयार करने का लक्ष्य रखा है। अब तक 21,751 एकड़ भूमि अधिग्रहित की जा चुकी है, जो औद्योगिक विस्तार के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। इसके अलावा, 5,811 एकड़ भूमि का विकास कर इसे उद्योगपतियों के लिए आवंटन के लिए तैयार कर दिया गया है।
 
निवेशकों को मिलेगा आसानी से भूमि 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औद्योगिक विकास प्राधिकरणों को निर्देश दिए हैं कि वे भूमि अधिग्रहण और आवंटन की प्रक्रिया को तेज करें, ताकि निवेशकों को बिना किसी कठिनाई के भूमि उपलब्ध कराई जा सके। सरकार को उम्मीद है कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंत तक 82 हजार एकड़ भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित हो जाएगी, जबकि वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य हासिल करने के लिए 60-80 हजार एकड़ भूमि की और आवश्यकता होगी।
 
औद्योगिक विकास के लिए बड़ा प्रयास 
नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे, कानपुर और लखनऊ जैसे प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। औद्योगिक विकास के लिए भूमि की उपलब्धता की चुनौती को ध्यान में रखते हुए सरकार लैंडबैंक के माध्यम से बड़े और छोटे, दोनों प्रकार के उद्योगों के लिए पर्याप्त भूमि उपलब्ध करा रही है।
 
निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल 
सरकार ने राज्य में निवेशकों को आकर्षित करने के लिए आधारभूत संरचना, बेहतर सड़क, बिजली, जल आपूर्ति और संचार सुविधाओं पर जोर दिया है। औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है, जिससे निवेशकों के लिए उत्तर प्रदेश एक आकर्षक गंतव्य बन रहा है।
 
राज्य की अर्थव्यवस्था में हो रही है प्रगति
सरकार की विभिन्न नीतियों और योजनाओं से उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। हाल के वर्षों में सूचना प्रौद्योगिकी, विनिर्माण, खाद्य प्रसंस्करण और ऊर्जा क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। इन क्षेत्रों में हो रहे निवेशों से न केवल राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है, बल्कि लाखों लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न हो रहे हैं।
 

Also Read

मुख्य अभियुक्त पप्पू सिंह और श्यामलाल यादव को आजीवन कारावास की सजा, 2016 में दिनदहाड़े मारी थी गोली

25 Oct 2024 12:27 AM

लखनऊ लखनऊ डीआरएम ऑफिस मर्डर केस : मुख्य अभियुक्त पप्पू सिंह और श्यामलाल यादव को आजीवन कारावास की सजा, 2016 में दिनदहाड़े मारी थी गोली

लखनऊ के डीआरएम ऑफिस में ठेकेदार आशीष पांडे उर्फ नाटू की हत्या के मामले में मुख्य अभियुक्त पप्पू सिंह उर्फ कमल किशोर सिंह और श्यामलाल यादव को अदालत ने दोषी ठहराया है। और पढ़ें