गाजियाबाद निगम बोर्ड बैठक : डीएम सर्किल रेट का प्रस्ताव खारिज, शहर के विकास को 1795 बजट

डीएम सर्किल रेट का प्रस्ताव खारिज, शहर के विकास को 1795 बजट
UPT |

Oct 10, 2024 10:54

बोर्ड बैठक में तय हुआ कि दीपावली से पहले शहर में सभी खंभों पर लाइटें लगवा दी जाए। इसके अलावा सभी वार्डो में रूके हुए  विकास कार्य भी शुरू किए जाएंगे।

Oct 10, 2024 10:54

Short Highlights
  • नगर निगम बोर्ड की बैठक में हुआ निर्णय
  • आय व्यय को लेकर बजट पर हुई चर्चा
  • बोर्ड बैठक में पार्षदों ने कई बार किया हंगामा
Ghaziabad Nagar Nigam Board Meeting : गाजियाबाद नगर निगम बोर्ड बैठक का अयोजन हुआ। निगम बोर्ड बैठक में सबसे पहले निर्णय लिया गया कि डीएम सर्किल रेट के हिसाब से टैक्स वसूली नहीं की जाएगी। इसका समर्थन निगम बोर्ड बैठक में उपस्थित सभी पार्षदों ने किया और डीएम सर्किल रेट से टैक्स वसूली का प्रस्ताव एक सुर में खारिज कर दिया गया।

अध्यक्षता महापौर सुनीता दयाल ने की
नगर निगम बोर्ड बैठक की अध्यक्षता महापौर सुनीता दयाल ने की। बैठक की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, विधायक अजीत पाल त्यागी और नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक उपस्थित रहे। बोर्ड बैठक में सबसे पहले पार्षदों ने एक सुर में डीएम सर्किल रेट से टैक्स वसूली का विरोध किया। बोर्ड बैठक में पार्षदों ने कहा कि ये कहीं से कहीं तक जनता के हित में नहीं है। इसके बाद सदन में सर्वसम्मति से डीएम सर्किल रेट से  टैक्स वसूली ना लागू करने का फैसला लिया गया। पार्षदों ने इस दौरान कहीं अधिक तो कहीं पर कम टैक्स लगाए जाने को लेकर हंगामा भी किया। यूजर चार्ज लगाए जाने का पार्षदों ने विरोध किया।

नगर निगम जोनल चेयरमैन बनाए जाने के लिए कमेटी का गठन
बोर्ड बैठक में विनय चौधरी ने नगर निगम जोनल चेयरमैन बनाए जाने का मामला जोरशोर से उठाया। उन्होंने कहा कि इसके लिए कमेटी का गठन होना चाहिए। बैठक के दूसरे चरण में वर्ष 2024—25 के मूल बजट को लेकर चर्चा की गई।

पार्षद ने मेयर से पूछा जो कर चोरी पकड़ी उसका क्या लाभ
बोर्ड बैठक में एक पार्षद ने महापौर से पूछा कि हाल के दिनों में उन्होंने कई मॉल और बड़े प्रतिष्ठानों पर छापे मारकर कर चोरी पकड़ी है। इसका निगम को क्या लाभ होगा। इस पर महापौर ने कहा कि इससे निगम को आय होगी। उन्होंने कहा कि अधिकारियों से कहा गया है कि जो भी कर लगाए वो इमानदारी से लगाए। जिससे कि निगम की आय में वृद्धि हो सके। निगम बोर्ड बैठक में जिम, ब्यूटी पार्लर, कोचिंग सेंटर, सीए कार्यालय, स्पा सेंटर, सामान्य ज्वेलरी शोरूम पर लगाए जाने वाले कर पर भी चर्चा की गई।

नगर आयुक्त ने कहा शासन को जाएगी रिपोर्ट
बोर्ड बैठक में डीएम सर्किल रेट टैक्स वसूली का प्रस्ताव वापस लिए जाने से लोगों को राहत मिली है। अब पुरानी दर पर ही कर वसूली होगी। इस बारे में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि इसकी रिपोर्ट मिनट्स के साथ शासन को भेजी जाएगी।

