IPL-2024 : पंजाब किंग्स ने की जीत के साथ शुरुआत, ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स को 4 विकेट से हराया

पंजाब किंग्स ने की जीत के साथ शुरुआत, ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स को 4 विकेट से हराया
UPT | पंजाब के सैम कुरियन और लियाम लिविंगस्टोन ने शानदार पारी खेली। फोटो-क्रिकइंफो

Mar 23, 2024 20:46

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 174 रन बनाए थे। जवाब में पंजाब किंग्स ने 19.2 ओवर में छह विकेट गंवाकर जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया।

Mar 23, 2024 20:46

Short Highlights
  • करीब 15 महीने के बाद ऋषभ पंत ने की मैदान में वापसी, 13 गेंदों पर बनाए 18 रन
  • पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 174 रन बनाए 
  • जवाब में पंजाब किंग्स ने 19.2 ओवर में छह विकेट गंवाकर जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया
  • सैम करन (63 रन)ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली जबकि लियाम लिविंगस्टोन ने नाबाद 38 रन बनाए
New Delhi News : इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दूसरे मैच में पंजाब किंग्स (PBKS) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 4 विकेट से हरा दिया। चंडीगढ़ के महाराजा यदविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 174 रन बनाए थे।

लिविंगस्टोन ने लगाया विजयी छक्का
जवाब में पंजाब किंग्स ने 19.2 ओवर में छह विकेट गंवाकर जीत लक्ष्य हासिल कर लिया। सैम करन (47 गेंदों में 63 रन, 6 चौके और 1 छक्का)ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। लियाम लिविंगस्टोन ने 21 गेंद में दो चौके और तीन छक्के की मदद से 38 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने आखिरी ओवर के दूसरी गेंद पर छक्का लगाकर मैच खत्म किया। पंजाब ने आईपीएल के 17वें सीजन का आगाज जीत के साथ किया, जबकि ऋषभ पंत की अगुआई में दिल्ली को हार से शुरुआत मिली है। इस जीत के साथ पंजाब अंक तालिका में दूसरे स्थान पर आ गया है। उसके दो अंक हैं। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स दो अंक और बेहतर नेट रन रेट के साथ पहले स्थान पर है। 

अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाई दिल्ली
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत ठीक रही। डेविड वॉर्नर और मिचेल मार्श ने 39 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी को अर्शदीप सिंह ने तोड़ा। उन्होंने मार्श को राहुल चाहर के हाथों कैच कराया। मार्श ने 12 गेंद में दो चौके और दो छक्के की मदद से 20 रन बनाए। इसके बाद वॉर्नर ने शाई होप के साथ दूसरे विकेट के लिए 35 रन की साझेदारी की। वॉर्नर 21 गेंद में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 29 रन बनाकर आउट हुए। होप ने 25 गेंद में दो चौके और दो छक्के की मदद से 33 रन की पारी खेली। वहीं, 15 महीने बाद वापसी कर रहे पंत 13 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हुए। फिर रिकी भुई तीन रन, ट्रिस्टन स्टब्स पांच रन और सुमित कुमार दो रन बनाकर आउट हुए। अक्षर पटेल ने 13 गेंद में 21 रन की पारी खेली। दिल्ली ने 147 रन पर आठ विकेट गंवा दिए थे। 

दिल्ली के अभिषेक पोरेल ने खेली तूफानी पारी
दिल्ली के इम्पैक्ट खिलाड़ी अभिषेक पोरेल की तूफानी पारी से दिल्ली 174 रन के स्कोर तक पहुंच सका। हालांकि उन्हें शुरुआती प्लेइंग 11 में उन्हें चुना नहीं गया था। बाद में वह बतौर इंपैक्ट प्लेयर मैदान पर पहुंचे। दरअसल 138 रन के स्कोर पर दिल्ली के सात विकेट गिर चुके थे। ऐसे में टीम को एक मजबूत पारी की आवश्यकता थी। ऐसे में कप्तान ऋषभ पंत ने अभिषेक पोरेल पर भरोसा जताया। उन्होंने मैदान पर पहुंचते ही चौकों और छक्कों की बारिश शुरू कर दी। 21 वर्षीय इस बल्लेबाज ने 10 गेंदों पर नाबाद 32 रन बनाए। इस तूफानी पारी के दौरान उन्होंने 320 के स्ट्राइक रेट से चार चौके और दो गगनचुंबी छक्के लगाए। 

