प्रयागराज महाकुंभ 2025 : मेले में पर्यटक ले सकेंगे सारी जानकारी, 40 स्थानों पर बनाए जाएंगे सूचना केंद्र

मेले में पर्यटक ले सकेंगे सारी जानकारी, 40 स्थानों पर बनाए जाएंगे सूचना केंद्र
UPT | प्रयागराज महाकुंभ 2025

Oct 14, 2024 19:11

यूनेस्को ने इसे 'मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत' के रूप में मान्यता दी है। अब, सभी की नजरें 2025 के महाकुंभ पर टिकी हुई हैं, जिसमें 41 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आने की उम्मीद है...

Oct 14, 2024 19:11

Short Highlights
  • महाकुंभ की तैयारी में लगी योगी सरकार
  • 40 स्थानों पर अस्थाई पर्यटन सूचना केंद्र बनाने की योजना
  • हिंदी और अंग्रेजी में ले सकेंगे सारी जानकारी
Prayagraj News : प्रयागराज में आयोजित 2019 का कुंभ मेला, योगी सरकार के प्रयासों का एक सफल उदाहरण रहा है, जिसे वैश्विक स्तर पर सराहा गया। यह आयोजन न केवल दिव्य और भव्य था, बल्कि इसकी स्वच्छता ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया। यूनेस्को ने इसे 'मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत' के रूप में मान्यता दी है। ऐसे में अब, सभी की नजरें 2025 के महाकुंभ पर टिकी हुई हैं, जिसमें 41 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आने की उम्मीद है।

मेला क्षेत्र के बाहर स्थापित होंगे अस्थाई पर्यटन केंद्र
महाकुंभ के आयोजन को सुगम बनाने के लिए पर्यटन विभाग ने कुंभ मेला क्षेत्र के बाहर 10 अस्थाई पर्यटन सूचना केंद्र स्थापित करने की योजना बनाई है। यह कदम विशेष रूप से उन पर्यटकों के लिए है जो शहर और कुंभ क्षेत्र में पर्यटन से संबंधित जानकारी प्राप्त करना चाहते हैं। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अपराजिता सिंह ने बताया कि इन केंद्रों को शहर के सभी प्रमुख रेलवे और बस स्टेशनों पर स्थापित किया जाएगा। इसके लिए ई-निविदा के माध्यम से एजेंसी का चयन किया जा रहा है।



पर्यटकों को मिलेंगी ये सुविधाएं
जानकारी के अनुसार, इन सूचना केंद्रों में पर्यटकों को कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां प्रयागराज के प्रमुख पर्यटन स्थलों की जानकारी हिंदी और अंग्रेजी दोनों में दी जाएगी, साथ ही डिजिटल प्रारूप में भी यह जानकारी उपलब्ध होगी। इसके अलावा, पर्यटकों को टूरिज्म से संबंधित जानकारियों के लिए एक गाइड बुक और प्रशिक्षित गाइडों की सूची भी मिलेगी। रजिस्टर्ड पेइंग गेस्ट हाउस और टेंट सिटीज की जानकारी भी इन केंद्रों पर उपलब्ध रहेगी।

मेला क्षेत्र के अंदर होंगे 30 सूचना केंद्र
इसके अलावा, कुंभ मेला क्षेत्र के अंदर भी 30 अस्थाई पर्यटन सूचना केंद्र बनाए जाने की योजना है। अगर पर्यटक रेलवे या बस स्टेशनों पर आवश्यक जानकारी नहीं ले पाते हैं, तो उन्हें मेला क्षेत्र में भी सहायता मिल सकेगी। ये केंद्र प्रत्येक थीमेटिक गेट के पिलर के पास स्थापित किए जाएंगे, जहां एक कर्मचारी पर्यटकों को कुंभ मेला और प्रयागराज के अन्य पर्यटन स्थलों के बारे में जानकारी प्रदान करेगा।

श्रद्धालुओं को मिलेगा बेहतर अनुभव
इन केंद्रों का संचालन न केवल पर्यटकों की सहायता के लिए होगा, बल्कि कर्मचारियों को थीमेटिक गेट का रखरखाव करने की जिम्मेदारी भी दी जाएगी। ऐसे में महाकुंभ मेला 2025 की तैयारियों में पर्यटन विभाग की इस पहल से प्रशासन श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

ये भी पढ़ें- महाकुंभ 2025 में नई पहल : श्रद्धालुओं के लिए बनेगा 'नेत्र कुंभ', जांच से लेकर मोतियाबिंद सर्जरी तक की मुफ्त सुविधा

Also Read