भारी बारिश ने खोली स्मार्ट सिटी दावों की पोल : जलभराव से तालाब बनीं सड़कें, महाकुंभ पर पड़ सकता है असर

जलभराव से तालाब बनीं सड़कें, महाकुंभ पर पड़ सकता है असर
UPT | सड़क पर जल भराव के बाद आते-जाते लोग

Sep 28, 2024 17:45

सुबह से हो रही बारिश के चलते कई इलाकों में जल भराव की समस्या खड़ी हो गई। नगर निगम के अधिकारियों का ड्रेनेज सिस्टम सही होने का दावा पूरी तरह से फेल साबित हुआ है...

Sep 28, 2024 17:45

Short Highlights
  • शनिवार को सुबह से तेज बारिश का दौर जारी
  • निरंजन डाट पुल के नीचे पानी भरने से यातायात ठप
  • खेत में खड़ी फसलों को भारी नुकसान
Prayagraj News : संगम नगरी प्रयागराज में शनिवार को हुई जोरदार बारिश ने नगर निगम के स्मार्ट सिटी के दावों की पोल खोल कर रख दी है।‌ सुबह से हो रही बारिश के चलते कई इलाकों में जल भराव की समस्या खड़ी हो गई। नगर निगम के अधिकारियों का ड्रेनेज सिस्टम सही होने का दावा पूरी तरह से फेल साबित हुआ है।

गाड़ियों के पहिए एक फीट तक पानी में डूबे
बारिश के दौरान, शहर के सबसे पॉश इलाके सिविल लाइन के सर्विस लेन में जगह-जगह जल भराव हो गया। सर्विस लेन में खड़ी गाड़ियों के पहिए एक फीट तक पानी में डूब गए। इसके अलावा प्रयागराज जंक्शन स्टेशन के बाहर सिटी साइड में भी सड़कें बारिश के पानी से लबालब होकर तालाब सी नजर आने लगीं। बारिश और जल भराव के चलते लोगों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। लोग सड़कों पर हुए जल भराव के बीच आवागमन करते नजर आए। 



निरंजन डाट पुल के नीचे भरा पानी
वहीं सिविल लाइन को पुराने शहर चौक से जोड़ने वाले निरंजन डाट पुल के नीचे भी पानी भर गया। जिससे यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश ने शनिवार को अपना रौद्र रूप दिखाया है। सुबह से ही रिमझिम बारिश की शुरुआत हो रही थी। लेकिन दोपहर बाद हुई तेज बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी। बारिश के चलते दफ्तर से निकलकर घर जाने वाले लोगों को भी खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। 

किसानों की फसल का बुरा हाल
बारिश के चलते खेतों में खड़ी फसल को भी काफी नुकसान हुआ है। सबसे बड़ी बात यह है कि प्रदेश के कई जिलों में हो रही बारिश से एक बार फिर से गंगा और यमुना नदियों का जलस्तर बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। जिससे जनवरी 2025 में संगम की धरती पर आयोजित होने वाले महाकुंभ के कार्य और पिछड़ सकते हैं। हालांकि दूसरी ओर बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है। जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से भी राहत मिली है। लोग भी बेमौसम बारिश का लुफ्त उठाते हुए नजर आ रहे हैं।

ये भी पढ़ें- स्वास्थ्य विभाग बनाम झोलाछाप : टीम की वीडियोग्राफी कर व्हाट्सऐप पर फैलाई जा रही थी सूचना, दो गिरफ्तार

Also Read