अभी तक 2.41 पैसे वर्गफुट से टैक्स वसूली
नगर निगम क्षेत्र अंतगर्त आने वाले सभी भवनों में अभी 2.41 पैसे वर्गफुट के हिसाब से टैक्स की वसूली होती है। डीएम सर्किल रेट के हिसाब से टैक्स बढ़ाने के लिए करीब छह महीने पहले नगर आयुक्त ने शासन को पत्र लिखकर अनुमति मांगी थी। अनुमति मिलने के बाद निगम अधिकारियों ने टैक्स की दर बढ़ाकर करीब 4 रुपये वर्ग फुट का प्रस्ताव सदन में रखा था। जिसका विरोध शुरू हो गया था। सभी पार्षदों ने महापौर सुनीता दयाल के साथ इसका विरोध किया था। महापौर ने कहा कि वो डीएम सर्किल रेट के हिसाब से टैक्स वसूली नहीं होने देंगी। पिछले छह माह से इस पर घमासान मचा हुआ है। बुधवार को निगम बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से खारिज कर दिया। माना जा रहा है कि आगामी उप चुनाव को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

47 प्रस्ताव में 46 पास
बोर्ड बैठक सुबह साढ़े 11 बजे शुरू हुई। पांच घंटे तक चली बोर्ड बैठक में कुल 47 प्रस्ताव रखे गए। जिसमें से 46 प्रस्ताव पास कर दिए गए। कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने निगम की आय बढ़ाने के सुझाव बोर्ड बैठक में दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम और शहर हित मे शासन स्तर से वह हर सम्भव प्रयास करेंगे।

बोर्ड बैठक में इन प्रमुख प्रस्तावों पर सहमति
बोर्ड बैठक में जिन प्रमुख प्रस्तावों पर सहमति बनी उनमें उपवन नीति के तहत शहर के पार्कों का विकास किया जाएगा। वार्डो में मियावाकी पद्धति से पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए पार्षदों को अपने वार्ड में जमीन की व्यवस्था करनी होगी। पार्कों में ओपन जिम व अन्य सुविधाएं विकसित की जाएंगी। ट्रेड लाइसेंस शुल्क लागू करने के प्रस्ताव पर सदन की ओर से कमेटी गठित कर रेट तय करने को निगम बोर्ड ने मंजूरी दी है। इस कमेटी में पांच पार्षद रखे जाएंगे। इस कमेटी की रिपोर्ट के बाद दरों को तय किया जाएगा।

शहर के विकास के लिए 1795 करोड़ से अधिक
निगम बोर्ड बैठक में शहर के विकास के लिए इस वित्तीय वर्ष में 1795 करोड़ से अधिक खर्च करने का प्रस्ताव रखा गया है। बोर्ड बैठक आय-व्यय का प्रस्ताव सदन में सबकी सहमति से पास किया गया। इसके अलावा 2024-25 में शहर के विकास पर नगर निगम 1795 करोड़ 42 लाख 60,000 रुपए खर्च करेगा। इसके अलावा विभिन्न मदों से हो रही आय का लक्ष्य 159,213 करोड़ रुपये रखा गया है। विभागों के लिए व्यय का बजट निर्धारित कर दिया गया है।

दीपावली से पहले लगेगी खंभों पर लाइटें
बोर्ड बैठक में शहर के विकास के लिए रखे गए सभी प्रस्ताव पास कर दिए गए हैं। इसके अलावा डीएम सर्किल रेट से सपंत्तिकर की वसूली का प्रस्ताव खारिज किया गया। बोर्ड बैठक में तय हुआ कि दीपावली से पहले शहर में सभी खंभों पर लाइटें लगवा दी जाए। इसके अलावा सभी वार्डो में रूके हुए  विकास कार्य भी शुरू किए जाएंगे।

Also Read

15 वर्षीय लड़की 12 साल के लड़के के साथ फिर हुई फरार, पहले भी दो बार भागी

10 Oct 2024 12:44 PM

गौतमबुद्ध नगर प्रेम-प्रसंग का अनोखा मामला : 15 वर्षीय लड़की 12 साल के लड़के के साथ फिर हुई फरार, पहले भी दो बार भागी

नोएडा में प्रेम-प्रसंग का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां 15 वर्षीय एक लड़की अपने साथ पड़ोसी 12 वर्षीय लड़के को लेकर फरार हो गई। पहले भी दो बार चुकी है। और पढ़ें