ब्रज में पर्यटन सुविधाओं के विकास पर जोर : 120 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं पर चल रहा है काम

120 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं पर चल रहा है काम
UPT | बैठक लेते गन्ना विकास मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण।

Oct 11, 2024 20:16

बृज में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बृज तीर्थ विकास परिषद 120 करोड़ की परियोजनाओं पर काम कर रहा है, जिससे आने वाले समय मे बृज के विकास की नई तस्वीर सामने आएगी। स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों को भी सुविधाएं मिलेंगी।

Oct 11, 2024 20:16

Mathura News : उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद इस वित्तीय वर्ष में 120 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न परियोजनाओं पर काम कर रहा है। इन परियोजनाओं में 30 प्रतिशत राशि नई योजनाओं के लिए निर्धारित की गई है, जबकि 70 प्रतिशत राशि वर्तमान में क्रियान्वित हो रही योजनाओं पर खर्च की जा रही है। इसका उद्देश्य मथुरा जनपद के तीर्थ क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं को उन्नत करना और पौराणिक महत्व को बनाए रखना है। यह जानकारी उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने एक बैठक में जनप्रतिनिधियों को दी। 


बैठक में पर्यटन विकास पर हुआ विशेष मंथन
शुक्रवार को उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के कार्यालय सभागार में गन्ना विकास मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, और नगर आयुक्त शशांक चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। बैठक में परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि परिषद का मुख्य उद्देश्य पर्यटन सुविधाओं का विकास करने के साथ-साथ ब्रज के प्राचीन स्वरूप और संस्कृति को पुनर्जीवित करना है। इसके लिए कृष्णकालीन 37 वन विकसित किए जा रहे हैं, जो इस क्षेत्र की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को संरक्षित करेंगे।

वृंदावन में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार
सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इच्छा के अनुसार वृंदावन और अन्य स्थलों पर अतिरिक्त पर्यटक सुविधा केंद्र (टीएफसी) और मल्टी-लेवल कार पार्किंग स्थल बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा, गोकुल से वृंदावन के बीच तीर्थ यात्रियों की सुविधा के लिए यमुना नदी पर जलमार्ग से क्रूज सेवा शुरू की जाएगी। इस परियोजना के पहले चरण में यमुना किनारे आठ स्टेशन बनाए जा रहे हैं, जिसका संचालन भारत सरकार द्वारा किया जा रहा है।

वृंदावन में तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए वर्तमान टीएफसी का विस्तार किया जा रहा है। इसके साथ ही, बरसाना के राधा बिहारी इंटर कॉलेज की जमीन पर 300 लोगों के लिए डोरमेट्री सुविधा वाला एक नया टीएफसी निर्माणाधीन है। इसके अलावा, वृंदावन में 10 हेक्टेयर जमीन पर मल्टी-लेवल कार पार्किंग और टीएफसी बनाया जा रहा है, जिससे वृंदावन में बढ़ते ट्रैफिक को नियंत्रित किया जा सके। यहां पर सस्पेंशन पुल बनाने की भी योजना है, जहां से तीर्थयात्री इलेक्ट्रिक वाहनों के माध्यम से यमुना पार कर बिहारी जी के दर्शन कर सकेंगे।

स्वामी हरिदास ऑडिटोरियम का नामकरण
गन्ना मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी के सुझाव पर वृंदावन में बन रहे ऑडिटोरियम का नाम 'स्वामी हरिदास ऑडिटोरियम' रखा गया। इसके साथ ही, कैबिनेट मंत्री ने परिषद के बजट को और बढ़ाने का अनुरोध किया, ताकि ब्रज क्षेत्र में और अधिक सुविधाएं विकसित की जा सकें।

जनप्रतिनिधियों के सुझाव और प्रस्ताव
बैठक में राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह, विधायक पूरन प्रकाश, राजेश चौधरी, ठाकुर मेघ श्याम सिंह, और ठा ओम प्रकाश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने सुझाव और नए प्रस्ताव दिए। साथ ही, नगर पालिका और नगर पंचायतों के अध्यक्षों ने भी अपने विचार साझा किए।

उपस्थित अधिकारी
इस बैठक में उप कार्यपालक अधिकारी सतीश चंद्र, डीएफओ रजनीकांत मित्तल, मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता प्रशांत गौतम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। ब्रज क्षेत्र में हो रहे इन परियोजनाओं का उद्देश्य न केवल पर्यटकों के लिए सुविधाओं को उन्नत करना है, बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित रखना भी है। इसके साथ ही, यह क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। 

Also Read