अभिषेक ने हर्षल पटेल के आखिरी ओवर में बटोरे 25 रन
दिल्ली की पारी के आखिरी ओवर में अभिषेक पोरेल ने हर्षल पटेल की खूब क्लास ली। उन्होंने गेंदबाज को निशाना बनाते हुए इस ओवर में 25 रन बटोरे। उन्होंने ओवर की पहली गेंद पर दमदार चौका जड़ा। इसके बाद दूसरी गेंद पर छक्का मारा। यह सिलसिला यहीं नहीं रुका, पोरेल ने तीसरी और चौथी गेंद पर जोरदार चौके लगाए जबकि पांचवीं गेंद पर एक और छक्का ठोक दिया। इस ओवर की आखिरी गेंद पर उन्हें एक रन मिला। इस मुकाबले में हर्षल पटेल को दो विकेट मिले। उन्होंने डेविड वॉर्नर और ऋषभ पंत को अपना शिकार बनाया। 19वें ओवर तक दिल्ली का स्कोर आठ विकेट पर 149 रन था और पोरेल की धमाकेदार बल्लेबाजी की मदद से टीम 174 रन तक पहुंच गई। जाब की ओर से अर्शदीप और हर्षल ने दो-दो विकेट लिए। वहीं, रबाडा, हरप्रीत और राहुल चाहर को एक-एक विकेट मिला।

पंजाब किंग्स की तेज शुरुआत
175 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स ने तेज शुरुआत की। पहले विकेट के लिए कप्तान शिखर धवन और जॉनी बेयरस्टो ने 34 रन जोड़े। 34 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा। ईशांत शर्मा ने कप्तान शिखर धवन को क्लीन बोल्ड किया। वह 22 रन बना सके। वहीं, जॉनी बेयरस्टो नौ रन बनाकर रन आउट हुए। प्रभसिमरन सिंह 26 रन बनाकर आउट हुए। जितेश शर्मा कुछ खास नहीं कर सके और नौ रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सैम करन और लियाम लिविंगस्टोन ने पांचवें विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी निभाई। करन ने आईपीएल करियर का चौथा अर्धशतक जड़ा।

वॉर्नर ने कैच छोड़ दिल्ली को जीत से कर दिया दूर
इस साझेदारी को खलील ने तोड़ा। उन्होंने 19वें ओवर की तीसरी गेंद पर करन को क्लीन बोल्ड किया। करन ने 47 गेंद में छह चौके और एक छक्के की मदद से 63 रन की पारी खेली। अगली ही गेंद पर खलील ने शशांक सिंह को विकेटकीपर पंत के हाथों कैच कराया। ओवर की आखिरी गेंद पर हरप्रीत बराड़ ने कैच उठाया, लेकिन वॉर्नर कैच मिस कर गए। इससे पहले ट्रिस्टन स्टब्स ने भी करन का एक आसान कैच छोड़ा था। उनके हाथ से गेंद छूट गई और मैच भी फिसल गया। आखिरी ओवर में पंजाब को जीत के छह रन की जरूरत थी। डेब्यू करने वाले सुमित गेंदबाजी के लिए आए और शुरू में दो वाइड फेंके। पहली गेंद पर लिविंगस्टोन कोई शॉट नहीं लगा सके, लेकिन दूसरी गेंद पर छक्का लगातर पंजाब टीम को जीत दिलाई। दिल्ली की ओर से खलील और कुलदीप ने दो-दो विकेट झटके। वहीं, ईशांत को एक विकेट मिला। 454 दिन बाद मैदान पर उतरे ऋषभ पंत
आईपीएल के दूसरे मैच में दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करते हुए ऋषभ पंत ने 454 दिन बाद मैदान पर वापसी की। साल 2022 दिसंबर में पंत कार एक्सीडेंट का शिकार हुए थे। उसके बाद से वह क्रिकेट मैदान से दूर चल रहे थे। पंजाब किंग्स के खिलाफ उन्होंने 13 गेंदों में 18 रन बनाए, जिसमें दो चौके शामिल थे। 
 

Also Read

फर्जी हैं यूपी की ये यूनिवर्सिटीज, एडमिशन लेने से पहले जान लें ये जरूरी बातें

8 Jul 2024 04:34 PM

नेशनल UP Fake University List : फर्जी हैं यूपी की ये यूनिवर्सिटीज, एडमिशन लेने से पहले जान लें ये जरूरी बातें

देशभर में कई ऐसी फर्जी यूनिवर्सिटी चलाई जा रही हैं, जो यूजीसी के मानकों के खिलाफ ऑपरेट हो रही हैं। उत्तर प्रदेश की किसी यूनिवर्सिटी में एडमिशन लेने की सोच रहें है तो एक बार यूजीसी की वेबसाइट ugc.gov.in पर दर्ज फेक यूनिवर्सिटी लिस्ट 2024 जरूर देख लें। और पढ़ें